प्रेरणादायी कार्यशाला का हुआ आयोजन

संस्थाएं

भुवनेश्वर।

प्रेरणादायी कार्यशाला का हुआ आयोजन

तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर द्वारा 'Think Different Workshop 3' के अंतर्गत 'Will I Be What I Am Meant To Be?' विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन तेरापंथ भवन में मुनि मोहजीत कुमार जी आदि ठाणा 3 के पावन सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। मुख्य वक्ता मुनि जयेश कुमार जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं अपने भविष्य का निर्माता है। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, विचार सकारात्मक हों और निरंतर आत्मविकास का प्रयास किया जाए, तो प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अनेक जीवन सूत्रों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सबसे पहले व्यक्ति को सकारात्मक एवं रचनात्मक सोच विकसित करनी चाहिए। जीवन में आगे बढ़ने के लिए जिज्ञासा के साथ प्रश्न पूछने का साहस होना आवश्यक है, क्योंकि प्रश्न ही ज्ञान और विवेक के द्वार खोलते हैं। निरंतर सीखने, स्वयं को बेहतर बनाने और अपनी क्षमताओं का विकास करने की भावना ही व्यक्तित्व विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि अपने श्रेष्ठ आचरण, संस्कार और कार्यों से दूसरों को प्रेरित करना ही सच्ची सफलता है। अंततः उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे केवल अनुयायी न बनें, बल्कि अपने चरित्र, सेवा, संस्कार और नेतृत्व क्षमता के बल पर समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी नेतृत्व प्रदान करें। कार्यशाला के दौरान जिज्ञासा समाधान सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित युवाओं एवं किशोरों ने जीवन, लक्ष्य, करियर, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। मुनि जयेश कुमार जी ने सभी जिज्ञासाओं का सरल, व्यावहारिक एवं प्रेरणादायी समाधान प्रदान किया।