श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा एवं तेरापंथ युवक परिषद के समाचार

संस्थाएं

साउथ कोलकाता

श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा एवं तेरापंथ युवक परिषद के समाचार

युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि जिनेश कुमार जी ठाणा-3 के सानिध्य में बृहत्तर कोलकाता की 8 तेरापंथ युवक परिषदों के नवमनोनीत अध्यक्षों, प्रबंधमंडल, कार्यकारिणी एवं क्षेत्र सहयोगी टीमों का सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह तेरापंथ भवन, पोद्दोपुकुर (साउथ कोलकाता) में भव्यता एवं गरिमामय वातावरण के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन तेरापंथ युवक परिषद्, साउथ कोलकाता द्वारा किया गया। समारोह में साउथ कोलकाता, साउथ हावड़ा, उत्तर हावड़ा, कोलकाता मेन, टॉलीगंज, लिलुआ, बेहाला एवं हिन्दमोटर परिषदों की नवमनोनीत टीमों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुनिश्री के नमस्कार महामंत्रोच्चार से हुआ। मंगलाचरण बृहत्तर कोलकाता की परिषदों के मनोनीत एवं निवर्तमान अध्यक्षों द्वारा विजय गीत के संगान से किया गया। स्वागत वक्तव्य तेयुप साउथ कोलकाता के निवर्तमान अध्यक्ष अंकित दुगड़ ने प्रस्तुत किया। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के पूर्व अध्यक्ष रतन दुगड़ ने सभी नवमनोनीत अध्यक्षों एवं उनकी टीमों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा संगठनात्मक दायित्वों के सफल निर्वहन हेतु प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। अपने प्रेरक उद्बोधन में मुनि श्री जिनेश कुमार जी ने कहा कि युवा राष्ट्र की अमूल्य संपदा एवं परिवर्तन के संवाहक हैं। उन्होंने कहा कि पद ग्रहण करना मात्र एक व्यवस्था है, जबकि सेवा भाव से दायित्व निभाना वास्तविक धर्म है। उन्होंने नवमनोनीत पदाधिकारियों को संदेश दिया कि वे अपने पद को भार नहीं बल्कि उपहार समझें तथा उत्साह, निष्ठा, समर्पण एवं सेवा भावना के साथ संगठन के तीन प्रमुख आयाम — सेवा, संस्कार एवं संगठन — को सशक्त बनाने हेतु कार्य करें। अभातेयुप के उपाध्यक्ष प्रथम अनंत बागरेचा ने सभी परिषदों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए योगक्षेम वर्ष के अवसर पर लाडनूं में सेवा, उपासना एवं प्रशिक्षण के स्वर्णिम अवसर का लाभ लेने का आह्वान किया। साउथ कोलकाता सभा के अध्यक्ष राजेन्द्र भूतोड़िया ने भी अपने मंगल उद्गार व्यक्त किए। इस अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद्, साउथ कोलकाता के नवमनोनीत अध्यक्ष प्रशांत श्यामसुखा ने सभी परिषदों की नवगठित टीमों को शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक एकता एवं सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान विभिन्न परिषदों के अध्यक्षों ने अपनी-अपनी नवमनोनीत टीमों की घोषणा की। साथ ही श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, सॉल्टलेक के अध्यक्ष जयसिंह डागा एवं उनकी टीम का भी शपथ ग्रहण सम्पन्न हुआ।