संस्थाएं
'मन की बात' का श्रवण एवं सम्मान समारोह
तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर द्वारा स्थानीय तेरापंथ भवन में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण एवं सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 400 से अधिक लोगों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में अपराजिता सारंगी (सांसद, भुवनेश्वर), धरित्री जेना (पार्षद, वार्ड नं. 33), सुरेश कुमार जेना (मंडल अध्यक्ष), रुद्र नारायण सामंतराय (सदस्य, भाजपा ओडिशा) तथा सुजीत कुमार (राज्यसभा सांसद, भारतीय जनता पार्टी) उपस्थित रहे। इस अवसर पर तेरापंथ समाज की विभिन्न क्षेत्रों में दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए समाज के समर्पित सदस्यों एवं संस्थाओं को माननीय सांसद द्वारा सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शामिल रहे— सिंघी चैरिटेबल ट्रस्ट – जैन लाइब्रेरी के माध्यम से वर्ष 2016 से संचालित सेवा कार्यों एवं पिछले 20 वर्षों से पुस्तकालय विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए। प्रताप सिंघी – जैन लाइब्रेरी एवं समाज सेवा के क्षेत्र में दीर्घकालीन योगदान के लिए। नयन तारा सुखानी – तेरापंथ ज्ञानशाला की प्रमुख के रूप में लगभग 20 वर्षों से सतत एवं समर्पित सेवा के लिए। मनसुखलाल सेठिया – तेरापंथ सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्ववर्ती महासभा अध्यक्ष के रूप में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए। साथ ही तेरापंथ सभा, भुवनेश्वर एवं तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर को भी समाज एवं संगठन के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अवसर पर तेरापंथ सभा एवं तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर की ओर से सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में मुनि मोहजीत कुमार जी आदि ठाणा 3 का प्रेरणादायी उद्बोधन भी हुआ। अपने संबोधन में आपने सेवा, संस्कार, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को समाज एवं राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान की। मुख्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा मुनिवृंद के श्रीचरणों में श्रद्धासिक्त वंदना अर्पित की। उन्होंने तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर द्वारा आयोजित इस प्रेरणादायी कार्यक्रम की सराहना करते हुए परिषद् के प्रति आभार एवं शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।