संस्थाएं
श्री उत्सव–2026 का हुआ भव्य एवं सफल आयोजन
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में तेरापंथ महिला मंडल हनुमानगढ़ टाउन द्वारा 'श्री उत्सव' का भव्य आयोजन किया गया। श्री उत्सव का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना तथा उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को एक मंच प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा विभिन्न प्रकार के हस्तनिर्मित उत्पाद, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, सजावटी सामग्री, खाद्य पदार्थ तथा रचनात्मक कलाकृतियों की आकर्षक स्टॉलें लगाई गईं। इन स्टॉलों ने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। तेरापंथ महिला मंडल हनुमानगढ़ टाउन की अध्यक्ष संतोष बांठिया ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि महिला मंडल का उद्देश्य समाज की महिलाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि श्री उत्सव के माध्यम से महिलाओं को अपनी कला, कौशल और उद्यमिता का प्रदर्शन करने का अवसर मिला है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला मंडल मंत्री डॉ दीपिका जैन, आदि ने श्रम नियोजित किया।