मुमुक्षु का मंगल भावना समारोह

संस्थाएं

राजराजेश्वरी नगर, बेंगलुरु।

मुमुक्षु का मंगल भावना समारोह

मुमुक्षु कोमल भंसाली (चिरपटिया मारवाड़ जंक्शन) का मंगल भावना समारोह दतेरापंथ सभा भवन राजराजेश्वरी नगर में युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि आकाश कुमार जी एवं मुनि हितेन्द्र कुमार जी के पावन सान्निध्य में आयोजित किया गया। सभा के अध्यक्ष कमलसिंह दुगड़ ने सभी का स्वागत करते हुए मुमुक्षु बहन के आध्यात्मिक जीवन के लिए मंगल कामनाएं प्रेषित की। मुनि हितेन्द्र कुमार जी ने कहा कि दीक्षार्थी बहन अपने जीवन को एक नया मोड़ दे रही है, उनके मंगल भविष्य के लिए यही कहना चाहते हैं कि सदैव गुरु इंगित के अनुसार कार्य करते हुए संघ की प्रभावना करें। मुनि आकाश कुमार जी ने कहा कि कहा जाता है दीक्षा लेना लोहे के चने चबाने के समान है। एक तरह से देखा जाए तो है भी और दूसरे पहलू से नहीं भी, यह आप पर स्वयं निर्भर करता है। मुनिश्री ने दीक्षार्थी बहन से कहा आपने जिस लक्ष्य को संजोकर यह कदम बढ़ाया है उसे समता की साधना करते हुए पूर्ण करने की ओर अग्रसर हों, आपका आध्यात्मिक जीवन मंगलकारी हो। दीक्षार्थी बहन कोमल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब मुझ में धार्मिक रूचि बिल्कुल भी नहीं थी किंतु मुनि ज्ञानेंद्र कुमार जी की प्रेरणा तथा दिशा बोध ने मेरे जीवन की दिशा बदल दी और मैं संयम पथ पर चलने की ओर अग्रसर हो उठी। आज मैं स्वयं को गुरु चरणों में संघ के प्रति समर्पित करने जा रही हूं। इसके साथ ही मुमुक्षु बहन ने अपने जीवन के अनुभवों को भी साझा किया। तेरापंथ ट्रस्ट राजराजेश्वरी नगर के अध्यक्ष राकेश छाजेड़, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष सरल पटावरी तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्ष मंजु बोथरा ने भी दीक्षार्थी बहन के प्रति अपनी मंगल भावनाएं व्यक्त की।