संस्थाएं
SHINE FEST 2026 – Care, Connect, Contribute का मंगल उद्घाटन
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, उधना द्वारा जैन संस्कार विधि से, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, उधना द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय SHINE FEST 2026– Care, Connect, Contribute कार्यक्रम का भव्य एवं आध्यात्मिक शुभारंभ तेरापंथ भवन, उधना में संपन्न हुआ। शुभारंभ जैन संस्कार विधि के मंगलमय वातावरण में संपन्न कराया गया। संस्कारक अर्जुन मेडतवाल, नेमीचंद कावड़िया, अनिल सिंघवी एवं मनोजजी बाबेल ने अपनी सेवाएँ प्रदान करते हुए मंगलाचरण, मंत्रोच्चार एवं संपूर्ण संस्कार विधि का सफल संचालन किया। इस अवसर पर मंगल भावना यंत्र की स्थापना तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के अध्यक्ष, मंत्री एवं समस्त पदाधिकारियों द्वारा श्रद्धापूर्वक की गई। आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मक संकल्पों के साथ SHINE FEST 2026 का शुभारंभ हुआ। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम, उधना के अध्यक्ष हिमांशु चपलोत ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों एवं जैन संस्कार विधि की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस प्रकार के संस्कारमय आयोजनों को समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर तेरापंथ सभा के अध्यक्ष नेमीचंद पोरवाल एवं तेरापंथ युवक परिषद, उधना के अध्यक्ष मनीष कावड़िया ने जैन संस्कार विधि के माध्यम से समाज में संस्कार, संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार हेतु किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।