रचनाएं
तेरापंथ धर्मसंघ में युवाचार्य वर्धापन परंपरा : शुरुआत एवं महत्व
जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्मसंघ में उत्तराधिकार की सुव्यवस्थित व्यवस्था के तहत वर्तमान आचार्य अपने जीवनकाल में ही योग्य सुशिष्य को युवाचार्य पद पर मनोनीत करते हैं। इसी ऐतिहासिक परंपरा के अनुपालन में आचार्य श्री महाश्रमण जी ने मुख्य मुनि महावीर कुमार जी को अपना उत्तराधिकारी (युवाचार्य) घोषित किया है।युवाचार्य वर्धापन परंपरा की शुरुआत तेरापंथ धर्मसंघ में आचार्य पद के साथ भावी नेतृत्व को सुनिश्चित करने के लिए युवाचार्य मनोनयन और उनके वर्धापन (गौरव/अभिनंदन) की रही है। इस परंपरा का मुख्य उद्देश्य संघ में अनुशासन, स्पष्टता और सुचारू संचालन बनाए रखना है।
युवाचार्य वर्धापन परंपरा की शुरुआत
तेरापंथ धर्मसंघ के संस्थापक आचार्य श्री भिक्षु ने 1760 ई. में तेरापंथ की स्थापना केलवा में कर अनुशासन, एकता और आचार-शुद्धि को सर्वोपरि रखा।
तेरापंथ में 'एक ग़ुरू और एक विधान' का सिद्धांत है। भविष्य में संघ का सुचारू संचालन हो, इसके लिए आचार्य पद के उत्तराधिकारी को पहले से तैयार करने की परंपरा प्रारंभ हुई। इसी को 'युवाचार्य पद' कहा जाता है।
युवाचार्य का अर्थ– युवा + आचार्य। अर्थात आचार्य के निर्देशन में संघ की सेवा करने वाला, भविष्य का आचार्य। इस परंपरा की विधिवत शुरुआत तेरापंथ के 8वें आचार्य श्री कालूगणी के समय हुई। उन्होंने मात्र 22 वर्ष की युवा आयु मे मुनि तुलसी को युवाचार्य पद पर नियुक्त किया। इसके बाद से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है।
वर्धापन का अर्थ है– स्थापना दिवस का उत्सव। युवाचार्य पद के अभिषेक दिवस को 'युवाचार्य वर्धापन' के रूप में श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
युवाचार्य पद का महत्व
1. संघ की निरंतरता– युवाचार्य भविष्य के आचार्य होते हैं। इससे संघ में नेतृत्व का संकट नहीं आता।
2. सेवा-प्रशिक्षण– युवाचार्य आचार्य के सान्निध्य में रहकर प्रवचन, दीक्षा, अनुशासन और संघ संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण लेते हैं।
3. युवा शक्ति का प्रतिनिधित्व– युवाचार्य युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं। वे धर्म को युवा भाषा में समझाते हैं।
4. सह-आचार्य के रूप में कार्य– प्रवास, दीक्षा समारोह, मर्यादा महोत्सव आदि में आचार्य के साथ रहकर दायित्व निभाते हैं।
5. धर्मसंघ की एकता– युवाचार्य पूरे संघ समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।
6. नेतृत्व की स्पष्टता– इस व्यवस्था से भविष्य के संचालन को लेकर किसी भी प्रकार का असमंजस या मतभेद नहीं रहता।
7. प्रशासनिक सुगमता– युवाचार्य अपने गुरु के साथ रहकर दायित्वों का निर्वहन सीखते हैं और कार्यभार में सहयोग करते हैं।
8. संगठन की मजबूती– यह परंपरा तेरापंथ के अद्वितीय अनुशासन और एक-नेतृत्व के सिद्धांत को और अधिक सशक्त बनाती है।
युवाचार्य श्री महावीर मुनि जी के विशिष्ट कार्य
वर्तमान में तेरापंथ धर्मसंघ के युवाचार्य श्री महावीर मुनि जी हैं। आचार्य श्री महाश्रमण जी के सान्निध्य में वे संघ की विविध सेवाएं दे रहे हैं जैसे ....
1. अणुव्रत आंदोलन का विस्तार– नैतिकता, नशा मुक्ति, पर्यावरण रक्षा और सद्भावना के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में उनका विशेष योगदान है।
2. युवा और बाल जागृति– 'तरुणाई का स्वर' और 'बाल संस्कार शिविर' के माध्यम से बच्चों और युवाओं को धर्म, अनुशासन और संस्कारों से जोड़ा। उनका जीवन और प्रवचन जैन संस्कारों, अहिंसा और नैतिकता के संदेश को जन-जन तक, विशेषकर युवा वर्ग तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण रहे हैं।
3. प्रवचन एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन–
सरल, तार्किक और प्रेरणादायक प्रवचनों से समाज को जीवन जीने की कला सिखा रहे हैं। तनाव मुक्त जीवन, समता और स्वावलंबन उनके प्रवचन के मुख्य विषय हैं। युवाचार्य महावीर मुनि ने दीक्षा के बाद से ही कठोर संयम, साधना और जैन आचार-विचार का निष्ठापूर्वक पालन किया है।
4. संघीय प्रवास और अनुशासन–
आचार्य श्री महाश्रमण जी के साथ संपूर्ण भारत में विहार कर स्थान-स्थान पर धर्म सभाओं, दीक्षा समारोहों और मर्यादा महोत्सवों का संचालन किया। मुख्य मुनि के रूप में उन्होंने धर्मसंघ की विभिन्न गतिविधियों, आयोजनों और अनुशासनिक व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई है।
युवाचार्य परंपरा तेरापंथ धर्मसंघ की सबसे बड़ी विशेषता है। यह परंपरा न केवल नेतृत्व को सुदृढ़ करती है, बल्कि संघ को भविष्य के लिए तैयार भी करती है।
युवाचार्य श्री महावीर मुनि जी आज इसी परंपरा के सजग प्रहरी हैं। उनका जीवन, सेवा और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणा है और धर्मसंघ के लिए गौरव।
'आचार्य की छाया, युवाचार्य की माया - यही है तेरापंथ की काया'