पैंसठिया छंद यंत्र का आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न

संस्थाएं

उधना।

पैंसठिया छंद यंत्र का आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न

पैंसठिया छंद यंत्र का आध्यात्मिक अनुष्ठान अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ तेरापंथ भवन में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम तेरापंथ युवक परिषद, उधना एवं तेरापंथ महिला मंडल, उधना के संयुक्त रूप से आयोजित किया गया। इस पावन अवसर पर साध्वी डॉ. परमयशाजी, साध्वी विनम्रयशाजी, साध्वी मुक्त्ताप्रभाजी एवं साध्वी कुमुदप्रभाजी के सान्निध्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अनुष्ठान के दौरान साध्वी श्री जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं से विशेष क्रम अनुसार 24 तीर्थंकरों का जाप करवाया। पैंसठिया यंत्र में दिए गए निर्धारित क्रम के अनुसार, प्रथम से 24वें तीर्थंकर तक उनके मंत्रों का निर्धारित संख्या में जाप करवाया गया। साध्वी श्री जी ने प्रत्येक तीर्थंकर भगवान के मंत्र जाप से प्राप्त होने वाले आध्यात्मिक, मानसिक एवं जीवनोपयोगी लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही किस तीर्थंकर के जाप से जीवन में शांति, सफलता, स्वास्थ्य एवं सकारात्मकता आती है, इस विषय को अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली ढंग से समझाया। इसके साथ ही साध्वी श्री जी ने यह भी मार्गदर्शन दिया कि किस दिशा में मुख रखकर जाप करना चाहिए, जिससे साधना का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। इस दिव्य अनुष्ठान में लगभग 208 जोड़ों (कपल) ने अपनी सहभागिता दर्ज करवाई तथा कुल मिलाकर लगभग 700 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। सुप्रसिद्ध गायिका अभिलाषा बांठिया द्वारा साध्वी श्री जी की रचित एक भावपूर्ण गीतिका की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति और भावनाओं से ओत-प्रोत कर दिया।