विवेक सम्पन्न, श्रमशील, श्रुत आराधक– युवाचार्य प्रवर

संस्थाएं

राजराजेश्वरी नगर।

विवेक सम्पन्न, श्रमशील, श्रुत आराधक– युवाचार्य प्रवर

युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि विनीत कुमार जी ठाणा -2 एवं मुनि आकाश कुमार जी ठाणा -2 के पावन सान्निध्य में तेरापंथ धर्मसंघ के नवनियुक्त युवाचार्य श्री महावीर कुमार जी का वर्धापना समारोह श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा विजयनगर एवं राजराजेश्वरी नगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुनिवृन्द द्वारा नमस्कार महामंत्र से हुआ। मुनि विनीत कुमार जी ने कहा 2001 में गंगाशहर के मर्यादा महोत्सव में पिता सवाईसिंह एवं पुत्र महावीर की जोड़ी ने भावपूर्ण जोशीले अंदाज में गीत गाकर दीक्षा की अनुनय-विनय प्रस्तुत किया। दीक्षा उपरांत आचार्य महाप्रज्ञ जी ने युवाचार्य महाश्रमण जी से कहा कि महावीर मुनि को सदैव अपने साथ रखना। युवाचार्य श्री एक विवेक सम्पन्न, श्रमशील, श्रुत आराधक, अप्रमत्त अवस्था के आराधक एवं सुशिष्य थे। उन्होंने आचार्य तुलसी के भी कुछ गुण अपनाएं। बच्चों पर विशेष ध्यान देते हैं।
मुनि आकाश कुमार जी ने कहा कि योग्य उत्तराधिकारी का चयन आचार्य का मुख्य दायित्व होता है। गुरु की दृष्टि फिल्टर की तरह अपने शिष्यों का सर्वांगीण परीक्षण कर योग्यतम शिष्य के हाथों में संघ के भावी की बागडोर सौंपने का निर्णय लेती है। कुछ शब्द ब्रह्मवाक्य बन जाते हैं। 27 जुलाई को जब आचार्य महाश्रमण जी ने कहा 'आओ मुनि महावीर' तो ऐसा ही प्रतीत हुआ। बालसभा कहुं या सहपाठी, 11 वर्ष तक हम साथ में अध्ययनरत रहे। मुनि महावीर जहां पढ़ाई में सदा अव्वल रहे वहीं गुरु के प्रति अद्भुत श्रद्धा एवं समर्पण उनका वैशिष्ट्य है। सद्भाव उनका सहज गुण हैं। वे शुरू से ही शांत, सकारात्मक सोच के धनी, अन्तर्मुखी, देव-गुरु-धर्म के प्रति आस्थावान रहे हैं। मुनि पुनीत कुमार जी ने अपनी भावाभिव्यक्ति में आरम्भिक वर्षों का जिक्र किया। तेरापंथ सभा राजराजेश्वरी नगर के सभाध्यक्ष कमलसिंह दुगड़ ने सभी का स्वागत करते हुए सान्निध्य प्रदान करने हेतु मुनि विनीत कुमार जी के प्रति अनंत कृतज्ञता ज्ञापित की।
ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश छाजेड़, तेयुप अध्यक्ष सरल पटावरी, तेममं अध्यक्ष मंजु बोथरा, अभातेयुप से दिनेश मरोठी, महासभा के उपाध्यक्ष प्रकाश लोढ़ा, गांधीनगर आदि सभी ने युवाचार्य वर्धापना हेतु आचार्य प्रवर के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए युवाचार्य श्री के भावी जीवन के उत्तरोत्तर उन्नयन की मंगल भावनाएं प्रेषित की। सुव्यवस्थित मंच संचालन मुनि हितेन्द्र कुमार जी ने किया। आर आर नगर सभा के मंत्री अमित नौलखा ने आभार ज्ञापन किया।