आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर का स्थानांतरण समारोह

संस्थाएं

चेम्बूर।

आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर का स्थानांतरण समारोह

तेरापंथ युवक परिषद्, चेम्बूर द्वारा संचालित आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर (ATDC) के स्थानांतरण समारोह ने सेवा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया। यह अवसर केवल तेरापंथ युवक परिषद् के लिए ही नहीं, बल्कि तेरापंथ सभा, चेम्बूर ट्रस्ट एवं सम्पूर्ण चेम्बूर समाज के लिए सेवा का एक स्वर्णिम अध्याय बन गया। कार्यक्रम पूज्य साध्वी निर्वाणश्रीजी आदि ठाणा-6 के पावन सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। साध्वीश्रीजी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि आचार्य तुलसी के नाम से जुड़ा यह सेवा प्रकल्प उनके मानवीय दृष्टिकोण एवं सेवा-दर्शन का साकार स्वरूप है।
उन्होंने इस सेवा अभियान को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं दानदाताओं के प्रति मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने कहा कि मुंबई के कार्यकर्ता केवल आयोजन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि प्रत्येक सेवा उपक्रम को समर्पण, संगठन शक्ति एवं सेवाभाव के साथ साकार कर धर्मसंघ की प्रभावना करते हैं। उन्होंने कहा कि ATDC आज चेम्बूर की एक विशिष्ट पहचान बन चुका है तथा पूर्व अध्यक्ष संदीप कोठारी जैसे अनुभवी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में परिषद् निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रही है।
तेरापंथ सभा, चेम्बूर के अध्यक्ष लक्ष्मण ने सभा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। पूर्व ABTYP अध्यक्ष किशन डागलिया ने कहा कि 'साध्वी निर्वाणश्रीजी को 'निर्माणश्रीजी' कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।' उन्होंने कहा कि साध्वीश्री अपने प्रेरक व्यक्तित्व से कार्यकर्ताओं में सेवा, समर्पण एवं आध्यात्मिक चेतना का सतत संचार करती रहती हैं। स्थानीय महिला मंडल अध्यक्षा ममता कच्छारा तथा तेरापंथ युवक परिषद्, चेम्बूर के अध्यक्ष हिमांशु गन्ना ने भी अपने भावपूर्ण विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर जैन विश्व भारती के साहित्य प्रचारक प्रकाश धाकड़ एवं नवनीत चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन पूर्व अध्यक्ष रमेश धोका ने किया। मुंबई सभा अध्यक्ष सुरेन्द्र कोठारी एवं कोषाध्यक्ष रिंकू बापना की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
तेरापंथ युवक परिषद्, चेम्बूर के मंत्री कपिल मेहता ने संत-सान्निध्य, सभी अतिथियों, दानदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।