महावीर का जीवन पहुँचा असाधारण आध्यात्मिक ऊँचाइयों तक

संस्थाएं

फलसूंद राजस्थान।

महावीर का जीवन पहुँचा असाधारण आध्यात्मिक ऊँचाइयों तक

फलसूंद राजस्थान। फलसूंद कस्बे में जन्मे बालक महावीर का जीवन साधारण ग्रामीण परिवेश से प्रारंभ होकर असाधारण आध्यात्मिक ऊँचाइयों तक पहुँचा। सवाईसिंहजी -छगनी देवी कोचर परिवार में जन्मे इस बालक का जन्म भीषण गर्मी के बीच हुआ और उसका नाम महावीर रखा गया। प्रारंभिक अवस्था में ही तेरापंथी साध्वी रूपांजी के संपर्क और उनके आशीर्वचन ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। साध्वीश्री के प्रभाव, परिवार के धार्मिक वातावरण और पूर्व संस्कारों के कारण बालक महावीर में बचपन से ही आध्यात्मिक झुकाव विकसित हुआ। साध्वीश्री ने भी उनके बारे में भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि यह बालक बहुत नाम कमाएगा। यही संस्कार आगे चलकर उन्हें साधु जीवन की ओर ले गए और वे मुनि महावीर बने, फिर अपनी साधना, ज्ञान, विनय और पुरुषार्थ से मुख्य मुनि के पद तक पहुँचे। आगे चलकर जैन विश्व भारती में आयोजित एक ऐतिहासिक अवसर पर, भिक्षु स्वामी के 301वें जन्मदिवस के पावन प्रसंग में आचार्यश्री ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित किया और 'आओ, मुनि महावीर' कहकर युवाचार्य पद प्रदान किया। यह क्षण आध्यात्मिक इतिहास का महत्वपूर्ण मोड़ बन गया, जब मुनि महावीर युवाचार्य महावीर के रूप में धर्मसंघ के भावी नेतृत्व बने। यह यात्रा केवल एक व्यक्ति की उन्नति नहीं, बल्कि संस्कार, साधना, गुरु-कृपा और पुरुषार्थ के अद्भुत संगम की कहानी है। फलसूंद की साधारण भूमि से उठकर तेरापंथ धर्मसंघ के युवाचार्य तक पहुँचना इस बात का प्रमाण है कि सच्चे संस्कार और निरंतर साधना व्यक्ति को असाधारण ऊँचाइयों तक पहुँचा सकते हैं।