संस्थाएं
रोशनी का उपहार, सबसे बड़ा उपकार
राजाजीनगर। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के निर्देशन में राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत तेरापंथ युवक परिषद राजाजीनगर द्वारा नेत्रदान जागरूकता अभियान रैली का सफल आयोजन किया गया। रैली तेरापंथ सभा भवन से प्रारंभ होकर राजाजीनगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः सभा भवन पहुँची। तेयुप अध्यक्ष राजेश देरासरिया ने उपस्थित सभी सदस्यों एवं प्रतिभागियों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने नेत्रदान के महत्व, मानवता के प्रति इसके योगदान एवं इससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए सभी को इस महान सेवा कार्य के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे जोश, उत्साह एवं अनुशासन के साथ नेत्रदान के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। 'रोशनी का उपहार, सबसे बड़ा उपकार' एवं 'नेत्रदान महादान' जैसे प्रेरणादायी नारों और संदेशों से लोगों को नेत्रदान के लिए जागरूक किया गया। विशेष तख्तियों एवं नारों के माध्यम से जनमानस में नेत्रदान के प्रति सकारात्मक भावना एवं जागरूकता उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। सभी सदस्यों की एकरूपता, अनुशासन, उत्साह एवं सामाजिक संकल्प ने रैली को प्रभावशाली एवं सार्थक बनाया। यह अभियान समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस महान मानव सेवा के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल रही।