संवाद, सम्मान और क्षमा से आती है डबल खुशियां

संस्थाएं

अहमदाबाद।

संवाद, सम्मान और क्षमा से आती है डबल खुशियां

साध्वी अणिमाश्री जी के सानिध्य में तेरापंथ युवक परिषद एवं तेरापंथ महिला मंडल अहमदाबाद के तत्त्वावधान में तेरापंथ भवन, शाहीबाग के विशाल प्रांगण में दम्पती-कार्यशाला 'हमसफ़र' का शानदार आयोजन हुआ। इस कार्यशाला में सैकड़ों दम्पती ने उत्साह व उमंग के साथ भाग लिया। 'हैप्पी कपल-खुशियां डबल' का भव्य एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम हुआ। मुख्य साध्वी अणिमाश्री जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा— 'परिवार रूपी रथ के दो मजबूत पहिए हैं— पति व पत्नी। इन दोनों में जितना सामंजस्य होगा, रथ उतनी ही तीव्र गति से दौड़ेगा। पति व पत्नी का रिश्ता शादी के बाद बनता है। यह दो आत्माओं के मध्य होने वाला एक ऐसा मूक समझौता है, जहां शब्द कम और भावनाएं अधिक मुखर होती हैं। एक आदर्श दाम्पत्य वही है, जो विपरीत परिस्थितियों में एक-दूसरे का हाथ छोड़ने की बजाय और मजबूती से थाम लेते हैं। सच्चा प्रेम केवल एक-दूसरे को देखने में नहीं बल्कि एक ही दिशा में एक साथ देखने में निहित है। दाम्पत्य जीवन में 'डबल खुशियां' लाने के लिए तीन स्तंभ सबसे महत्वपूर्ण हैं— संवाद, सम्मान व क्षमा। एक-दूसरे के साथ संवाद होने से गलतफहमियों की दीवारें खुद-ब-खुद ढह जाती हैं। एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार करना और खुशियों का उत्सव मनाना ही गृहस्थी को स्वर्ग बनाता है।' साध्वी कर्णिकाश्री जी ने कहा— 'रिश्ते में संवाद, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति सम्मान ही खुशियों की असली चाबी है। अगर पति-पत्नी मिलकर जीवन की चुनौतियों का सामना करें तो खुशियां अपने आप दोगुनी हो जाती हैं।' साध्वी मैत्रीप्रभा जी ने मंच संचालन करते हुए कहा— 'इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आधुनिक जीवनशैली में आपसी तालमेल, प्रेम और वैवाहिक रिश्तों को और अधिक प्रगाढ़ व मधुर बनाना है।' साध्वी समत्वयशा जी ने सुमधुर गीत 'हैप्पी कपल - जीवन सफल - खुशियां डबल' का संगान किया। डॉ. साध्वी सुप्रभा जी ने पावर कपल 2026 का नए अंदाज में नई शैली में करवाया। तेयुप अध्यक्ष कुणाल जैन, महिला मंडल अध्यक्ष सुशीला खटेड़ ने विचार रखे। दम्पति जोड़ों ने सुरीले कंठों से शानदार गीत की प्रस्तुति दी।