संस्थाएं
नेत्रदान से रोशन होंगी जिंदगी
विजयनगर। नेत्रदान जागरूकता सेमिनार का आयोजन आचार्यश्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि विनीत कुमार एवं मुनि पुनीत कुमार जी के पावन सान्निध्य में तेरापंथ भवन, विजयनगर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नेत्रदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में तेरापंथ युवक परिषद विजयनगर के अध्यक्ष पवन बैद ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजजनों का स्वागत करते हुए कहा कि नेत्रदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति के जीवन में प्रकाश लौटाने का महान माध्यम है। युवाओं को इस तरह के जनसेवा एवं जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। सेमिनार के मुख्य वक्ता डॉ. प्रकाश जी छाजेड़ (दिव्या दृष्टि हॉस्पिटल) ने नेत्रदान से संबंधित महत्वपूर्ण चिकित्सकीय जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नेत्रदान के महत्व को समझते हुए 'नेत्रदान—महादान' के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. प्रकाश जैन एवं डॉ. तारा जी का जैन पट्ट द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन मंत्री कमलेश दक द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए एवं नेत्रदान जागरूकता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया गया।