नेत्रदान से किसी की दुनिया का उजाला

संस्थाएं

गाँधीनगर दिल्ली।

नेत्रदान से किसी की दुनिया का उजाला

नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत तेरापंथ युवक परिषद् गाँधीनगर दिल्ली द्वारा नेत्रदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य एवं प्रेरणादायी नेत्रदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में दिल्ली सभा, गाँधीनगर सभा, महिला मंडल, विकास मंच, तेरापंथ किशोर मंडल, कन्या मंडल, तेयुप व TKM के युवा व किशोरों, स्थानीय संस्थाओं की 80-100 की सहभागिता ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर नेत्रदान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया। रैली के विकास मंच पहुँचने पर मुनि अभिजीत कुमार जी व मुनि जागृत कुमार जी ने कृपापूर्वक सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को मंगल आशीर्वाद प्रदान करते हुए मंगल पाठ सुनाया। मुनिश्री ने परिषद् द्वारा पूरे संगठन एवं युवाशक्ति के साथ आयोजित इस जन-जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए सभी के प्रति मंगलकामना व्यक्त की तथा नेत्रदान के महत्व पर विशेष प्रेरणा प्रदान की। तत्पश्चात तेयुप युवा अध्यक्ष प्रकाश सुराणा ने नेत्रदान जागरूकता के विषय में जानकारी प्रदान करते हुए रैली में पधारें हुए सभी महानुभावों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया। रैली में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राजस्थान भाजपा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्रीराम अटल ने नेत्रदान के महत्व एवं इसकी उपयोगिता पर प्रभावी जानकारी साझा करते हुए उपस्थित जनसमूह को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन मंत्री राजेश सेठिया ने किया। नेत्रदान केवल एक संकल्प नहीं, किसी की अंधेरी दुनिया में उजाला देने का माध्यम है। तेयुप गाँधीनगर दिल्ली की यह जागरूकता रैली इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रभावशाली प्रयास रही।