संस्थाएं
Know Your Tirthankaras प्रतियोगिता का आयोजन
तेरापंथ महिला मंडल, कटक के तत्वावधान में तेरापंथ कन्या मंडल, कटक द्वारा ‘ Know Your Tirthankaras’ प्रतियोगिता का आयोजन मुनि मोहजीत कुमार जी के सान्निध्य तथा मुनि भव्य कुमार जी एवं मुनि जयेश कुमार जी के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर मुनि जयेशकुमार जी ने प्रतिभागियों एवं उपस्थित दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि 24 तीर्थंकरों के नाम स्वयं में कल्याण कारी और चमत्कारी है । उनके नाम से जुड़ी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक गतिविधियां युवाओं को अपनी धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनती हैं। उन्होंने सभी को निरंतर सीखने, ज्ञान अर्जित करने तथा समाज की रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कार्यक्रम की अभिनव पहल एवं सफल आयोजन के लिए कन्याओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही आगे चलकर बड़े संस्कारों एवं सुदृढ़ व्यक्तित्व के निर्माण का आधार बनते हैं। उन्होंने कन्याओं से इसी प्रकार नई पहल करने तथा ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रारंभ में चिट के माध्यम से प्रतिभागियों को छह निर्धारित टीमों— तीर्थंकर, जिनेश्वर, देवाधिदेव, अर्हत, जिनेन्द्र एवं स्वयंबुद्ध —में विभाजित किया गया। प्रत्येक टीम में छह प्रतिभागी शामिल रहे। इसके पश्चात केवल 24 तीर्थंकरों के नामों पर आधारित छह अलग-अलग रोचक एवं ज्ञानवर्धक राउंड आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता, स्मरणशक्ति एवं धार्मिक ज्ञान को परखा गया।