संस्थाएं
तेरापंथ धर्म संघ के विकास का मूल है मर्यादाएं
आचार्यश्री महाश्रमण जी की सुशिष्या साध्वी त्रिशला कुमारी जी के सान्निध्य में विकास महोत्सव का आयोजन तेरापंथ भवन गंगाशहर में किया गया। साध्वी त्रिशला कुमार जी ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आचारांग सूत्र में एक सूक्त आता है - 'होउ कामेणं' मैं कुछ होना चाहता हूँ कुछ करना चाहता हूँ। संसार का हर व्यक्ति विकास करना चाहता हैं लेकिन हम देखते है कुछ व्यक्ति विकास की ऊंचाईयों को छू लेते है तो कुछ तलहटी पर रूक जाते है। क्यों ? विकास कौन कर सकता है ? जिसको अपने आप पर विश्वास होता है कि मैं कुछ कर सकता हूँ। कुछ करने का जिसके भीतर जज्बा होता है जो अपनी शक्ति का सम्यक् नियोजन करता है वही व्यक्ति अपने जीवन में विकास का परचम फहरा सकता है। इस अवसर पर बोलते हुए साध्वी श्री त्रिशला कुमारी जी ने कहा कि तेरापंथ धर्म संघ के विकास का मूल है मर्यादाएं। तेरह नियम हमारा हमेशा मार्गदर्शन व पथ प्रदर्शक है। तेरापंथ धर्मसंघ के आद्यप्रवर्तक आचार्य भिक्षु को जब से विश्वास हो गया कि अब मेरा संघ चलेगा तब उन्होंने कुछ मर्यादाओं का निर्माण किया। व्यवस्था और अनुशासन पर ध्यान दिया। उन्होंने एक मर्यादा बनाई कि वर्तमान आचार्य जब चाहे इन मर्यादाओं में परिवर्तन कर सकते है। नई मर्यादाओं का निर्माण कर सकते है। तेरापंथ के चतुर्थ आचार्य आचार्यश्री जीतमल जी ने राजमार्ग बना दिया और उसे राजपथ बनाने का श्रेय आचार्यश्री तुलसी को है। आचार्य तुलसी ने पूरे विश्व में समण श्रेणी के माध्यम से धर्म की ध्वजा पहुंचा कर जैन व जैनेतर लोगों को धर्म से जुड़ने का अवसर प्रदान किया है। पहले संस्कृत में ही प्रवचन होते थे। अणुव्रत प्रेक्षाध्यान, जीवन विज्ञान जैसे महनीय अवदान दिए। इस अवसर पर बोलते हुए साध्वी सम्यक्त्वयशा जी ने कहा कि श्रद्धा भक्ति और समर्पण का प्रतीक 33 वां विकास महोत्सव आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी की देन है। साध्वी निश्चयप्रभा जी ने कहा कि विकास महोत्सव आचार्य महाप्रज्ञ जी की अपने गुरु के प्रति श्रद्धा और भक्ति का जीता जागता उदाहरण था आज इस मौके पर हम आचार्य श्री तुलसी के अवदानों को याद करने का और उन अवदानों पर कार्य करने का संकल्प का दिवस है। साध्वी कल्पयशा जी ने कहा कि मैं कुछ होना चाहता हूं, में कुछ करना चाहता हूं। कार्यक्रम में साध्वी रश्मिप्रभा जी ने गीतिका का संगान किया। कार्यक्रम का संचालन संतोष बोथरा ने किया।