ABTYP की 'Mobile Blood Donation Van' का शुभारंभ

संस्थाएं

पुणे

ABTYP की 'Mobile Blood Donation Van' का शुभारंभ

अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की ओर से रक्तदान सेवा को और अधिक व्यापक एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई अत्याधुनिक 'ब्लड मोबाइल वैन' का शुभारंभ पुणे में जैन संस्कार विधि के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के उपाध्यक्ष-चतुर्थ कमलेश भंसाली की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर मुंबई ब्लड कैंप कन्वीनर रौनक कोठारी की विशेष उपस्थिति रही। श्रमण संघ उपप्रवर्तक मुनि नरेश कुमारजी ने अपने मंगल उद्बोधन में रक्तदान एवं मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इस पहल को समाजोपयोगी और प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम के अंत में मुनि श्री द्वारा मंगल पाठ प्रदान किया गया।
यह ब्लड मोबाइल वैन महाराष्ट्र की पुण्यनगरी पुणे स्थित महाराष्ट्र शासन संचालित कमला नेहरू अस्पताल के कै. मधुकर सखाराम बीडकर ब्लड सेंटर को विधिवत् सुपुर्द की गई। यह वैन रक्त संग्रह के लिए आवश्यक आधुनिक संसाधनों और सुविधाओं से पूरी तरह सुसज्जित है। इसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में जाकर रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की मुहिम को और गति मिलेगी। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं समाजजनों ने मोबाइल वैन का अवलोकन किया और अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की इस सेवा पहल की सराहना की। कार्यक्रम में जैन संस्कार विधि की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर तेरापंथ सभा अध्यक्ष, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष, भिक्षु मेमोरियल ट्रस्ट अध्यक्ष, महिला मंडल मंत्री सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। तेरापंथ युवक परिषद, पुणे के अध्यक्ष मनीष भंडारी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।