संस्थाएं
नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक बुराई पर करारा प्रहार
अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के तत्वावधान में पंचम दिवस – नशामुक्ति दिवस के अवसर पर अणुव्रत समिति द्वारा एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस नुक्कड़ नाटक ने उपस्थित लोगों के बीच नशे के दुष्परिणामों को लेकर गहरी जागरूकता पैदा की। नाटक का निर्देशन व मुख्य अभिनय अवकाश कुमार जम्मड़ ने किया। नाटक में अब्दुल कय्यूम ने भी अभिनय किया। दोनों कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, भावपूर्ण संवाद अदायगी और प्रभावशाली हाव-भाव के माध्यम से नशे की गिरफ्त में फंसते व्यक्ति, उसके परिवार तथा समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। समिति की मंत्री रंजना बरडिया ने बताया कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया कि नशा केवल एक व्यक्ति के जीवन को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। अभिनय के दौरान कलाकारों के चेहरे के भाव, संवादों की गंभीरता और परिस्थितियों के अनुरूप उनकी भावनात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को भीतर तक झकझोर दिया। नुक्कड़ नाटक का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि आमजन को यह समझाना था कि नशामुक्त समाज का निर्माण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इसके के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, परिवारों को अपने बच्चों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने का संदेश दिया। इस अवसर पर अणुव्रत समिति के अध्यक्ष संजय चौरड़िया, अणुविभा के कार्यकारिणी सदस्य आदि उपस्थित थे।