संस्थाएं
स्वस्थ एवं नैतिक समाज के लिए नशामुक्त जीवन का आह्वान
अणुव्रत समिति द्वारा नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली में ब्रह्माकुमारी संस्था, माय भारत सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग ढाई किलोमीटर की रैली तालुक कार्यालय से एम.जी. रोड होते हुए तेरापंथ सभा भवन पहुंची। रैली के समापन अवसर पर साध्वी पुण्ययशा जी ठाणा-4 के सान्निध्य में मंगलाचरण एवं नैतिकता गीतिका की प्रस्तुति युवक परिषद, महिला मंडल एवं तेरापंथ सभा के सदस्यों द्वारा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी भंवर सिंह मीणा उपस्थित रहे। उन्होंने नशामुक्ति अभियान की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि भारत सरकार भी नशामुक्ति के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, 'सबसे पहले हमें स्वयं नशामुक्त होना होगा, तभी हम दूसरों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित कर सकेंगे।' साध्वी पुण्ययशा जी ने अपने उद्बोधन में नशामुक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं नैतिक जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अणुव्रत समिति अध्यक्षा मंजूबाई भंसाली ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मदन गादिया ने संचालन किया तथा गौतम आच्छा ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में तेरापंथ सभा, महिला मंडल, युवक परिषद, TPF तथा ब्रह्माकुमारी एवं माय भारत के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहयोग एवं सहभागिता प्रदान की। सभा के अध्यक्ष महेंद्र डोषी आदि अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।