संस्थाएं
बाल मन की रचनात्मकता और सकारात्मक सोच का उत्सव
अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी द्वारा आयोजित तथा अणुव्रत समिति काठमांडू के तत्वावधान में अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट का जिला स्तरीय समारोह भगवान महावीर जैन निकेतन में भव्य रूप से संपन्न हुआ। नेपाल की धरती पर पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता ने रचनात्मकता, सकारात्मक चिंतन और विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक नया इतिहास रचा। इस प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर कुल 16 विद्यालयों के 10,000 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित 32 प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। काठमांडू के प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं समन्वयकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय विद्यालय की छात्रा आभा आर. दहाल द्वारा अणुव्रत गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुआ।
अणुव्रत समिति काठमांडू के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद बेगानी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अणुव्रत नेपाल के राष्ट्रीय प्रभारी ज्योति कुमार बेगानी उपस्थित रहे। ऑनलाइन द्वारा जुड़े अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सम्मानीय प्रताप दुगड़ तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुसुम लूनिया ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नेपाल में इस आयोजन को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। नेपाल महासभा के अध्यक्ष दिनेश नौलखा ने अणुव्रत के आदर्शों एवं जीवन में नैतिक मूल्यों की महत्ता पर प्रकाश डाला। तेरापंथ सभा के अध्यक्ष रमेश लूनिया, महिला मंडल की अध्यक्ष संगीता बोथरा, तेरापंथ युवक परिषद अध्यक्ष निश्चल लालवानी टीपीफ अध्यक्ष विनीत चौरडिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का कुशल संचालन महासचिव प्रभात नाहटा ने किया तथा स्वस्ति नौलखा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।