संस्थाएं
त्याग और संयम के साधकों का सम्मान समारोह
शासनश्री साध्वी रामकुमारी जी एवं सहवर्ती साध्वी जी के पावन सान्निध्य में तेरापंथ युवक परिषद्, अहमदाबाद पूर्व द्वारा तेरापंथ भवन, कांकरिया में भव्य तप अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत एवं प्रबंध मण्डल, अभातेयुप के साथी, सभा पदाधिकारीगण, तेयुप अहमदाबाद पूर्व के पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा समाज के गणमान्य श्रावक-श्राविकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी आत्मप्रभा जी के उद्बोधन से हुआ। साध्वी जी के पावन सान्निध्य में तपस्या के आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए तपस्वियों के त्याग, संयम एवं आत्मबल की अनुमोदना की गई। समारोह में 8 उपवास से अधिक की तपस्या करने वाले तपस्वी भाई-बहनों का भावपूर्ण अभिनंदन किया गया। सभी तपस्वियों को क्रमशः आमंत्रित कर उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत सहित उपस्थित महानुभावों ने तपस्वियों के त्याग, तप एवं दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उनके आध्यात्मिक पुरुषार्थ की अनुमोदना की। समारोह में उपस्थित सभी श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तपस्वियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन परिषद् के सहमंत्री हर्ष सिंघी ने किया।