गुरुवाणी/ केन्द्र
‘सेवा उपकार नहीं, आत्मा को तीर्थंकर बनाने की साधना है’ :आचार्यश्री महाश्रमण
जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशमाधिशास्ता, तीर्थंकर प्रभु महावीर के प्रतिनिधि, ज्योतिपुंज, युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी की पावन सन्निधि में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त कर रहे हैं। नवाह्निक आध्यात्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत आज सुधर्मा सभा में मुख्य प्रवचन कार्यक्रम से पूर्व पूज्य प्रवर ने निर्धारित मंत्रों का जप करवाया। तत्पश्चात् निर्धारित प्रवचन विषय ‘वैयावृत्य से क्या मिलेगा?’ पर आगम के माध्यम से अमृत देशना प्रदान करते हुए चतुर्विध धर्मसंघ को पावन पाथेय प्रदान किया।
आभ्यंतर तप ‘वैयावृत्य’ और सेवा का सार्वभौमिक स्वरूप :
१. तप के भेद और निर्जरा का साधन: आचार्यश्री ने फरमाया कि आगमों में तप के १२ भेदों का निरूपण किया गया है, जिनमें ६ बाह्य तप के और ६ आभ्यंतर तप के भेद हैं। आभ्यंतर तप के छह प्रकारों में एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रकार ‘वैयावृत्य’ (सेवा) है। वैयावृत्य आत्मा के कर्मों की निर्जरा का एक महान साधन है।
२. मानव, पशु जगत् और साधु जीवन में सेवा : पूज्य प्रवर ने सेवा की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए फरमाया कि सेवा एक ऐसा पावन तत्त्व है जिसकी उपयोगिता साधु समुदाय के साथ-साथ गृहस्थों और पशु जगत् में भी देखने को मिलती है। मनुष्य द्वारा एक-दूसरे की चिकित्सा व सेवा करना सामान्य बात है, परंतु कई पशु चिकित्सक मूक पशुओं की भी चिकित्सा और सेवा करते हैं—यह विशेष बात है कि जीवमात्र की चिंता की जाती है। इसी प्रकार साधु समुदाय में भी सेवा की बहुत बड़ी उपयोगिता है; एक साधु दूसरे चारित्रात्मा की सेवा करे और जो सेवा लेने के अधिकारी या सेवा-सापेक्ष हैं, उनकी निष्काम भाव से सेवा की जानी चाहिए।
संघ इतिहास, आचार्य-युवाचार्य पद व सेवा के ऐतिहासिक दृष्टांत :
१. आचार्य व युवाचार्य की सेवा : आचार्यश्री ने स्पष्ट किया कि आचार्य की सेवा करना भी वैयावृत्य ही है, भले ही वे वृद्ध न होकर युवा ही क्यों न हों। युवाचार्य को भी आचार्य का ही प्राथमिक रूप मानते हुए उनकी भी सेवा-वैयावृत्य की जाती है।
२. युवाचार्य मनोनयन की दो स्थितियाँ: आचार्य प्रवर ने संघ इतिहास के दृष्टांतों से स्पष्ट किया कि युवाचार्य दो अवस्थाओं में बनाए जा सकते हैं: जब आचार्य को लगे कि अवस्था आ गई है, समय कम बचा है या कार्य करने में शारीरिक अक्षमता महसूस हो रही है। जैसे—कालूगणी जी जब अक्षम अथवा रुग्ण थे, उस समय मुनि तुलसी को तत्काल युवाचार्य बनाना आवश्यक हो गया था और युवाचार्य को आचार्य की सेवा के साथ-साथ संघीय व्यवस्थाओं को भी संभालना पड़ा था।
जब आचार्य पूरी तरह स्वस्थ और सक्षम हों, परंतु उनकी स्वयं की इच्छा हो जाए। जैसे—आचार्यश्री तुलसी पूर्णतः स्वस्थ थे और शरीर से कोई अक्षमता नहीं थी, फिर भी उन्होंने अपनी प्रसन्नता से मुनिश्री नथमल जी स्वामी (टमकौर) को अपना युवाचार्य मनोनीत किया था।
समता भाव और तीर्थंकर नामगोत्र का अर्जन:
१. अग्लान भाव और सहनशीलता : आचार्य, युवाचार्य के साथ-साथ यदि कोई साधु तपस्वी हो, वृद्ध हो, स्थविर हो या कोई साधु ग्लान (बीमार/रुग्ण) हो, तो उनकी अग्लान भाव से सेवा करनी चाहिए। यदि सेवा लेने वाला व्यक्ति किसी कारणवश कुपित भी हो जाए, तो सेवा करने वाले को आवेश या गुस्से में नहीं आना चाहिए।
२. तीर्थंकर नामगोत्र का बंध : शास्त्र में पूछे गए प्रश्न का समाधान करते हुए पूज्य प्रवर ने फरमाया कि निष्काम वैयावृत्य से जीव तीर्थंकर नामगोत्र का अर्जन करता है। यह सेवा भावना साधक को समस्त दुःखों से मुक्त कर सीधे मोक्ष की ओर ले जाने वाली होती है।
३१ दिन का तप-प्रत्याख्यान एवं शंका-समाधान : तपस्या का प्रत्याख्यान व जिज्ञासा समाधान: मंगल प्रवचन के उपरांत पूज्य प्रवर के चरणों में साध्वी प्रतिभाश्री सीजी ने ३१ दिन की तपस्या का प्रत्याख्यान ग्रहण किया। तत्पश्चात् आचार्यश्री ने सघन साधना शिविर के शिविरार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई आध्यात्मिक जिज्ञासाओं का समाधान प्रदान किया।
बड़ा निर्णय लेने से पहले... पूज्य आचार्यश्री का पावन सूत्र!
'सघन साधना शिविरार्थियों की शंकाओं पर पूज्य प्रवर का समाधान और व्यावहारिक जीवन-मार्गदर्शन...'
1. युवाओं में धार्मिक मान्यताओं और कर्म-सिद्धांत पर विश्वास कैसे जगाएं?
पावन समाधान : आचार्य श्री ने फरमाया कि बच्चों और युवाओं को संतों के सानिध्य में लाएं। उन्हें संतों के सेवा-कार्यों, दीक्षा समारोहों और उनके त्यागमय जीवन को प्रत्यक्ष देखने का अवसर दें। जब वे संतों का प्रभाव और साधना की शक्ति स्वयं अपनी आंखों से देखेंगे, तो उनका विश्वास स्वतः ही जागृत होने लगेगा।
2. अच्छे कार्य करने के बावजूद भी जीवन में दुःख और विघ्न क्यों आते हैं?
पावन समाधान : आचार्यप्रवर ने समझाया कि कल्याणकारी और शुभ कार्यों में विघ्न भी आ सकते है। यह हमारे पूर्व-अर्जित विपरीत कर्मों का फल हो सकता है। ऐसे कठिन समय में निराश होने के बजाय व्यक्ति को अपना मनोबल बनाए रखना चाहिए तथा समता और शांति के साथ कष्टों को सहन करना चाहिए।
3. जीवन में महत्वपूर्ण और कठिन निर्णय
कैसे लें?
पावन समाधान : पूज्य आचार्य श्री ने एक अत्यंत व्यावहारिक और महामंत्र का संबल देते हुए फरमाया: 'यदि आपको जीवन में कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेना हो, तो सबसे पहले नवकार मंत्र का जप करना चाहिए।'
'युवाचार्य जी! मगन आप रै सागै है...'
पूज्य प्रवर ने फरमाया कि— सीढ़ियों पर बढ़ा वह हाथ केवल शारीरिक सहारा नहीं, बल्कि पूरे संघ के संबल और आश्वस्त करने का प्रतीक था!
1. गंगापुर का ऐतिहासिक संदर्भ और परिस्थितियाँ : आचार्यश्री महाश्रमण जी ने कालजयी इतिहास का स्मरण कराते हुए फरमाया कि जब तत्कालीन आचार्य, परम पूज्य कालूगणी शारीरिक रूप से अत्यंत अस्वस्थ थे, उस समय युवा मुनि श्री तुलसी (बाद में आचार्य श्री तुलसी) को युवाचार्य पद का महान दायित्व सौंपा गया था।
2. सीढ़ियों का सहारा और वरिष्ठ मुनि का पावन संबल : आचार्यप्रवर ने गंगापुर के इस भावुक प्रसंग का स्मरण कराते हुए फरमाया कि जब लगभग 22 वर्ष के युवाचार्य श्री तुलसी 'पंचमी' के लिए पधार रहे थे और सीढ़ियाँ उतर रहे थे, उस समय आयु में उनसे काफी वरिष्ठ मुनि श्री मगनलाल जी ने आगे बढ़कर सहारा देने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया। वरिष्ठता के भाव से परे होकर दिया गया यह संबल संघ-समर्पण का एक अनुपम उदाहरण था।
3. 'मगन आपके साथ है': सहयोग का वास्तविक मर्म : आचार्य श्री ने गहरा आध्यात्मिक मर्म प्रकट करते हुए फरमाया कि वह केवल एक शारीरिक सहयोग नहीं था। उस स्पर्श और सहारे में वरिष्ठ मुनि जी का यह मौन आश्वासन छुपा था कि— 'आप संघ के इस गुरुतर भार से चिंता न करें, पूरी संघ-व्यवस्था में हम आपके साथ हैं, मगन आपके साथ है।'
सेवा देना ही नहीं, सेवा लेना भी है एक कला!..
1. सेवा ग्रहण करना: एक महान कला और जीवन-कौशल: आचार्यश्री ने फरमाया कि जिस प्रकार किसी की 'सेवा करना' धर्म है, ठीक उसी प्रकार 'सेवा स्वीकार करना' भी एक बड़ी कला है। जब कोई साधक या सेवाभावी व्यक्ति आपकी सेवा में लगा हो, तो सेवा ग्रहण करने वाले के मन में क्रोध, खीझ या डांट-फटकार के बजाय शांति, कृतज्ञता और प्रमोद-भाव होना चाहिए।
2. संवेदनशीलता और धैर्य का महत्व : आचार्यप्रवर ने सेवा के दौरान व्यावहारिक संवेदनशीलता पर बल देते हुए फरमाया–
१. धैर्य का परिचय : यदि सेवा में कभी कोई छोटी-मोटी देरी या त्रुटि हो जाए, तो उसे उलाहना देने के बजाय धैर्यपूर्वक स्वीकार करना चाहिए।
२. सहानुभूति और प्रोत्साहन: सेवा करने वाले भी इंसान हैं। उन्हें डांटने के स्थान पर सहयोग, स्नेह और प्रोत्साहन देना ही श्रेष्ठ साधक का आचरण है।
3. स्वावलंबन : 'अपना काम स्वयं करने की भावना' : आचार्य श्री ने सेवा केंद्रों और संघ में रहने वाले साधकों को स्वावलंबन का पावन संदेश दिया:
जो कार्य व्यक्ति स्वयं कर सकता है—जैसे अपने पात्रों (बर्तनों) की सफाई करना, कपड़े समेटना या अन्य छोटे-मोटे कार्य—उन्हें दूसरों से कराने के बजाय स्वयं करने का प्रयास करना चाहिए।
जो शारीरिक रूप से पूर्णतः सक्षम हैं, उन्हें सेवा लेने की अपेक्षा दूसरों की सेवा करने और उनका कार्यभार हल्का करने का भाव रखना चाहिए।
4. उभय-कल्याण: सेवा से कर्म-निर्जरा का मार्ग : आचार्य श्री ने फरमाया कि जब सेवा लेने और देने में विवेक, नम्रता और प्रमोद-भाव का समावेश होता है तो दोनों ही साधकों को कर्म-निर्जरा का अपूर्व लाभ प्राप्त होता है।