‘जाके हृदय साँच है, ता हृदय प्रभु आप’, सरलता ही है सच्चा धर्म : आचार्यश्री महाश्रमण

गुरुवाणी/ केन्द्र

लाडनूं। 20 अक्टूबर, 2026

‘जाके हृदय साँच है, ता हृदय प्रभु आप’, सरलता ही है सच्चा धर्म : आचार्यश्री महाश्रमण

जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशमाधिशास्ता, भगवान महावीर के प्रतिनिधि, युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी की पावन सन्निधि में लाडनूँ प्रवास के दौरान आध्यात्मिक अनुष्ठानों का क्रम निरंतर प्रवाहित हो रहा है। पूज्य प्रवर ने सुधर्मा सभा में मुख्य मंगल प्रवचन कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित विषय ‘ऋजुता से क्या मिलेगा?’ पर आगम आधारित अत्यंत गंभीर, प्रामाणिक और ओजस्वी देशना प्रदान करते हुए चतुर्विध धर्मसंघ को पावन पाथेय प्रदान किया।
कषायों का शमन और आर्जव की साधना:
१. प्रतिपक्ष से कषायों पर विजय: आचार्यश्री ने प्रवचन के आरंभ में स्पष्ट किया कि हमारे भीतर क्रोध, मान, माया और लोभ—ये चार असत भाव (कषाय) विद्यमान रहते हैं, जो आत्मा के लिए हितकर नहीं हैं। हालांकि ये सभी प्राणियों में हो सकते हैं, किसी में तीव्र तो किसी में मंद होते हैं। आगम में इन चारों को प्रतिपक्ष भावों द्वारा जीतने का मार्ग बताया गया है—क्रोध को उपशम से, मान को मार्दव से और माया को आर्जव (सरलता) भाव से जीता जा सकता है।
२. सरलता बनाम कुटिलता : पूज्य प्रवर ने फरमाया कि सरल और कुटिल एक-दूसरे के विलोम हैं। जहाँ सरल व्यक्ति का व्यवहार, चिंतन और जीवनशैली सरलता से ओत-प्रोत होती है, वहीं कुटिल व्यक्ति पग-पग पर कुटिलता का आचरण करता है।
३. अहिंसक संकल्प व अनुप्रेक्षा : आर्जव की साधना के लिए प्रातःकाल ही मन में यह दृढ़ संकल्प करना चाहिए कि
मुझे छल-कपट नहीं करना है। वाणी और अन्य क्रियाओं में पूरी जागरूकता रखनी चाहिए ताकि किसी के प्रति वंचना न हो। नियमित अनुप्रेक्षा के अभ्यास से आत्मा में सरलता का विकास होता है और व्यक्ति कुछ अंशों में शुद्ध होता है।
ऋजुता के सोपान, साधुजीवन और अविसंवादन का मर्म:
१. सरलता और सच्चाई का अभेद्य संबंध : आचार्यश्री ने फरमाया कि जिसके हृदय में सच्चाई और सरलता होती है, वहीं प्रभु का वास होता है। जहाँ सच बोलना कठिन या प्रतिकूल प्रतीत हो, वहाँ मौन धारण कर लेना चाहिए, किंतु असत्य का आश्रय कभी नहीं लेना चाहिए, जिससे व्यक्ति झूठ के पाप से बच सके। व्यक्ति में इतनी निर्भीकता होनी चाहिए कि उचित स्थान पर निडर होकर सत्य प्रकट कर सके। यदि छद्मस्थता के कारण कभी साधु से भी कोई भूल हो जाए, तो उसे गुरुसमक्ष सरलता से स्वीकार कर लेना चाहिए।
२. काय, भाव, भाषा ऋजुता और अविसंवादन : आगमिक प्रश्न 'आर्जव से जीव क्या प्राप्त करता है?' का उत्तर देते हुए आचार्यश्री ने फरमाया कि आर्जव से जीव काय-ऋजुता, भाव-ऋजुता, भाषा-ऋजुता और अविसंवादन को प्राप्त करता है।
३. कथनी-करनी की समानता : अविसंवादन का अर्थ है—कथनी और करनी में पूर्ण समानता। शरीर से वंचना न करना, वाणी से अयथार्थ न बोलना, भावों में ऋजुता रखना और कथनी-करनी को एक समान रखना ही असली साधना है। जब जीव अविसंवादन से संपन्न होता है, तब वह वास्तविक अर्थों में धर्म का सच्चा आराधक बन जाता है। गृहस्थों को भी अपने जीवन में सरलता और कथनी-करनी की समानता बनाए रखने का निरंतर प्रयास करना चाहिए।
आध्यात्मिक अनुष्ठान की संपन्नता एवं चेन्नई ज्ञानशाला की प्रस्तुतियाँ:
१. अनुष्ठान संपन्नता की घोषणा : मुख्य मंगल प्रवचन के उपरांत पूज्य आचार्यश्री ने आध्यात्मिक अनुष्ठान के विधिवत संपन्न होने की घोषणा की।
२. चेन्नई ज्ञानशाला की प्रस्तुतियाँ : आचार्यश्री की पावन सन्निधि में आज चेन्नई ज्ञानशाला के ज्ञानार्थी विशेष रूप से उपस्थित थे। तेरापंथी सभा चेन्नई के अध्यक्ष महेन्द्र माण्डोत ने अपनी भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी। ज्ञानशाला के ज्ञानार्थियों ने अपनी सुंदर और मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिस पर पूज्य प्रवर ने सभी को अपना मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

'आचार्य श्री तो भोले हैं!'... जब मुनि नथमल जी रा शब्द सुण'र सभा हैरान रह गई!
पूज्य प्रवर ने मुनि नथमल जी (टमकोर) और युगप्रधान आचार्यश्री तुलसी का एक अत्यंत मधुर प्रसंग सुनाया।
1. ऐतिहासिक संस्मरण : मंच से गूँजे श्रद्धा के सहज बोल :
श्रद्धा की अभिव्यक्ति : एक बार प्रवचन के दौरान मुनि नथमल जी सभा को संबोधित कर रहे थे और मंच पर परम पूज्य गुरुदेव आचार्य श्री तुलसी विराजित थे।
सहज शब्द-प्रयोग : अपने संबोधन के दौरान आचार्यश्री तुलसी के प्रति अगाध श्रद्धा व्यक्त करते हुए मुनि नथमल जी के मुख से सहज ही निकल गया— 'आचार्य श्री तो भोले हैं।'
2. 'भोले' शब्द का पावन स्पष्टीकरण:
तुरंत समाधान : गुरुदेव के समक्ष ऐसा प्रयोग होते ही मुनि नथमल जी ने भाव-विशुद्धि के साथ तुरंत स्पष्टीकरण दिया।
साधुता की पहचान: उन्होंने फरमाया कि साधु को तो स्वभाव से 'भोला' (सरल) ही होना चाहिए। साधुता का मूल आधार ही ऋजुता और निष्कपटता है।
3. प्रसंग से प्राप्त अमूल्य शिक्षा : सरलता+दक्षता : आचार्य श्री ने इस घटना का आध्यात्मिक और व्यावहारिक मर्म समझाते हुए पावन संदेश प्रदान किया:
'भोलेपन' का वास्तविक अर्थ : भोला होने का तात्पर्य अज्ञानता, नादानी या मूर्खता कदापि नहीं है। इसका वास्तविक अर्थ आत्मा की निष्कपटता, सरलता (ऋजुता) और पारदर्शिता है।
सच्ची साधुता और प्रबंधन : साधु का अंतःकरण छल-कपट से पूरी तरह मुक्त और निष्पाप होना चाहिए।
दक्षता का संतुलन : सरलता के साथ-साथ साधु को अपने दायित्वों, संघ-प्रबंधन और ज्ञान के संपादन में पूरी तरह 'दक्ष' (Expert) होना चाहिए।

एक वचन... और बन गए लंका के राजा!
पूज्य आचार्यश्री महाश्रमण जी के मुखारविंद से: विभीषण प्रसंग द्वारा कथनी-करनी की एकरूपता का बोध:
1. विभीषण का प्रसंग : वचन की अटूट निष्ठा
पूज्य आचार्य श्री महाश्रमण जी ने रामायण के ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए वचनबद्धता की महिमा स्पष्ट फरमाई:
श्री राम का वचन : जब विभीषण शरण में आए, तब मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने उन्हें 'लंकेश' कहकर संबोधित किया था।
प्रतिबद्धता का निर्वहन : भगवान राम ने अपने उस मुख से निकले वचन को निभाने के लिए विभीषण को लंका का राजा बनाया। यह उनके वचन की अटूट प्रामाणिकता और निष्ठा का अनुपम उदाहरण है।
2. कथनी और करनी में समानता ही सज्जनता : इस पावन उदाहरण के माध्यम से पूज्य आचार्य श्री ने जीवनोपयोगी सूत्र प्रदान किए–
जो कहा, उसे पूरा करो : एक विवेकशील और श्रेष्ठ व्यक्ति को जो बात एक बार कह देनी चाहिए, उसे पूरा करने का हर संभव प्रयास करना चाहिए।
नीयत की पवित्रता : यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में बदलाव करना भी पड़े, तो नीयत साफ़ और स्पष्ट होनी चाहिए, न कि छलावा या बातों को घुमाना-फिराना।
3. जीवन में पारदर्शिता का आचरण:
त्रि योग की विशुद्धि: आचार्य प्रवर ने जोर दिया कि साधक के जीवन में पूर्ण पारदर्शिता (Transparency) होनी चाहिए।
कपट से मुक्ति: मन में कुछ और हो, वाणी से कुछ और कहा जाए और आचरण में कुछ तीसरा ही नज़र आए—ऐसी भिन्नता सज्जनता का लक्षण नहीं है। अपनी बात के प्रति पक्का, सच्चा और स्पष्ट रहना ही वास्तविक धर्म है।

कपट सूं जीत्या पछे भी काई मिलै? जाणो पूज्य प्रवर री वाणी में 'साच' अर 'सूरवीरता' रो असली मोल!
'पूज्यप्रवर री पावन वाणी में गूँज्या प्रेरक गीत सूं जाणो— साच री राह पर चालण रो असली मोल!'
१. कपट का अंत पश्चाताप : छल-कपट और असत्य से सामयिक काम निकाल भी लिया जाए, तो अंत में केवल अशांति, ग्लानि और पछतावा ही हाथ लगता है।
२. सत्य ही सच्चा शौर्य है : सच बोलने के लिए भीतर अपार साहस (शौर्य) चाहिए। कायर व्यक्ति ही डरकर सच को छुपाने या झुठलाने का प्रयास करता है।
३. सरलता का मार्ग : जीवन में निर्भय होकर सत्य और ऋजुता को अंगीकार करना ही आत्मा के कल्याण का एकमात्र श्रेयस्कर मार्ग है।
४. सम्पादकीय संदेश : 'झूठ का संबल लेकर क्षणिक लाभ तो मिल सकता है, पर आत्म-शांति केवल सत्य की राह पर ही संभव है। पूज्यप्रवर का यह संदेश निर्भयता और निष्कपटी जीवन जीने का पावन पाथेय है।'