संस्थाएं
ज्ञान, पुरुषार्थ और आध्यात्मिक मुकाबले का रोमांचक समापन
तेरापंथ युवक परिषद गंगाशहर की ओर से आयोजित तेरापंथ प्रीमियर लीग (TPL) — एक अद्वितीय एवं रोचक आध्यात्मिक प्रतियोगिता - तीन दिनों तक तेरापंथ भवन गंगाशहर के प्रांगण में साध्वी त्रिशलाकुमारी जी के पावन सान्निध्य में संपन्न हुई। इस आयोजन में ज्ञान, पुरुषार्थ और टीम भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। तेयुप संगठन मंत्री व प्रतियोगिता प्रभारी मयंक सेठिया ने बताया कि TPL में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। पहले दो दिनों में 12 लीग मैच खेले गए, जबकि अंतिम दिन दो सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले हुए। फाइनल में साहित्य रॉयल्स और वैरागी किंग्स आमने-सामने थे। कड़े संघर्ष के बाद कोणिक सेठिया के नेतृत्व में साहित्य रॉयल्स ने विजयी ट्रॉफी अपने नाम की। सभी प्रतिभागियों को तेयुप गंगाशहर द्वारा पुरस्कृत किया गया। विजेता उपविजेता के साथ सभी मैचों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच भी दिए गए। विजेता टीम के कप्तान कोणिक सेठिया को अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी मिली। साध्वी त्रिशलाकुमारी जी ने कहा कि तेयुप गंगाशहर की पूरी टीम, अंपायर और सभी सहयोगियों की पूर्ण जागरूकता एवं कर्तव्यनिष्ठा ने इस आयोजन को सफल बनाया है, सभी साधुवाद के पात्र हैं। तेयुप अध्यक्ष देवेन्द्र डागा ने बताया कि निर्णायक के रुप में धर्मेन्द्र डाकलिया और मनोज सेठिया ने सभी 15 मैचों में समयबद्धता और सजगता के साथ सटीक निर्णय दिए। स्कोरर के रुप में कपिल नाहटा और जितेश पारख ने भी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर तेरापंथी सभा, महिला मंडल, अणुव्रत समिति, आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान, प्रोफेशनल फॉर्म सहित सभी संघीय संस्थाओं को आमंत्रित किया गया था, जिनकी गरिमामय उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। प्रतियोगिता समन्वयक ललित राखेचा ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता से 10 दिन पूर्व सभी 72 प्रतिभागियों को 400 प्रश्नों का सेट स्वाध्याय के लिए प्रदान किया गया था। आयोजन में उपाध्यक्ष मांगीलाल बोथरा, रोशन नाहटा, मंत्री दिनेश कुमार सोनी, सहमंत्री रोहित बैद, संगठन मंत्री मयंक सेठिया सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। तेयुप अध्यक्ष देवेन्द्र डागा के सफल संचालन की सभी ने प्रशंसा की। बोथरा भवन में विराजित मुनि अमृत कुमार जी ने सभी प्रतिभागियों को अध्यात्म के क्षेत्र में प्रगति करने की प्रेरणा दी और मंगलकामनाएं प्रदान की।