संस्थाएं
मौन साधना एवं जप अनुष्ठान से अध्यात्म की नई मिसाल
युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी इस तरह अवश्य लिखे के विद्वान सुशिष्य मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ एवं सहवर्ती मुनि विकास कुमार जी ठाणा - 2 के पावन सान्निध्य एवं श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, गुवाहाटी के तत्वावधान में ‘शक्ति जागरण’ महापर्व के अंतर्गत नौ दिवसीय नवाह्निक आध्यात्मिक अनुष्ठान का क्रम निरंतर जारी है।
इस अवसर पर दोनों मुनिजी द्वारा ‘ॐ भिक्षु - जय भिक्षु’ का सवा लाख जप अनुष्ठान किया जा रहा है। इस नवाह्निक आध्यात्मिक उपक्रम की विशेषता यह है कि मुनि विकास कुमार जी ने नौ दिनों की मौन साधना 13 द्रव्य के साथ विभिन्न क्षेत्रों के प्रवास के दौरान संपन्न की। इस साधना क्रम में गुरु सन्निधि में छापर, बीरगंज, निर्मली, अररिया कोर्ट, कूचबिहार, सिलीगुड़ी एवं गुवाहाटी सहित विभिन्न स्थानों पर साधना का क्रम जारी रहा। वहीं मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ ने भी नौ दिनों की मौन साधना 4 द्रव्य के साथ की। दोनों मुनिजी द्वारा मौन साधना के साथ ‘ॐ भिक्षु - जय भिक्षु’ के सवा लाख जप का अनुष्ठान किया जा रहा है।
मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ ने बताया कि दोनों मुनिजी ने 10 दिनों की मौन साधना के साथ ‘ॐ भिक्षु - जय भिक्षु’ के सवा लाख जप अनुष्ठान में 1160 मालाओं के फेरने तथा 13 द्रव्य और 4 द्रव्य के संकल्प के साथ साधना संपन्न कर दूसरी बार इस आध्यात्मिक उपक्रम को पूर्ण किया। इस साधना के माध्यम से गुवाहाटी में एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ ने कहा कि धर्म की परिभाषा समझने में अनेक बार कठिनाइयां आती हैं। धर्म क्या है, इसे आज के युग में सीमित शब्दों में परिभाषित नहीं किया जा सकता। दर्शन की भाषा में धर्म आत्मा की शुद्धि है। साहित्य की भाषा में जिसके द्वारा ज्ञान, आनंद और शक्ति का विकास हो, वही धर्म है। मनोविज्ञान की भाषा में समता धर्म का मूल तत्व है, जबकि कषायों से मुक्ति इसकी प्रमुख पहचान है। जो व्यक्ति क्रोध, मान, माया और लोभ जैसी कषायों से मुक्त होता है, वही सही अर्थों में धार्मिक है। मुनिजी ने कहा कि क्रोध, मान, माया, लोभ, राग-द्वेष, भय, घृणा और हीन भावना जैसी मनोवृत्तियां अधर्म की ओर ले जाती हैं। धर्म उसी के जीवन में टिकता है, जो आंतरिक रूप से शक्तिशाली, पवित्र और भयमुक्त होता है। अभय, समता और क्षमाशीलता धर्म के महत्वपूर्ण आधार हैं।
दूसरों की उन्नति देखकर उनके विकास की कामना करना, मैत्री भावना का विकास करना, क्रोध से बचना, सरलता, ऋजुता, संतोष और कर्तव्य का पालन करना धर्म है। उन्होंने कहा कि धर्म जीवन जीने की कला है—स्वयं सुख से जीना और दूसरों को भी सुखपूर्वक जीने देना। विकारों से मुक्त रहकर निर्मल चित्त से आचरण करना ही जीवन की सच्ची कला है। जब व्यक्ति अपने व्यवहार को शुद्ध बनाता है, तब वह स्वयं के साथ-साथ दूसरों के सुख और शांति का भी निमित्त बनता है। सबसे बड़ा धर्म दूसरों की भलाई करना है।