संस्थाएं
महिला सशक्तीकरण और प्रतिभा निखार का सुंदर आयोजन
तेरापंथ महिला मंडल, राउरकेला द्वारा तेरापंथ भवन, बसंती कॉलोनी में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशन में करणीय कार्यशाला 'मेरी शक्ति, मेरी कहानी – नारी की शक्ति, नारी की जुबानी' का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र की मंगल ध्वनि के साथ हुआ। तेरापंथ महिला मंडल की बहनों ने मंगलाचरण प्रस्तुत कर वातावरण को मंगलमय बनाया। तत्पश्चात मंडल की बहनों ने अपनी जीवन यात्रा और अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने जीवन में आने वाली विभिन्न चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना किया और संघर्षों से सीख लेकर आज इस मुकाम तक पहुँचीं।उनकी प्रेरणादायक कहानियों ने सभी को उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मकता का संदेश दिया। इसके पश्चात अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशनानुसार युवती मंडल की बहनों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इनमें भाषण प्रतियोगिता, कविता प्रतियोगिता एवं आर्ट व क्रिएटिविटी प्रतियोगिता शामिल रहीं। युवती बहनों ने पूरे उत्साह, रचनात्मकता और उमंग के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन ।भाषण प्रतियोगिता मे प्रथम स्थान कनक दुगड़, द्वितीय स्थान पूजा दुग्गड़,कविता प्रतियोगिता मे प्रथम स्थान कोमल डोसी ,द्वितीय स्थान मीनाक्षी बोथरा तथाआर्ट प्रतियोगिता मे प्रथम स्थान ज्योति भंसाली ,-द्वितीय स्थान कनक दुगड़ एवं तृतीय स्थान मनीषा डोसी रही।प्रतियोगिताओं का निर्णायक दायित्व कनक बोथरा, मधु गोलछा एवं नीतू कोठारी ने निभाया। कार्यक्रम का कुशल संचालन मीनाक्षी बोथरा एवं प्रियंका कोचर ने किया।इसी क्रम में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के कन्या मंडल विभाग के निर्देशन में दीपावली के अवसर पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में कन्या मंडल की बहनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।सभी ने अपनी कलात्मकता और रचनात्मकता का परिचय देते हुए सुंदर एवं आकर्षक रंगोलियाँ प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के अंत में कोमल डोसी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। मंडल की अध्यक्ष संगीता दुग्गड़ ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।समग्र रूप से यह कार्यशाला अत्यंत प्रेरणादायक, उत्साहपूर्ण एवं सफल रही। इस आयोजन ने महिलाओं को अपनी शक्ति पहचानने, जीवन के अनुभव साझा करने तथा युवती एवं कन्या मंडल की बहनों को अपनी प्रतिभा निखारने का एक सुंदर अवसर प्रदान किया।