संस्थाएं
मौन, जप और आत्मसाधना से अंतःचेतना का जागरण
शक्ति जागरण के पावन पर्व नवरात्रि के उपलक्ष्य में तेरापंथ धर्मस्थल, गुवाहाटी में आचार्यश्री महाश्रमण जी के विद्वान सुशिष्य मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ एवं सहवर्ती मुनि विकास कुमार जी के सान्निध्य में नौ दिवसीय नवाह्निक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। आध्यात्मिक ऊर्जा, जप, तप और आत्मसाधना को समर्पित इस अनुष्ठान का प्रारंभ मुनि जी द्वारा महामंत्रोच्चार के साथ हुआ। तत्पश्चात मुनि जी ने भगवान महावीर स्वामी के प्रति श्रद्धा एवं भक्ति से ओतप्रोत एक भावपूर्ण गीतिका का संगान किया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक भावधारा से सराबोर हो गया। इस नौ दिवसीय अनुष्ठान के अंतर्गत मुनि विकास कुमार जी विशेष मौन साधना करेंगे। वहीं मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ भी काफी समय तक मौन साधना में रहकर आत्मचिंतन एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के संवर्धन में समय नियोजित करेंगे। दोनों मुनि जी ‘ॐ भिक्षु जय भिक्षु’ का सवा लाख जाप करेंगे। यह आध्यात्मिक उपक्रम श्रद्धा, एकाग्रता और साधना की भावना को सुदृढ़ करने का माध्यम बनेगा। नवरात्रि का यह पावन अवसर केवल शक्ति आराधना का ही नहीं, बल्कि आंतरिक शक्तियों के जागरण, आत्मानुशासन और आध्यात्मिक चेतना के विकास का भी संदेश देता है। मौन, मंत्रजाप और साधना के माध्यम से साधक अपनी अंतःचेतना को जागृत करने तथा जीवन में शांति, संयम एवं सकारात्मकता का संचार करने का प्रयास करेंगे। अनुष्ठान के दौरान नवपद आराधना के अंतर्गत विभिन्न मंत्रों का निर्धारित मालाओं में जाप, तपस्या एवं वैकल्पिक तप की आराधना भी की जाएगी। रात्रिकालीन सत्र में अर्हत् वंदना के पश्चात उपसर्गहर स्तोत्र सहित निर्धारित स्तोत्रों एवं 'विघ्न हरण मंगलकरण' का पाठ होगा। सहभागी श्रावक-श्राविकाओं के लिए ब्रह्मचर्य का पालन, रात्रिभोजन का त्याग एवं जमीकंद का वर्जन जैसे नियम निर्धारित किए गए हैं।