मंत्रोच्चार और विधिवत संस्कारों के साथ तपस्या का अभिनंदन

संस्थाएं

साउथ हावड़ा।

मंत्रोच्चार और विधिवत संस्कारों के साथ तपस्या का अभिनंदन

तेरापंथ युवक परिषद् साउथ हावड़ा द्वारा अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के त्रिआयाम सेवा–संस्कार–संगठन के अंतर्गत जैन संस्कार विधि के माध्यम से तप संपूर्ति अनुष्ठान श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ सम्पन्न कराया गया। इस पावन अवसर पर नोहर भादरा निवासी साउथ हावड़ा प्रवासी जवरीमल - राजश्री नाहटा के सुपौत्र एवं ललित - जयश्री नाहटा के सुपुत्र ईशान नाहटा के 8 की तपस्या की संपूर्ति जैन संस्कार विधि के अनुसार विधिवत् सम्पन्न हुई।
संस्कारक बजरंगलाल डागा एवं राकेश चौरड़िया ने जैन मंत्रोच्चार के साथ संपूर्ण संस्कार सम्पन्न कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक नमस्कार महामंत्र के संगान से हुआ। परिषद् के सहमंत्री भानु प्रताप चौरड़िया ने परिवार को मंगल भावना भेंट की, जिसकी स्थापना जैन मंत्रोच्चार के साथ पारिवारिकजनों द्वारा सम्पन्न की गई। संस्कारकों ने मंगल मंत्रों के श्रवण के माध्यम से उपस्थित सभी परिजनों को आध्यात्मिक मंगलकामनाओं का संदेश प्रदान किया। इस अवसर पर सहमंत्री भानु प्रताप चौरड़िया ने तपस्वी की तपस्या की भावपूर्ण अनुमोदना करते हुए उनके आत्मबल, संयम, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक साधना की सराहना की तथा तप की इस प्रेरणादायी साधना को सभी के लिए अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम के समापन पर पारिवारिक जनों ने जैन संस्कार विधि के माध्यम से तप संपूर्ति अनुष्ठान को गरिमापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु तेरापंथ युवक परिषद् साउथ हावड़ा के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। जैन संस्कार विधि के संयोजक जयप्रकाश बांठिया ने तपस्या की अनुमोदना करते हुए उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया।