तनावमुक्ति, मन की शांति और आत्मानुशासन का पावन पर्व

संस्थाएं

केसिंगा।

तनावमुक्ति, मन की शांति और आत्मानुशासन का पावन पर्व

स्थानीय तेरापंथ भवन, केसिंगा में युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि हिमांशु कुमार जी एवं मुनि हेमंत कुमार जी के पावन सान्निध्य में नवरात्रि के शुभ अवसर पर नवाह्निक आध्यात्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है।इस नौ दिवसीय अनुष्ठान में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
अनुष्ठान के अंतर्गत ग्रह शांति, मन की शांति, क्रोध पर नियंत्रण तथा मानसिक स्थिरता जैसे विषयों को विशेष महत्त्व दिया जा रहा है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, क्रोध, अशांति और मानसिक उलझनों से जूझ रहे लोगों के लिए यह आयोजन आत्मचिंतन, संयम और सकारात्मक जीवनशैली की दिशा में प्रेरणादायी बन रहा है। अनुष्ठान प्रतिदिन दो समय आयोजित किया जा रहा है। भारतीय संस्कृति में नवरात्रि को साधना, उपासना, आत्मशुद्धि और आत्मबल जागृत करने का विशेष पर्व माना जाता है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु प्रार्थना, ध्यान, उपवास और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से स्वयं को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास करते हैं। इस अवसर पर मुनि जी ने उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को एकासन, बियासन, आयम्बिल, जमीकंद के त्याग तथा रात्रि भोजन त्याग जैसे अनेक आध्यात्मिक संकल्प अपनाने की प्रेरणा दी। इन नियमों के माध्यम से खान-पान में संयम, इंद्रियों पर नियंत्रण, जीवों के प्रति करुणा और दैनिक जीवन में अनुशासन विकसित करने का संदेश दिया जा रहा है।