संस्थाएं
बाल-प्रतिभा, संस्कारों और रचनात्मकता का भव्य मंच
अणुव्रत विश्व भारती सोसाइटी द्वारा आयोजित अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट–2026 के राष्ट्रीय चरण में चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन 11 अक्टूबर 2026 को ऑनलाइन माध्यम से किया गया। देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित 66 विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। कार्यक्रम से 100 से अधिक प्रतिभागी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं सहयोगी सदस्य ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव के मंगल पाठ एवं अणुव्रत गीत का संगान किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप दुगड़ ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानकर उसका श्रेष्ठ उपयोग करने तथा जीवन में संस्कारों और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। ACC पर्यवेक्षक एवं उपाध्यक्ष डॉ. कुसुम लूनिया ने विद्यार्थियों का आत्मबल बढ़ाते हुए उन्हें अच्छे संस्कारों से युक्त, जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने रचनात्मक गतिविधियों को बच्चों के व्यक्तित्व विकास, संवेदनशीलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट के राष्ट्रीय संयोजक राजेश चावत द्वारा अर्हम ध्यान के का वातावरण आध्यात्मिकता, सकारात्मकता एवं उत्साह से परिपूर्ण हो गया। राष्ट्रीय संयोजक राजेश चावत ने अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट–2026 की सहभागिता एवं उपलब्धियों की संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों
से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न चरणों से चयनित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर
अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। राजेश चावत ने बच्चों को 'I Am the Best' का सकारात्मक संकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में विशिष्ट प्रतिभा होती है और आवश्यकता है उसे पहचानने, उस पर विश्वास करने तथा निरंतर निखारने की। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं की पीठ थपथपाकर अपनी क्षमताओं को स्वीकार करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। सोनल कोठारी ने प्रतियोगिता के नियमों, आवश्यक दिशा-निर्देशों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों की सृजनशीलता को सम्मान देना तथा उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन राष्ट्रीय सहसंयोजिका साधना कोठारी ने किया, जबकि तकनीकी संचालन में ऋषभ बरडिया का विशेष सहयोग रहा उन्होंने स्पेशल पोर्टल के माध्यम से बच्चों के डाटा को अपलोड करवाया। अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट–2026 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक जीवन-दृष्टि विकसित करने का एक सार्थक प्रयास है। 'हमारी ताकत–हमारा परिवार' की मूल भावना से प्रेरित यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ संस्कारयुक्त एवं जिम्मेदार व्यक्तित्व के निर्माण
की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहा है।