संस्थाएं
नशा मुक्त समाज और सशक्त पीढ़ी का पावन संकल्प
अणुव्रत समिति बाड़मेर एवं युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत 'नशा मुक्त परिवार, हमारी पीढ़ी–सशक्त पीढ़ी, नया दौर–नई दौड़' की सामाजिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कवास के प्रांगण में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम एवं मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विभाग संघचालक बाड़मेर मनोहरलाल बंसल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला खेल एवं युवा अधिकारी पंकज कुमार माडेचा एवं अणुव्रत समिति के सलाहकार गौतम बोथरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं प्रेरणादायी संदेश के साथ हुआ। अणुव्रत समिति अध्यक्ष पवन संखलेचा ने स्वागत भाषण देते हुए अणुव्रत के सिद्धांतों एवं जीवन में छोटे-छोटे संकल्पों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को अणुव्रत आचार संहिता का वाचन करवाया तथा संयमित एवं नशामुक्त जीवन जीने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि मनोहरलाल बंसल ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि आज नशा समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। नशे की शुरुआत भले ही छोटी लगती हो, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, परिवार और भविष्य को प्रभावित कर देता है। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्त युवा ही देश की मजबूत नींव बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि युवा स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशे से बचाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। अणुव्रत समिति के सलाहकार गौतम बोथरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आचार्यश्री तुलसी द्वारा प्रेरित अणुव्रत आंदोलन पिछले 78 वर्षों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है। अणुव्रत किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के चरित्र निर्माण और सामाजिक शुद्धि का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा शक्ति को नशे जैसी बुराइयों से बचाकर सकारात्मक दिशा प्रदान की जाए। जब युवा नशे से दूर रहेंगे, तभी परिवार स्वस्थ होगा, समाज मजबूत होगा और राष्ट्र सशक्त बनेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ कम से कम एक व्यक्ति को नशे से मुक्त कराने का संकल्प लें। नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में मैराथन का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया और 'नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो', 'नशा मुक्त परिवार–सशक्त परिवार' जैसे संदेशों के माध्यम से समाज को जागरूक किया। इस अवसर पर भामाशाह पारसमल गोलेछा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नशामुक्त समाज निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, अभिभावकों और युवाओं को मिलकर नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाना चाहिए। कार्यक्रम के लाभार्थी मोतीसिंह सारण एवं महामंत्र यूनिफॉर्म, बाड़मेर का अनुमोदन किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यालय के प्राचार्य भंवरलाल प्रजापत ने किया।