आंतरिक सामर्थ्य और गंभीर चिंतन से जीवन का रूपांतरण

संस्थाएं

गुवाहाटी।

आंतरिक सामर्थ्य और गंभीर चिंतन से जीवन का रूपांतरण

शक्ति जागरण के महापर्व नवरात्रि के पावन अवसर पर युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी के विद्वान सुशिष्य मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ एवं सहवर्ती मुनि विकास कुमार जी ठाणा-2 के पावन सानिध्य में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, गुवाहाटी के तत्वावधान में नवाह्निक आध्यात्मिक जप अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है।
नवरात्रि के दूसरे दिन आध्यात्मिक साधना, मंत्र-जप एवं आत्मशुद्धि की भावना के साथ अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ ने मुनि विकास कुमार जी को दस दिनों की मौन साधना के साथ भगवान भिक्षु की स्तुति में ‘ॐ जय भिक्षु’ का सवा लाख जप अनुष्ठान एवं तेरह द्रव्यों के साथ साधना प्रारंभ करने पर वृहद् मंगल पाठ सुनाया।
उन्होंने चंदन की माला, नागपाश यंत्र एवं त्याग रूपी उपहार प्रदान कर मंगल आशीर्वाद दिया। मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ ने भी नवरात्रि के उपलक्ष्य में दस दिनों तक मौन साधना के साथ ‘ॐ भिक्षु-जय भिक्षु’ का सवा लाख जप अनुष्ठान करने तथा चार द्रव्यों का संकल्प स्वीकार किया। नवाह्निक आध्यात्मिक जप अनुष्ठान का शुभारंभ मुनि जी के महामंत्रोच्चार के साथ हुआ। धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि आनंद कुमार जी ‘कालू’ ने कहा कि दुनिया में शक्ति का विशेष महत्त्व है। शक्तिहीन व्यक्ति अपने भीतर रिक्तता अनुभव करता है और कभी-कभी स्वयं को दयनीय एवं असहाय भी महसूस करने लगता है। जीवन में अनेक प्रकार की शक्तियों का अपना-अपना महत्त्व है, लेकिन सबसे बड़ी शक्ति आध्यात्मिक शक्ति होती है। आध्यात्मिक शक्ति व्यक्ति को आंतरिक सामर्थ्य, आत्मविश्वास, शांति और संयम प्रदान करती है।
यह शक्ति मनुष्य को कठिन परिस्थितियों में भी संतुलित एवं दृढ़ बने रहने की प्रेरणा देती है। मुनि जी ने बताया कि गुरुदेव तुलसी एवं आचार्य महाप्रज्ञ ने नवाह्निक आध्यात्मिक अनुष्ठान का एक नया उपक्रम प्रारंभ किया था। वर्तमान में आचार्यश्री महाश्रमण जी के निर्देशन में यह अनुष्ठान विधिवत् रूप से संचालित हो रहा है। इसका प्रमुख उद्देश्य आत्मशुद्धि, आध्यात्मिक ऊर्जा का विकास एवं साधना के माध्यम से व्यक्ति के भीतर सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
आश्विन शुक्ला प्रतिपदा से प्रारंभ होने वाली यह साधना निर्धारित अवधि तक निरंतर चलती है और साधक को आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। प्रवचन के दौरान मुनि जी ने आर्हत् वाङ्मय के ‘उक्कित्तणं’ नामक स्तोत्र की व्याख्या करते हुए बताया कि यह स्तोत्र अपने प्रारंभिक पद ‘लोगस्स’ के कारण जनमानस में ‘लोगस्स’ के नाम से प्रसिद्ध है।
इसी प्रकार कई बार किसी ग्रंथ या स्तोत्र का मूल नाम पीछे रह जाता है और उसका प्रारंभिक शब्द ही उसकी प्रमुख पहचान बन जाता है। मुनि जी ने ‘लोगस्स’ स्तोत्र के अंतिम श्लोक में वर्णित तीन विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि तीर्थंकर चंद्रमा से भी अधिक निर्मल, सूर्य से भी अधिक प्रकाशमान तथा सागर से भी अधिक गंभीर होते हैं। इन उपमाओं के माध्यम से निर्मलता, प्रकाश एवं गंभीरता जैसे उत्कृष्ट गुणों की महत्ता को समझाया गया है।