संस्थाएं
आराधना एवं गौरवमयी उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण संपन्न
दक्षिण मुंबई। महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में शासनश्री साध्वी कंचनप्रभा जी एवं शासनश्री साध्वी मंजुरेखा जी आदि ठाणा-५ के सान्निध्य में मंगलमय नवरात्रि का सुंदर आयोजन संपन्न हुआ। साध्वी कंचनप्रभा जी ने अनुष्ठान करवाने से पूर्व अनुष्ठान की उपलब्धि के बारे में बताया और कहा कि श्रद्धापूर्वक अनुष्ठान करने वालों की मंजिल तय होती है। उन्होंने कहा कि विनम्रता, सादगी एवं संयम से मंत्र, जप और अनुष्ठान फलीभूत होते हैं। सह-शासनश्री साध्वी मंजुरेखा जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नवरात्रि भारत का शृंगार है और भारतीय संस्कृति में इसका अत्यंत बड़ा महत्व है। नवरात्रि में देवियों की विशेष महिमा गाई जाती है। मंदिर हो या डांडिया रास, हर स्थान पर देवियों का श्रद्धा के साथ गुणगान और वर्चस्व बढ़ाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान घाटकोपर सभा के अध्यक्ष शांतिलाल कोठारी एवं उपाध्यक्ष सुरेश राठौड़ ने नवरात्रि की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़ आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।