संस्थाएं
सिरियारी में भिक्षु हेम ग्रंथागार का उद्घाटन
आचार्य भिक्षु समाधि स्थल संस्थान, सिरियारी में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भिक्षु हेम ग्रंथागार का उद्घाटन किया गया। आचार्य महाश्रमण के आज्ञानुवर्ती शासनश्री मुनि सुरेशकुमार 'हरनावां', शासनश्री मुनि मुनिव्रत स्वामी तथा सुशिष्य मुनि जितेन्द्रकुमार आदि ठाणा-7 के पावन सानिध्य में संस्थान अध्यक्ष निर्मल श्रीश्रीमाल एवं जेठीदेवी ने विधिवत रूप से ग्रंथागार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आचार्य श्री भिक्षु समाधि स्थल संस्थान में श्रद्धा एवं उत्साह का माहौल रहा। संतवृंद के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के स्टाफगण सहित अनेक श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया। सभी ने इस पहल को धार्मिक साहित्य के संरक्षण एवं अध्ययन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना। धार्मिक ज्ञान और साहित्य के संरक्षण की दिशा में कदम
भिक्षु हेम ग्रंथागार की स्थापना को आचार्य श्री भिक्षु की आध्यात्मिक परंपरा, जैन दर्शन तथा धार्मिक साहित्य के अध्ययन से जोड़कर देखा जा रहा है। ग्रंथागार के माध्यम से धार्मिक ग्रंथों के संग्रह, संरक्षण और अध्ययन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। ऐसे ग्रंथागार नई पीढ़ी को धर्म, दर्शन और आध्यात्मिक विचारधारा से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।