शक्ति संचय और भाव शुद्धि का पावन पर्व

संस्थाएं

चेम्बूर।

शक्ति संचय और भाव शुद्धि का पावन पर्व

आचार्यश्री महाश्रमण जी की विदुषी सुशिष्या साध्वी निर्वाणश्री जी के पावन सान्निध्य में नवरात्रि अनुष्ठान उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में शुभारंभ हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विदुषी साध्वी निर्वाणश्री जी ने कहा - नवरात्रि का समय शक्ति संचय का समय है। इसमें अनुष्ठान विशेष लाभदायी हो सकता है। जप करनेवालों को कई दृष्टियों से विचार करना जरूरी है। मुख्यतः द्रव्य-शुद्धि, स्थान शुद्धि, समय शुद्धि व भाव शुद्धि पर ध्यान देना अपेक्षित है।
इन चारों में भी भावशुद्धि ज्यादा महत्वपूर्ण है। भक्तामर हमारे जैन धर्म का प्रभावशाली स्तोत्र है। डा. साध्वी योगक्षेमप्रभा जी ने अपने विशेष वक्तव्य में भक्तामर अनुष्ठान की महत्ता बताते हुए उसकी विधि एवं अन्य महत्वपूर्ण तथ्य प्रकट किए। मंत्र को चैतन्य कैसे करे, भक्तामर की रचना कब और कैसे हुई, इस शक्तिशाली स्तोत्र के मुख्य लाभ क्या हैं आदि बिंदुओं पर उन्होंने ओजस्वी वाणी में उद्गार प्रकट किए। साध्वी लावण्यप्रभा जी, साध्वी कुंदनयशा जी, साध्वी मुदितप्रभा जी एवं साध्वी मधुरप्रभा जी ने सस्वर मंत्रोच्चार करते हुए स्तोत्रपाठ किया। उपस्थित जनसमूह ने भी केन्द्र द्वारा निर्धारित अनुष्ठान व भक्तामर पाठ में जुड़कर विशेष आनंद का अनुभव किया। श्वेत परिधान में बंधुओं एवं लाल चुंदड़ी में महिलाओं के विशाल उपस्थिति में अनुष्ठान की विशेषता जाहिर की।