आध्यात्मिक ऊर्जा और संकल्पों के साथ नवाह्निक अनुष्ठान का आगाज

संस्थाएं

विलेपार्ले|

आध्यात्मिक ऊर्जा और संकल्पों के साथ नवाह्निक अनुष्ठान का आगाज

गोयल भवन के प्रांगण में युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी के विदुषी सुशिष्या साध्वी राकेश कुमारी जी, साध्वी मलयविभा जी, साध्वी विपुलयशा जी एवं साध्वी चेतस्वीप्रभा जी के पावन सान्निध्य में नवरात्रि के प्रथम दिवस से नवाह्निक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। सभी साध्वीजी एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने विधिवत अनुष्ठान का क्रम संपन्न किया। इसके पश्चात साधक डॉ. दिलीप सरावगी के मुख्य वक्तृत्व में नवग्रहों पर एक विशेष कार्यशाला आयोजित हुई। डॉ.दिलीप सरावगी ने अत्यंत रोचक एवं सरल उदाहरणों के माध्यम से नवग्रहों तथा उनसे संबंधित प्रभावों को समझाया। उन्होंने संसद एवं कैबिनेट का उदाहरण देते हुए ग्रहों की भूमिका को सहज रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने नौ ग्रहों का तीर्थंकरों, शरीर के विभिन्न अंगों तथा पारिवारिक संबंधों से जुड़े संदर्भों के माध्यम से विश्लेषण किया। सूर्य का पिता से संबंध जैसे उदाहरणों द्वारा उन्होंने विषय को रोचक बनाया। साथ ही, नवग्रहों और नमस्कार महामंत्र के बीच के संबंध को स्पष्ट करते हुए बताया कि नमस्कार महामंत्र के जाप एवं मंत्र-साधना के माध्यम से ग्रहों से संबंधित दोषों के निवारण की भावना रखी जा सकती है। उन्होंने मंत्रों की प्रभावशीलता में शुद्ध उच्चारण, निर्मल भाव, वस्त्रों की शुद्धता तथा साधना-स्थल की पवित्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के अंत में उन्होंने उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करने का भी प्रयास किया। इस अवसर पर साध्वी राकेश कुमारी जी ने अपने मंगल उद्बोधन में बताया कि जैन धर्म में मंत्रों का विशेष महत्व है और मंत्र परंपरा आगम सम्मत है। नमस्कार महामंत्र की महिमा बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें चौदह पूर्वों का ज्ञान समाहित है। कर्मों के आवरण आत्मा के मूल लक्ष्य तक पहुँचने में बाधक बनते हैं, इसलिए साधना एवं आराधना के माध्यम से इन आवरणों को दूर करने का प्रयास करना आवश्यक है। मंत्र-साधना से आत्मा की पवित्रता बढ़ती है, लेकिन इसके लिए शुद्ध भाव, श्रद्धा और समर्पण अनिवार्य हैं। उन्होंने प्रेरणा दी कि मंत्रों की उपासना साधक के जीवन में एक सुरक्षा-कवच के समान बन सकती है। साध्वीजी ने सभी को नवाह्निक अनुष्ठान में नियमित रूप से सहभागी बनकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में दीपक डागलिया ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। साध्वीजी के मंगल पाठ से कार्यक्रम का समापन हुआ।