संपादकीय
थाने लोग कतरा दिन याद राखसी?
कभी एकांत में बैठकर स्वयं से एक प्रश्न पूछिएगा-आखिर हम जी किसलिए रहे हैं? धन कमाने के लिए? परिवार के लिए संपत्ति जोड़ने के लिए? समाज में प्रतिष्ठा पाने के लिए? या फिर उस जीवन को सार्थक बनाने के लिए, जो हमें न जाने कितने पुण्यों के बाद मिला है?
A. सात पीढ़ी का धन :
हम सात पीढ़ियों के भविष्य की चिंता करते हैं। उनके लिए धन, संपत्ति और सुविधाएँ जुटाते हैं। लेकिन क्या कभी सोचा है कि सात पीढ़ियों के धन की चिंता करते-करते हम अपने धर्म की कितनी चिंता करते हैं?
अहमदाबाद में एक अवसर पर परम पूज्य आचार्यश्री महाश्रमणजी ने इसी संदर्भ में अत्यंत मार्मिक बात फरमाई थी-
'लोग सात पीढ़ी के धन की चिंता करते हैं, तो क्या सात पीढ़ी के धर्म की भी चिंता करते हैं?'
यह प्रश्न केवल सुनने के लिए नहीं, स्वयं के भीतर उतरकर इसका उत्तर खोजने के लिए है।
एक निवेश धन में, दूसरा धर्म में!
मान लीजिए, आपको पता चले कि किसी कंपनी के शेयर में आने वाले वर्षों में शानदार वृद्धि की संभावना है। क्या आप उसमें निवेश बढ़ाएँगे? स्वाभाविक है!
लेकिन जरा सोचिए-अपने आर्थिक भविष्य के लिए हम इतने सजग हैं, तो अपने आध्यात्मिक भविष्य के लिए कितने सजग हैं?
धन कमाना गलत नहीं, परिवार के लिए जीना भी गलत नहीं। गलती तब शुरू होती है, जब घर का भंडार भरते-भरते हम अपने भीतर का भंडार खाली कर देते हैं।
B. 'थाने लोग कतरा दिन याद राखसी'? :
भगवान महावीर के निर्वाण को लगभग 2500 वर्ष, आचार्य भिक्षु के देवलोक गमन को लगभग 250 वर्ष और आचार्यश्री तुलसी के महाप्रयाण को 25 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है।
फिर भी हम उन्हें याद करते हैं। क्यों?इसलिए नहीं कि उन्होंने अपने लिए कितना संग्रह किया, बल्कि इसलिए कि उन्होंने अपने जीवन को स्वयं से ऊपर उठाकर धर्म, समाज और मानवता के लिए समर्पित किया। स्वयं से प्रश्न करे कि हम चले जाएंगे तो लोग कितने वर्ष याद करेंगे? शायद स्मृति सभा के 2.5 मिनिट!!
C. एक दृष्टि अपने जीवन की ओर :
एक दिन हमारा भी यह संसार छूट जाएगा। हमारा पद किसी और के पास होगा, हमारी कुर्सी पर कोई और बैठेगा, हमारी संपत्ति के कागज किसी और के हाथों में होंगे और जिस घर को हमने अपना संसार समझा, वह हमारे बिना भी चलता रहेगा।
तब प्रश्न यह नहीं होगा कि हमने कितना कमाया। प्रश्न यह होगा कि हमने अपने जीवन से क्या कमाया-धन, प्रतिष्ठा और संपत्ति या किसी के हृदय में स्थान?
आँसू कुछ दिनों में सूख जाते हैं, तस्वीरों पर धूल जम जाती है। लेकिन किसी के जीवन में बोए गए अच्छे संस्कार और किसी के दुःख में दिया गया सहारा कभी-कभी पीढ़ियों तक जीवित रहता है। जीवन कितना लंबा था, यह महत्त्वपूर्ण है; लेकिन उससे भी बड़ा प्रश्न है-उस जीवन से कितना उजाला फैला?
D. गण का भंडार या घर का भंडार?
आचार्यश्री महाप्रज्ञजी ने गुरु तुलसी के समर्पित जीवन को इन पंक्तियों में अभिव्यक्त किया-
'जीवन भर काम करूँगा,
गण का भंडार भरूँगा,
संकल्प अटूट निभाया रे...
महाप्राण गुरुदेव!'
और आज के मनुष्य की दौड़ को इन शब्दों में समझा जा सकता है-
'जीवन भर काम करूँगा,
घर का भंडार भरूँगा,
संकल्प मोह का साधा रे,
मन में ये सदैव'
घर का भंडार भरना कर्तव्य है, लेकिन समाज का भंडार भरना जीवन की सार्थकता है। आचार्यश्री तुलसी ने अपने जीवन से यही सिखाया कि मनुष्य की महानता उसके संग्रह की सीमा से नहीं, उसके समर्पण की सीमा से पहचानी जाती है।
E. जितनी भारी गठरी, उतना कठिन सफर!
'जितनी भारी गठरी होगी,
उतना तू हैरान रहेगा,
जितना कम सामान रहेगा,
उतना सफर आसान रहेगा।’
जीवन की गठरी में केवल धन और संपत्ति का बोझ नहीं होता। इसमें अहंकार, ईर्ष्या, प्रतिस्पर्धा, प्रतिशोध और अनगिनत इच्छाएँ भी भरी होती हैं।
एक इच्छा पूरी होती है, तो दूसरी जन्म ले लेती है। इस दौड़ में हम सब कुछ जुटाते रहते हैं, लेकिन कभी यह नहीं पूछते कि जिसे पाने के लिए हम जी रहे हैं, क्या वह वास्तव में हमारे जीवन को बेहतर भी बना रहा है?
त्याग का अर्थ संसार छोड़ देना नहीं, बल्कि संसार में रहते हुए भी उसके मोह का गुलाम न बनना है। परिवार के प्रति उत्तरदायित्व निभाना है, लेकिन अपने भीतर के मनुष्य को जीवित रखते हुए।
धन हमारे पास हो, लेकिन धन ही हमारा उद्देश्य न बन जाए। प्रतिष्ठा मिले, लेकिन अहंकार न आ जाए। सफलता मिले, लेकिन संवेदना न खो जाए।
F. फैसलो अब थारै हाथ में है!
आचार्यश्री तुलसी की जन्म जयंती पर स्वयं से केवल तीन प्रश्न पूछिए-
1. मैं अपने बच्चों के लिए कितनी संपत्ति छोड़कर जाऊँगा, यह तो सोचता हूँ; लेकिन कितने संस्कार छोड़कर जाऊँगा?
2. मैंने जीवन में कितने लोगों से संबंध बनाए, यह तो याद है; लेकिन कितने लोगों के दुःख में उनके साथ खड़ा रहा?
3. यदि कल मेरा नाम इस संसार से मिट जाए, तो मेरे जीवन का ऐसा क्या होगा, जो मेरे जाने के बाद भी जीवित रहेगा?
इन प्रश्नों का उत्तर किसी सभा में नहीं देना है। न किसी को दिखाना है, इनका उत्तर केवल अपने अंतर्मन को देना है। अंत में, फिर वही प्रश्न-
–थारी पहचान थारी तिजोड़ी सूं रहसी, या थारा संस्कारां सूं?
–थारी याद थारा पद अर प्रतिष्ठा सूं रहसी, या थारा त्याग अर सेवा सूं?
–थारो जीवन फ़गत तिजोड़ियाँ भरण में बीतसी, या गण, धर्म अर समाज रै भंडार में भी काई योगदान जोड़सी?
जीवण फ़गत तिजोड़ियाँ भरण रो नाम कोनी।
फैसलो अब थारै हाथ में है-
दो पल री मौन-पाळ पाछै
विस्मृति में खो जावणो है,
या सेवा, संस्कार अर समर्पण रै बल पर,
लोगां रै हिवड़ै में चिरकाल ताईं जीवंत रैवणो है!
आचार्यश्री तुलसी को सच्ची श्रद्धांजलि यही है-हमारा जीवन केवल हमारे लिए नहीं, किसी बड़े उद्देश्य के लिए भी जिए।
–कार्यकारी संपादक, तेरापंथ टाइम्स