आचार्यश्री तुलसी के सपनों की कामधेनु : जैन विश्व भारती

रचनाएं

राजेंद्र खटेड़, लाडनूं

आचार्यश्री तुलसी के सपनों की कामधेनु : जैन विश्व भारती

A. जैन विश्व भारती :
भारतीय संत परम्परा के शिखर पुरुष, अध्यात्म जगत के उज्ज्वलतम नक्षत्र एवं देदीप्यमान महापुरुष का नाम है- आचार्यश्री तुलसी। बीसवीं सदी के क्रांतिकारी व्यक्तित्वों की श्रृंखला में उनका नाम अग्रिम पंक्ति में अंकित है।
आचार्यश्री तुलसी एक महान स्वप्नद्रष्टा थे। उन्होंने न केवल अनेक स्वप्न देखे, बल्कि अपने व्यक्तित्व एवं कर्तृत्व से उन स्वप्नों को साकार भी किया। संस्था निर्माण यद्यपि उनका लक्ष्य नहीं था, किन्तु मानवीय मूल्यों एवं नैतिक सूत्रों पर आधारित सामाजिक व्यवस्था उनके विश्व-परिवर्तन के लक्ष्य का एक सशक्त साधन थी। इसी लक्ष्य और मिशन का साकार स्वरूप बना- 'जैन विश्व भारती', जो उनकी स्वप्न-श्रृंखला की एक महत्त्वपूर्ण कड़ी है।
एक संकल्प का बीजारोपण
सन् 1959 में आचार्यश्री तुलसी के कलकत्ता प्रवास के समय न्यायाधीश राधाविनोद पाल ने उनके समक्ष जैन विश्वविद्यालय की स्थापना का चिंतन प्रस्तुत किया। इससे पूर्व प्रसिद्ध विद्वान डॉ. कालिदास नाग भी यह सुझाव रख चुके थे। गुरुदेव के मन में जैन विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु संकल्प जागृत हुआ।
सन् 1960 में तेरापंथ द्विशताब्दी के पावन अवसर पर राजसमंद (मेवाड़) चतुर्मास में सरदारशहर के प्रसिद्ध सेठ श्री सुमेरमलजी दूगड़ का परिवार उपासना में था। शैक्षणिक एवं संस्कृति गतिविधियों की चर्चा के दौरान गुरुदेव ने उनके ज्येष्ठ पुत्र श्री भंवरलालजी दूगड़ से कहा-'भंवरजी ! तुमने अनेक दिशाओं में अनूठे कार्य किए हैं। समाज में अनेक नई प्रवृत्तियों का प्रारम्भ किया है, पर यह दिशा बंद रह गई है। धर्मसंघ की दृष्टि से तुमने कभी कुछ सोचा है क्या?' श्री दूगड़ गुरुदेव के इन वाक्यों से एक क्षण के लिए सहम गए और तुरन्त उनके अव्यक्त संकेत को पकड़ते हुए बोले- 'गुरुदेव! यह तो मेरी भूल रही है। मैंने इस विषय में कभी कुछ सोचा ही नहीं। अब मैं जल्दी ही कोई योजना बनाकर निवेदन करूंगा।'
गुरु-इंगित को शिरोधार्य कर श्री दूगड़ ने एक ऐसे संस्थान की योजना बनाई, जहाँ प्राच्य विद्याओं के अध्ययन एवं शोध का महत्त्वपूर्ण कार्य हो सके तथा अनेक प्रवृत्तियों का संचालन हो, जिससे जैन समाज और पूरे देश में विशिष्ट पहचान बने। श्री जयचंदलाल दफ्तरी और डॉ. नथमलजी टाटिया भी इस चिंतन के साथ जुड़ गए। इस प्रकार श्री भंवरलालजी दूगड़ जैन विश्व भारती के प्रथम कल्पनाकार बने। अपनी योजना गुरुचरणों में निवेदित करने से पूर्व वे राजस्थान के तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री मोहनलाल सुखाड़िया से मिलकर स्थान का निर्णय करने हेतु जयपुर जा रहे थे। नियति के दुर्योग से मार्ग में सड़क दुर्घटना में उनका देहावसान हो गया, और स्थापना के चिंतन को कुछ समय के लिए विराम लग गया।
आचार्यश्री तुलसी की दक्षिण यात्रा के समय सन् 1969 में पुनः इस विषय में चिंतन एवं गोष्ठियों का दौर प्रारम्भ हुआ, जिनमें श्री हनुमानमल बैंगानी, श्री श्रीचंद रामपुरिया, श्री गोपीचंद चोपड़ा, श्री प्रभुदयाल डाबड़ीवाल, श्री सूरजमल गोठी, श्री खेमचंद सेठिया आदि समाज के विशिष्ट महानुभाव सहभागी बने। अंततः दिनांक 31 मार्च 1970 को हैदराबाद में आचार्यश्री तुलसी के पावन सान्निध्य में समाज के प्रमुख व्यक्तियों की उपस्थिति में 'जैन विश्व भारती' की स्थापना का सैद्धान्तिक निर्णय लिया गया और राजस्थान सरकार के संस्था रजिस्ट्री अधिनियम के अन्तर्गत इसका विधिवत पंजीकरण कराया गया।
B. कामधेनु की परिकल्पना :
आचार्यश्री तुलसी का स्वप्न था कि जैन विश्व भारती के माध्यम से एक ऐसा मंच तैयार हो, जहां जैन दर्शन और तेरापंथ धर्मसंघ के मौलिक सिद्धांतों पर नए सिरे से चिंतन हो। लोग जैन तत्त्वदर्शन एवं जैन वाङ्मय के विविध अंगोपांगों पर सूक्ष्म पर्यालोचन, विचार-मंथन, विवेचन व विश्लेषण करें। इस हेतु समय-समय पर सेमिनार, संगोष्ठियां आयोजित हों, जिनमें देश-विदेश के विद्वान, विचारक, दार्शनिक तथा साहित्यकार गहन चिंतन-मंथन कर सकें। उन्होंने एक ऐसी बहुआयामी संस्था का स्वप्न देखा, जो समाज की विभिन्न अपेक्षाओं की पूर्ति करने वाली 'कामधेनु' बन सके। जैन विश्व भारती का उद्भव उस महान युगचेता, दूरद्रष्टा, राष्ट्रसंत के मानव-कल्याणकारी चिंतन की परिणति है।
शांति, सद्भाव, सौहार्द और समन्वय जैसे महनीय मूल्यों की प्रतिष्ठा हेतु आचार्यश्री तुलसी की पावन आध्यात्मिक प्रेरणा से सन् 1970 में राजस्थान के नागौर जिले के लाडनूं नगर में जैन विश्व भारती की स्थापना हुई। लाडनूं आचार्यश्री तुलसी की जन्मभूमि भी है और कर्मभूमि भी। शिक्षा, शोध, साहित्य एवं साधना के मूल लक्ष्यों पर आगे बढ़ते हुए संस्था ने क्रमशः विकास की दिशा में आरोहण किया। जैन विश्व भारती विश्व मानवता के लिए एक वरदान स्वरूप है।
C. मानवीय मूल्यों को समर्पित जैन विश्व भारती :
एक ऐसा आध्यात्मिक संस्थान है, जो आचार्यश्री तुलसी और आचार्यश्री महाप्रज्ञ की ऊर्जा-रश्मियों का पुंज है, जो वर्तमान में आचार्यश्री महाश्रमणजी के आध्यात्मिक संरक्षण में विकास की ओर निरन्तर गतिशील है।
–एक ऐसा बहुमुखी संस्थान, जहां शिक्षा, सेवा, साधना, साहित्य, शोध, संस्कृति और समन्वय का संगम है।
–एक ऐसा सुरम्य संस्थान, जो प्राकृतिक सौंदर्य से आपूरित है।
–एक ऐसा पवित्र संस्थान, जो सामाजिक, सांस्कृतिक व आध्यात्मिक गतिविधियों की त्रिवेणी है।
–एक ऐसा शोध संस्थान, जो जैन दर्शन एवं प्राच्य विद्याओं के उच्च स्तरीय अध्ययन व शोध का केन्द्र है।
–एक ऐसा शिक्षण संस्थान, जहाँ प्राथमिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक की शिक्षा की समुचित व्यवस्था है।
–एक ऐसा अभिनव संस्थान, जहां आत्मिक शांति के लिए योग एवं ध्यान का अनूठा केन्द्र है।
D. सप्त सकार : कामधेनु के सात स्रोत :
जैन विश्व भारती की विविधमुखी गतिविधियों को आचार्यश्री तुलसी ने शिक्षा, शोध, साहित्य, साधना, सेवा, संस्कृति और समन्वय- इन 'सप्त सकार' की संज्ञा दी।
सकारध्येय / भाव
शिक्षाज्ञान / साथ संस्कार
शोधपरम्परा/ नवीनता
साहित्यविचार / प्रसार
साधनाआत्मानुशासन/ चेतना
सेवासंवेदना /उत्तरदायित्व
समन्वयसंवाद सहयोग
संस्कृति/ विरासत के साथ वर्तमान की प्रासंगिकता
1. प्रथम सकार- शिक्षा:
बौद्धिक शिक्षा के साथ-साथ मानवीय मूल्यों से युक्त शिक्षा के माध्यम से संस्कार-निर्माण और सर्वांगीण व्यक्तित्व का निर्माण जैन विश्व भारती का लक्ष्य रहा है। प्राच्य विद्या, जैन धर्म व दर्शन के मूलभूत सिद्धांतों की शिक्षा प्रदान कर उन्हें व्यापक स्वरूप में प्रतिपादित करना भी इसका ध्येय है। इसी हेतु यहां प्राथमिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक की शिक्षा की व्यवस्था है।
जैन विश्व भारती के संरक्षण में पल्लवित पुष्पित जैन विश्व भारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) जैन विद्या एवं प्राच्य विद्या के विकास का समुन्नत केन्द्र है तथा विश्व का प्रथम जैन विश्वविद्यालय है। यह प्राचीन भारत के एक ऐसे तपोवन के समान है, जहां साधु-साध्वियां, समणियां, शोधार्थी तथा विद्वान आर्ष परम्परा का संवहन करते हुए अध्ययन, नित नव अनुसंधान और सृजन में सक्रिय हैं।
लाडनूं में संचालित महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल तथा जयपुर व टमकोर में महाप्रज्ञ इंटरनेशनल स्कूल से उत्तीर्ण होकर प्रतिवर्ष सैकड़ों बालक-बालिकाएँ नैतिक एवं आध्यात्मिक परिवेश में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। महाप्रज्ञ ग्लोबल स्कूल शिक्षा के नव सृजन के रूप में प्रस्तुत हो रहा है।
भावी पीढ़ी में जैनत्व के संस्कारों के संरक्षण तथा आध्यात्मिक व नैतिक शिक्षा के विकास की दृष्टि से 'समण संस्कृति संकाय' के अंतर्गत देशभर में जैन विद्या की शिक्षा दी जाती है, जिससे बालक-बालिकाओं के संस्कार-निर्माण एवं तत्त्वज्ञान-अभिवृद्धि का अमूल्य कार्य हो रहा है।
जय तुलसी एज्युकेशन बोर्ड के अंतर्गत तेरापंथ और तेरापंथ के आचार्यों और गतिविधियों के नामकरण से देशभर में संचालित विद्यालयों को जैन विश्व भारती के अंतर्गत संबद्धता प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है।
2. द्वितीय सकार- सेवा :
जैन विश्व भारती परिसर में अवस्थित 'सेवाभावी आयुर्वेदिक रसायनशाला' प्रामाणिक एवं विश्वसनीय औषधियों का निर्माण कर जन-सामान्य की आरोग्य सेवा में योगदान दे रही है। योगक्षेम वर्ष में 'निरामयम्' चिकित्सालय का नवनिर्माण कर चारित्रात्माओं, समण श्रेणी, मुमुक्षु बहिनों, श्रावक-श्राविकाओं को अध्ययनरत विद्यार्थियों, आगंतुक अतिथियों आदि को त्वरित रूप से सामान्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। बीदासर में संचालित 'श्रीमद् आचार्यश्री तुलसी महाप्रज्ञ मानव कल्याण केन्द्र' भी चिकित्सा सेवा का एक उपक्रम है। समण श्रेणी का मुख्य प्रवास केन्द्र भी जैन विश्व भारती है।
3. तृतीय सकार - साधना :
आचार्यश्री तुलसी ने साधना पर विशेष बल दिया। उन्होंने अपने अनेक शिष्य-शिष्याओं को विभिन्न प्रकार से साधना में नियोजित किया।
व्यक्ति के भीतर की ऊर्जा से ही उसकी समस्याओं का समाधान हो, इस दृष्टि से आचार्यश्री तुलसी के पावन सान्निध्य एवं आध्यात्मिक निर्देशन में आचार्यश्री महाप्रज्ञजी ने सघन साधना व शोध के आधार पर ध्यान की प्राचीन विधा को 'प्रेक्षाध्यान' के रूप में नवीन परिवेश में प्रस्तुत किया। 'प्रेक्षाध्यान' की समस्त गतिविधियां जैन विश्व भारती के अंतर्गत प्रेक्षाध्यान फाउंडेशन द्वारा संचालित है। परिसर में स्थित 'आचार्य तुलसी इंटरनेशनल प्रेक्षा मेडिटेशन सेन्टर' के विशाल व भव्य भवन में लगभग प्रतिमाह आवासीय प्रेक्षाध्यान शिविर आयोजित होते हैं।
4. चतुर्थ सकार - साहित्य :
साहित्य प्रकाशन, प्रचार-प्रसार एवं वितरण जैन विश्व भारती की महत्त्वपूर्ण गतिविधि है। आगम, जैन धर्म एवं दर्शन, जैन विद्या, तेरापंथ दर्शन, तेरापंथ के आचार्यों एवं साधु-साध्वियों, समण-समणियों व शोधार्थियों द्वारा लिखित अथवा संपादित विपुल साहित्य का प्रकाशन जैन वाङ्मय के इतिहास में अभिवृद्धि का स्मारक-चिह्न बना हुआ है। यहां प्राकृत, संस्कृत, हिन्दी, अंग्रेजी सहित अनेक क्षेत्रीय व विदेशी भाषाओं में अनुवादित साहित्य भी प्रकाशित हुआ है, जिससे जैन दर्शन और साहित्य को व्यापकता मिली है।
यहां का विशाल पुस्तकालय विभिन्न धर्म, भाषा एवं संस्कृति के ग्रंथों का अद्भुत संग्रहालय है। इसमें विविध भाषाओं, विषयों और दर्शनों से संबंधित महत्त्वपूर्ण पुस्तकों के साथ दुर्लभ प्राचीन हस्तलिखित पाण्डुलिपियों का समृद्ध संग्रह है।
5. पंचम सकार - शोध :
जैन विश्व भारती के मूलभूत उद्देश्यों में 'शोध' का स्थान सर्वोपरि रहा है। गुरुदेव ने इसे प्राच्य विद्या एवं जैन दर्शन के उच्च स्तरीय शोध संस्थान के रूप में परिकल्पित किया था। प्रारम्भ में एक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत विद्वानों द्वारा शोध कार्य चलते थे। कालान्तर में जैन विश्व भारती संस्थान (मान्य विश्वविद्यालय) की स्थापना इसी कल्पना का साकार रूप बनी।
भगवान महावीर की वाणी से संबंधित सम्पूर्ण मूल जैन आगमों का अन्वेषण कर उनमें छिपे सत्य एवं रहस्यों को सरल भाषा में प्रस्तुत करने के लक्ष्य के अन्तर्गत आगम अनुसंधान, अनुशीलन, अनुवाद, टिप्पण, पाठ संशोधन, संस्कृत छाया, समीक्षात्मक अध्ययन, शब्दकोश निर्माण, हस्तलिखित पाण्डुलिपियों का पठन एवं समीक्षण आदि कार्य सम्मिलित हैं।
6. षष्टम सकार- संस्कृति :
आचार्यश्री तुलसी का चिंतन था कि धर्म एवं दर्शन हमारी मूल्य-चेतना के आधार हैं और संस्कृति के अभिन्न अंग हैं। इस दृष्टि से जैन विश्व भारती संस्कृति के संवर्द्धन व संरक्षण हेतु सतत क्रियाशील है।
जैन विश्व भारती परिसर में जैन धर्म को दर्शाने वाले प्राचीन एवं अर्वाचीन चित्रों और हस्तकलाओं की प्रचुर सामग्री से सज्जित 'तुलसी कला दीर्घा' आगन्तुक अतिथियों के आकर्षण का केन्द्र है, जहां स्थापत्य कला, चित्रकला, लिपिकला, हस्तकला एवं मूर्तिकला के माध्यम से संस्कृति की गौरवशाली विरासत अभिव्यक्त होती है। यहां दुर्लभ हस्तलिखित ग्रंथों एवं पाण्डुलिपियों को संग्रहित कर जैन संस्कृति की अनमोल धरोहर को सुरक्षित एवं संरक्षित रखा जा रहा है।
7. सप्तम सकार- समन्वय:
विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के समन्वय की दृष्टि से भी जैन विश्व भारती एक पवित्र संगम है। आचार्यश्री तुलसी की प्रारम्भ से ही यह कल्पना थी कि जैन विश्व भारती एक अद्वितीय संस्थान बने, जहां विभिन्न धर्मों एवं संस्कृतियों का तुलनात्मक अध्ययन हो और उनमें परस्पर समन्वय स्थापित हो। इसी भावना से विश्वविद्यालय के अन्तर्गत अहिंसा एवं तुलनात्मक ह्यूस्टन, ओरलैण्डो, न्यूजर्सी एवं लंदन में इसके नाम से केन्द्र संचालित हैं, जहां समण-समणीवृंद के सान्निध्य में जैन धर्म-दर्शन तथा तेरापंथ से संबंधित गतिविधियाँ निरन्तर चलती हैं।
समन्वय के अंतर्गत ही जैन विश्व भारती विशिष्ट क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रतिवर्ष विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित कर उनकी सेवाओं का मूल्यांकन करती है।
7. सप्त सकार से आगे :
सप्त सकाररूपी गतिविधियों के अतिरिक्त भी अनेक ऐसे तथ्य हैं, जो जैन विश्व भारती को वास्तव में समाज की कामधेनु के रूप में स्थापित करते हैं।
तेरापंथ धर्मसंघ की विभिन्न केन्द्रीय संस्थाओं के भवन एवं पंजीकृत कार्यालय इसे तेरापंथ की राजधानी का स्वरूप प्रदान करते हैं। सुविधायुक्त अतिथिगृह, नयनाभिराम उपवन एवं विभिन्न आध्यात्मिक स्थल इस परिसर की महत्ता को द्विगुणित करते हैं।
मरुधरा में मुस्काती तपोभूमि
सुरम्य हरीतिमा से सुशोभित परिसर जैन विश्व भारती के बाह्य सौन्दर्य की मुखर कहानी कहता है। रमणीय प्राकृतिक छटा, शुद्ध वातावरण और शान्त परमाणु इसे एक तपोभूमि या आश्रम का स्वरूप प्रदान करते हैं। यह सरस्वती की विरल क्रीड़ाभूमि है, जिस पर अनेक मूर्धन्य विद्वानों ने अपने ज्ञान की गंगा बहाई है।
यह तपोभूमि आश्रम की एक ऐसी झलक है, जो शुष्क मरुभूमि में मुस्काती हरियाली को अपने आंचल में समेटे हुए है। इसकी गोद में नाचते राष्ट्रीय पक्षी मयूर हर पल निर्भय आनंद का अनुभव करते हैं। यहां का निराला सौंदर्य आगन्तुक अतिथि को सम्मोहित कर लेता है।
E. आचार्यश्री तुलसी की आध्यात्मिक प्रेरणा से : अभिसिंचित जैन विश्व भारती रूपी वह बीज वर्तमान में आचार्यश्री महाश्रमणजी के पावन आध्यात्मिक संरक्षण में विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है,
जैन विश्व भारती को परम पूज्य आचार्यों का आर्शीवचन
आचार्यश्री तुलसी :
‘यदि ज्ञान की भूख हो, साधना की ललक हो, अपनी संस्कृति के प्रति असीम अनुकम्पा हो, अनुसंधान की प्रवृत्ति हो तथा अनन्त की जिज्ञासा हो, तो इन सबके लिए एक ही संस्थान का नाम घूम-फिर कर सामने आता है और वह है 'जैन विश्व भारती'। यहां कोरा बौद्धिक ज्ञान नहीं दिया जाता, प्रत्युत सत्यं, शिवं, सुन्दरम् की त्रिपथगा को प्रवाहित करने वाला बोध दिया जाता है। अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांत के सिद्धांत को जन-जन के हृदय में प्रस्फुटित करने और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान-विज्ञान तथा शोध के पथ को पूर्णता प्रदान करने की दृष्टि से यह संस्थान अनुपमेय है।’
आचार्यश्री महाप्रज्ञजी :
‘जैन विश्व भारती आचार्य तुलसी का एक स्वप्न, एक कल्पना और एक यथार्थ। इसने अनेक उंगलियों का स्पर्श पा आकार लिया और इसमें प्राण-संचार हुआ। जैन विद्या के विकास का जो दायित्व लिया, उसका निर्वाह किया। आज यह प्रस्तर-खण्डों में नहीं, लोकमानस में प्रतिष्ठित है।’
आचार्यश्री महाश्रमणजी :
‘प्राचीन साहित्य में जयकुंजर का वर्णन उपलब्ध होता है। इस जयकुंजर नामक विशाल हाथी के सदृश जैन विश्वभारती भी विशाल है, इसका परिसर रमणीय है। इसमें साधना, शिक्षा, सेवा, साहित्य, शोध आदि विविध प्रवृत्तियां संचालित हैं। वस्तुतः यह जयकुंजर के समान एक विशाल संस्था है। आचार्य तुलसी एवं आचार्य महाप्रज्ञ के आशीर्वाद व छत्रछाया में यह संस्था पल्लवित पुष्पित हुई है और विकास के पथ पर अग्रसर हो रही है।’