रचनाएं
हृदय परिवर्तन का महाअभियान: अणुव्रत से व्यक्ति और राष्ट्र का निर्माण:
A. प्रस्तावना : दीदेरो की तलाश और आचार्य तुलसी का प्रादुर्भाव
बात बहुत पुरानी है। उस समय नेपोलियन असफलता के साथ काम कर रहा था। फ्रांस के सुप्रसिद्ध दार्शनिक दीदेरो भरी दुपहरी में, हाथ में लालटेन लेकर सड़क पर घूम रहे थे। लोगों को आश्चर्य हुआ और कुतूहल भी। एक गंभीर दार्शनिक और विचारक के रूप में दीदेरो की ख्याति थी। उनको दोपहर की खुली धूप में, लालटेन लेकर चलते देख, उनकी दिमागी हालत पर संदेह होने लगा। आगे-आगे जलती हुई लालटेन हाथ में लेकर दीदेरो और उनके पीछे लोगों की भीड़ चल रही थी। किसी में उनसे पूछने का साहस नहीं था। लोगों की उस अपार भीड़ में एक छोटी सी बच्ची ने साहस किया और पूछा— ‘बाबा, दोपहर की इस धूप में आप लालटेन लेकर क्यों चल रहे हो?’
दीदेरो ने कहा— ‘मैं आदमी को खोज रहा हूँ।’ साथ चल रही भीड़ की उत्सुकता और अधिक बढ़ गई। भीड़ की ओर से एक साथ सामूहिक स्वर उभरा— ‘आप आदमी खोज रहे हैं तो हमलोग कौन हैं?‘ दीदेरो ने कहा— ‘आप बहुत कुछ हैं, किंतु आदमी नहीं हैं। आदमी में आदमियत होती है, वह मुझे किसी में दिखाई नहीं देती। मुझे उस आदमी की तलाश है जिसमें आदमियत होती है, इंसानियत हो।’
दीदेरो की इस तलाश में आचार्य तुलसी युगप्रेरक बनकर आए, जिन्होंने आजादी के साथ-साथ यह चिंतन किया कि लोग आजादी का जश्न तो मना रहे हैं, पर कहीं यह आजादी संयम और अनुशासन के अभाव में बेड़ी न बन जाए। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने 'अणुव्रत आंदोलन' का सूत्रपात किया। उन्होंने केवल सूत्रपात ही नहीं किया, अपितु सब वर्गों के लोगों का आह्वान भी किया।
B. अणुव्रत का आह्वान और ऐतिहासिक स्वीकृति : देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र बाबू से जब आचार्य तुलसी ने कहा— ‘राजेंद्र बाबू! आजादी का जश्न तो मना रहे हो, मगर याद रखना, अणुव्रत के बिना इस देश की आजादी को भ्रष्टाचार मुक्त नहीं रख पाओगे।’ तब सब ने अणुव्रत को स्वीकार कर देश का गौरव बढ़ाया था। वे जानते थे कि नैतिक मूल्यों के द्वारा ही देश की जनता संतुलित जीवन व्यतीत कर सकती है। जहाँ-जहाँ चारित्रिक और नैतिक मूल्यों का क्षरण हुआ है, वहाँ-वहाँ अनेक प्रकार की समस्याओं ने जन्म लिया है।
वर्तमान परिप्रेक्ष्य में घृणा, नफरत, वैमनस्य, तनाव, अपसंस्कृति और बलात्कार जैसी घिनौनी स्थितियाँ हमारे सामने आ रही हैं। ऐसे में साम्प्रदायिक उन्माद व्यक्ति को हिंसा की ओर धकेल रहा है। तोड़-फोड़ और लूट-खसोट जैसी छोटी-छोटी घिनौनी बातों ने व्यक्ति के व्यक्तित्व पर अनेक प्रश्न-चिह्न खड़े कर दिए हैं।
आज हमारा देश नाजुक दौर से गुजर रहा है। अनेक समस्याएँ कदम-कदम पर इंसान को भयभीत कर रही हैं, ऐसे में भंवर ही भंवर हो तो दुनिया किसका सहारा ले? बारूद के ढेर पर खड़ी दुनिया को कौन बचाए और मार्गदर्शन दे? इन हालातों में अणुव्रत ही नई चेतना जगा सकता है। अणुव्रत एक ऐसा सेतु है जिससे पूरा प्राणिजगत् सुरक्षित रहे। अणुव्रत एक दीप है जिससे गहन अंधकार में प्रकाश का साम्राज्य स्थापित किया जा सकता है।
–इसके लिए सामयिक शिविर लगाए गए, जिससे जनचेतना का जागरण हुआ। आचार्यश्री का कहना था कि हाथ, पैर, पीठ, पेट सब मिलकर काम करते हैं तो शरीर ठीक काम करता है, और एक अवयव के भी शिथिल होने से पूरा शरीर अव्यवस्थित हो जाता है।
–इसीलिए एक बार पंजाब में भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कहा था कि ‘आचार्य तुलसी समाज कल्याण में सरकार से भी सौ साल आगे चल रहे हैं।’
C. परिवर्तन की प्रक्रिया और अणुव्रत का दर्शन :
‘सुधरे व्यक्ति, समाज व्यक्ति से, राष्ट्र स्वयं सुधरेगा।’
इन पंक्तियों से हम समझ रहे हैं कि अणुव्रत के द्वारा पूरे देश का नक्शा बदला जा सकता है। अणुव्रत नवनिर्माण की चेतना का संवहन और संवर्धन करने वाला आंदोलन है। भारतवर्ष में कश्मीर से कन्याकुमारी तक इसके स्वर अनुगुंजित हो रहे हैं। यह आंदोलन पर-सुधार के साथ स्व-सुधार की बात करता हुआ इंसानियत का पाठ पढ़ाता है।
–इसमें व्यवस्था परिवर्तन की बात गौण है और हृदय परिवर्तन की बात अधिक है।
–अणुव्रत के द्वारा हज़ारों छात्र-छात्राएं दिशा-बोध प्राप्त कर व्यसन-मुक्त जीवन जी रहे हैं। स्कूल-कॉलेज से लेकर बड़े-बड़े प्रतिष्ठानों तक इसकी आचार-संहिता पहुँची हुई है और इससे काफी बदलाव भी आया है तथा व्यक्तित्व निर्माण की भूमिका भी सही दिशा ले रही है।
मानव समाज में शताब्दियों से जमे हुए रूढ़ संस्कारों, अर्थहीन मापदंडों और भौतिक जगत में पनपते परिवेश को तोड़ने के लिए अणुव्रत परमाणु विस्फोट से भी अधिक प्रभावी हो सकता है। जाति, वर्ण, लिंग और रंग आदि सीमाओं को तोड़कर अणुव्रत ने धर्मक्रांति के लिए प्रखर भूमिका का निर्माण करने में सफलता प्राप्त की है।
D. उपसंहार : व्यक्तित्व निर्माण का प्रथम सोपान : अणुव्रत व्यक्तित्व निर्माण का प्रथम सोपान है। अणुव्रत के द्वारा वर्तमान जीवनशैली को परिष्कृत कर हजारों लोगों को संयममय जीवन प्रदान किया है तथा अपने ही जीवन से शांति का संदेश दिया है। यह हर घर, हर व्यक्ति तथा हर स्कूल तक पहुंचकर व्यक्ति के जीवन को परिष्कृत कर नया नक्शा तैयार कर सकता है।
एक युवा बुरी संगत के कारण आतंक की चपेट में आ गया था, मगर जब उसने अपने जीवन की ओर झाँका तथा अणुव्रत का जो वरदान आचार्यश्री तुलसी से पाया था, उसे याद कर वह तत्काल संभल गया और इंसानियत का पाठ पढ़ते-पढ़ते खुद आदमी बन गया।