आचार्य श्री तुलसी के दूरदर्शी अवदान :  पारमार्थिक शिक्षण संस्था एवं समण दीक्षा

रचनाएं

शासनश्री साध्वी कंचनप्रभा

आचार्य श्री तुलसी के दूरदर्शी अवदान : पारमार्थिक शिक्षण संस्था एवं समण दीक्षा

प्रस्तावना : आचार्य श्री तुलसी का दूरदर्शी विजन :
आचार्य पद पर अपनी-अपनी शिष्य परंपरा में अनेक अभिधान हैं, पर जो महान ज्ञान और चारित्र संपन्न हैं, वे इतिहास में सुदुर्लभ होकर अतिशीघ्र निर्वाण पद तक सुप्रतिष्ठित हो जाते हैं। इस महनीय प्रसंग पर तेरापंथ धर्म संघ के नवमाधिशास्ता परम पूज्य आचार्य श्री तुलसी को श्रद्धाप्रणत भाव से वंदना करती हूँ, जिन्होंने दो क्रांतिकारी कार्यविधियों—'पारमार्थिक शिक्षण संस्था' और 'समण दीक्षा' को अपनी स्वीकृति एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
जब इनका प्रादुर्भाव हुआ, तब यह श्रावक समाज के नयनों में खटकने वाला दृश्य या कभी न सुना जाने वाला प्रसंग बन गया था। किंतु आज आचार्यश्री तुलसी एवं आचार्यश्री महाप्रज्ञजी के आशीर्वाद से वातावरण में आकाश-पाताल का अंतर आ गया है।
A. पारमार्थिक शिक्षण संस्था: संस्मरण और ऐतिहासिक तथ्य :
मैं ऋजुमना बनकर यह कह सकती हूँ कि मैं स्वयं उस पारमार्थिक शिक्षण संस्था की छात्रा रही हूँ। मुझे यह कहते हुए अतिशय गौरव की अनुभूति होती है कि संवत् 2014 (यानी 69 वर्ष पहले) मैं इस संस्था में गई और लगभग पाँच वर्ष वहाँ रही।
1. शासनमाता कनकप्रभा जी का सान्निध्य : यह एक ऐतिहासिक तथ्य है कि साध्वीप्रमुखा कनकप्रभा जी भी उस वक्त पारमार्थिक शिक्षण संस्था में अध्ययनरत थीं (उस समय उनका नाम कलावती बाई था)। मुझे उनके साथ संस्था में रहने का सुअवसर मिला और उनके निर्देशन में बहुत कुछ सीखने को मिला। इस संस्था ने मुझे संस्कृत और प्राकृत दोनों भाषाओं में निष्णात बनाया।
2. गुरुदेव का आशीर्वाद और परीक्षा परिणाम : दीक्षा लेने के कुछ समय बाद आचार्य श्री तुलसी ने मुझ पर महती कृपा करते हुए अचित हरे गेहूँ के दानों का ग्रास बख्शाया तथा कहा—‘देखता हूँ, कैसे उगाओगी?’ वे दाने लगभग 20-21 थे। मैंने मन ही मन चिंतन कर अर्थ निकाला कि समय का मैनेजमेंट कर मुझे संस्कृत-प्राकृत भाषा में निष्णात बनना है। कुछ महीने बाद परीक्षा का योग बना, जिसमें प्राकृत व्याकरण में मुझे 100 में से 98 अंक मिले। यह पूज्य प्रवर का ही आशीर्वाद था।
३. आत्मकथा में उल्लेख: यह मेरे जीवन का सौभाग्य था कि परम पूज्य आचार्य प्रवर ने अपनी आत्मकथा में मेरे नाम का उल्लेख किया तथा मुझे दो रजोहरण बक्शीस में दिए। यह जसोल मर्यादा महोत्सव की घटना है, जिसे देखकर वहाँ उपस्थित साधु-साध्वियों को अति आश्चर्य हुआ था। यह सब मात्र 7 क्लास उत्तीर्ण होकर संस्था में आने वाली मुझ पर पारमार्थिक शिक्षण संस्था की ही गरिमा का प्रसाद था।
B. समणी दीक्षा का गौरवशाली विस्तार :
इसी प्रकार समणी दीक्षा का मूल्य भी प्रारंभ में श्रावक समाज की समझ में नहीं आया था। मुमुक्षु बहनों के माता-पिता ने प्रश्न किया था—‘क्या होती है समणी दीक्षा? हम अपनी बेटियों को यह दीक्षा नहीं देंगे।’
1. विदेशों में धर्म प्रभावना : पर आज समणी दीक्षा का महत्त्व सभी को समझ आ गया है। समणी वृंद विदेश की धरती पर प्रवासित श्रावक समाज को पुनः संघ समर्पित करने का अति उत्तम कार्य कर रहा है।
2. प्रथम श्रेणी की विभूतियाँ : उल्लेखनीय है कि वर्तमान साध्वीप्रमुखा विश्रुतविभा जी ने समणी दीक्षा लेकर विदेश की धरती पर बहुत उपकार किया है। आप समणी दीक्षा लेने वाली बहनों में प्रथम श्रेणी में हैं तथा साध्वीप्रमुखा भी प्रथम हैं।
उपसंहार : इस प्रकार, परम पूज्य आचार्य श्री तुलसी के अनेक प्रमुख अवदानों में 'पारमार्थिक शिक्षण संस्था' तथा 'समण दीक्षा' तेरापंथ धर्म संघ के अत्यंत सुचिन्तित और गरिमामय ऐतिहासिक अवदान हैं, जिन्होंने धर्मसंघ को वैश्विक ऊँचाइयाँ प्रदान की हैं।