माटी का दीप जले न जले मन का दीप जले

रचनाएं

साध्वी सुरेखा

माटी का दीप जले न जले मन का दीप जले

श्रमण भगवान महावीर का दर्शन अनेकान्त दृष्टि का आधार स्तम्भ है जिसमें अध्यात्म आचार और व्यवहार का त्रिवेणी संगम सतत प्रवाहित है। उस दर्शन का निरूपण स्यादवाद शैली से करते हुए उन्होंने जीवन के विविध पहलुओं को छुआ। क्योंकि हर व्यक्ति का जीवन विविध पड़ावों से गुजरता है। जीवन के यात्रा पथ में अनेक अवरोधक तत्व बीच में खड़े हो जाते है। हालांकि साधना की संकरी पगडंडियों से समाधि के राजमार्ग पर चलते हुए परम लक्ष्य तक पहुंचने का उद्देश्य एक साधक का होता है। लेकिन आधि, व्याधि और उपाधियों से कई घुमाव, अटकाव, भटकाव व्यक्ति को गुमराह कर देते है, और वही से जीवन शैली विषैली हो जाती है। आग्रह का विपर्यास सिद्धांत और आचरण में बहुत बड़ी दूरी और व्यवहार की विसंगतियां पूरे व्यक्तित्व के दर्पण को ही घूंघला बना देती है। ऐसे समय में श्रमण भगवान महावीर का दर्शन संसार के समस्त प्राणियों के लिए चिन्तन के नये क्षितिज और मूर्च्छित मन को जागरण की दिशा देता हैं।
भगवान महावीर का दर्शन: समता का दिग्दर्शन : भगवान महावीर ने इस संदर्भ में कहा कि मन की अनंत पर्याये है उसमें प्रतिक्षण बदलाव होता रहता है। अध्यात्म और स्व दर्शन के लिए मन की समता जरूरी है और साथ-साथ में शरीर को साथ लेना यानि सहिष्णुता की चेतना को भी जागृत करना साधक का लक्ष्य बने। इसके लिए भगवान महावीर ने पहला प्रयोग अपने ऊपर ही किया। चंडकोशिक नाग ने कांटा तो क्षमा की मूर्ति बन गए उनका चित्त उस समय समता के साम्य भाव से ओतःप्रोत था। दूसरा उदाहरण जब संगम ने बीस मारणान्तिक कष्ट दिये तो प्रभु महावीर ने यही सोचा कि कही यह मेरे निमित से संसार में डूब न जाय। इस संगम का भी उद्धार हो, सद्‌भाव जगे और विषमता की खाई पार करें। पूर्वाचार्यों ने भगवान महावीर की स्तुति करते हुए यही बात कही :
‘देह प्रसादो रसना जयेन,
मनः प्रसादः समता श्रयेण।
दृष्टि प्रसादो ग्रह मोचनने
पुण्यत्रयीयं मम देव भूयात।’
प्रभो! रसना विजय के द्वारा मेरा शरीर प्रसन्न रहे। समता के द्वारा मेरा मन प्रसन्न रहे, आग्रह मोचन के द्वारा मेरी दृष्टि प्रसन्न रहे। प्रभो! यह पुण्यत्रयी सदा मेरे साथ रहे।
अतः समता धर्म विषमता के युग से व्यक्ति से लेकर समष्टि एवं प्राणीमात्र के साथ मैत्री और समत्व भाव जगाने की बात कहता है। भगवान महावीर ने अपने साधना काल के पूरे साढ़े बारह वर्ष तक प्रिय अप्रिय, लाभ-अलाभ, मान-अपमान आदि के क्षणों में प्रतिक्षण अपने को साधते रहे और अन्त में दीर्घ साधना का नवनीत समता धर्म सम्पूर्ण विश्व को दिया।
व्यवहार और स्व पहचान का बोध : श्रमण महावीर ने निश्चय और व्यवहार दोनों को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ने का निर्देशन दिया। दीक्षा से पूर्व व्यवहार को कभी उन्होंने गौण नहीं किया। भाई नन्दीवर्धन के आग्रह पर दो वर्ष साधना करते हुए घर पर और रहे। महलों में रहकर भी उन्होंने संन्यासी जैसा जीवन जीया। सर्वज्ञ बनने के पश्चात तीर्थ की स्थापना की और उस समय साधना के दो मार्ग बताये पहला अनगार धर्म दूसरा आगार धर्म। उस समय तेईसवें तीर्थंकर पार्श्वनाथ प्रभु के साधु (पचंवर्ण) पांच रंगों के वस्त्र धारण करते थे, पर महावीर ने तीर्थ प्रवर्तन के साथ सचेल और अचेल दोनों धाराओं का समर्थन किया। सचलेक साधु श्वेत वस्त्र धारण करे वहां अचेलक निर्वस्त्र रहकर साधना करने में स्वतन्त्र है। उनकी अवधारणा के अनुसार बस्त्र व्यवहार के पोषक और स्व पहचान के निमित्त है। श्वेत वस्त्र में परिवेष्टित साधक का मन ‘समणोऽहं, समणोऽहं' की सतत स्मृति से भावित रहता है। ऊपर की वेशभूषा उसे श्रामण्य की और बढ़ने में सहायक बनती है।
इसी संदर्भ में भगवान महावीर के दर्शन में आगार धर्म पर चलने वाले श्रावकों के लिए भी बारह व्रत के अन्तर्गत भोगोपभोग का सीमाकरण संयम और सादगीकरण का दिशा दर्शन है। साधुत्व अथवा श्रावकत्व की पहचान के लिए बाह्य धर्मोपकरणों की उपयोगिता साबित करते हुए महावीर ने उनकी संख्या प्रमाण पर भी कल्पाकल्प का बोध दिया। जीवन की हर आवश्यकताओं पर व्यवहार और निश्चय दोनों दृष्टियां साथ जुडी हुई है। अहिंसा की दृष्टि से यत्ना पूर्वक बोलने, चलने, खाने-पीने सोने-उठने की बात कहीं तो अन्तिम सोपान चौदहवें गुणस्थान में पूर्ण योग निरोध अवस्था का प्रतिपादन किया। भगवान महावीर ने उपदेश भी व्यवहार दृष्टि को सामने रखते हुए दिया। जब श्रमणोपासिका जयन्ति ने पूछा प्रभो! जीवों का सोना अच्छा या जागरण अच्छा? प्रभु ने बताया उन जीवों का सोना अच्छा जो प्रमाद हिंसा में आकंठ डूबे हुए है और उन जीवों का जागना अच्छा जो धर्म ध्यान में रत है।
उपशम का आदर्श :
भगवान महावीर के उपदेशों में सर्वत्र उपशम भावों की प्रधानता रही है। जीवन का सार और सत्य प्रगट करते हुए उन्होंने कहा ‘उवसम सारं खु सामण्णं’ साधना का सार उपशम भाव है। एक साधक ने अपनी मानसिक कमजोरी के निवारण हेतु पूछा प्रभो! मेरे कषाय का उदय प्रबल है न चाहते हुए भी क्रोध आ जाता है। इसका निवारण कैसे करूं? भगवान महावीर ने कषाय मुक्ति का उपाय बताते हुए कहा 'उवसमेण हणे कोहं' अर्थात् उपशम के द्वारा क्रोध को जीतो। महावीर के कानों में कीलें लगाई गई पैरों में ग्वालों ने खीर पकाई इसके अतिरिक्त शूलपाणी यक्ष ने एक रात्रि में 20 (बीस) मारणान्तिक कष्ट दिये। ऐसे महान् कष्ट देने वालों पर तनिक भी आवेश न आए यह उनके उपशम भावों का बेजोड़ उदाहरण है।
श्रमण पृथ्वी के समान सहनशील, क्षमाशील बने। उनका जीया हुआ सत्य आज ढाई हजार वर्षों के पश्चात भी मानवीय चेतना को झकझोर रहा है। उनका दिखाया अध्यात्म का आलोक सघन अन्धकार में ज्योति किरण बनकर अन्तर चेतना को जगाए । निर्वाणोत्सव पर माटी के दीप भले जले या न जले किन्तु मन का दीप जरूर जले। अज्ञान का अन्धकार तभी दूर होगा, जब हमारा मन का दीप जलेगा। समता का स्नेह और विवेक की बाती जलाकर अखण्ड ज्योत से निर्वाणोत्सव मनायें यही काम्य है।