निज पर शासन : फिर अनुशासन–आचार्य तुलसी का महान नेतृत्व

रचनाएं

साध्वी रौनक प्रभा

निज पर शासन : फिर अनुशासन–आचार्य तुलसी का महान नेतृत्व

प्रस्तावना : युगपुरुष और अनुशास्ता आचार्य तुलसी :
प्रत्येक सामाजिक, धार्मिक या राजनैतिक संगठन का विकास उसके अनुशासन पर निर्भर करता है। आचार्य श्री तुलसी तेरापंथ की धरती पर भोर की किरण बनकर उतरे, धूप की भाँति खिले और प्रचंड सूर्य की भांति तपते हुए विश्व के अंधकार को उजालों से भर दिया।
A. आचार्य तुलसी का कठोर एवं स्वस्थ अनुशासन :
आचार्य तुलसी जन्मजात सिद्ध अनुशास्ता थे। वे जानते थे कि कठोर अनुशासन का प्रयोग जीवन में स्वयं अनुशासित रहकर ही किया जा सकता है। अपने साठ वर्षों के आचार्य काल में उन्होंने अनेक बार कठोर १. अनुशासनात्मक निर्णय लिए:
संघ विच्छेद की ऐतिहासिक घटना (विक्रम संवत २००१):
वि.सं. २००१ में मुनि शक्तमल जी का चातुर्मास राजगढ़ में था। राजगढ़ चातुर्मास के दौरान उनसे कुछ गलतियाँ हुईं। जब आचार्य तुलसी को इसकी जानकारी मिली, तो वे छापर पधारे और शक्तमल जी को समझाया। परंतु शक्तमल जी ने अपनी गलती स्वीकार नहीं की। मार्गशीर्ष के महीने में सूर्यास्त साढ़े पाँच बजे हो गया था। प्रतिक्रमण के लिए सब शाम सात बजे बैठे। श्रावकों एवं सहवर्ती संतों ने सारी बात रखी, फिर भी शक्तमल जी ने अपना प्रमाद स्वीकार नहीं किया। बड़े संतों के समझाने पर भी जब वे नहीं माने, तो अंततः रात डेढ़ बजे 'संघ विच्छेद' का कठोर निर्णय लिया गया।
२. प्रशिक्षण एवं अर्हत् वंदना :
जैन विश्व भारती के भिक्षु विहार (प्रज्ञालोक) में आचार्य तुलसी ने 'अर्हत् वंदना' के संदर्भ में निर्देश दिया कि अर्हत् वंदना में संघ की अनिवार्य उपस्थिति होनी चाहिए। इसमें पूरी जागरूकता, भावक्रिया, वंदनासन, एक लय, एक स्वर और एकाग्रता होनी चाहिए।
जब कुछ साधुओं ने कहा कि लोग अर्हत् वंदना में आते नहीं हैं, तो आचार्य तुलसी ने फरमाया— ‘लोग क्यों आएँगे? क्या कभी उनमें इसके प्रति आकर्षण पैदा किया? क्या कभी उन्हें अच्छे ढंग से प्रेरणा दी? अर्हत् वंदना से शांति मिलती है और आनंद का अनुभव होता है। जब दस-दस हजार की रैली कर सकते हैं, तो अर्हत् वंदना में भी लोगों का आकर्षण पैदा करें।’ यहाँ आचार्य तुलसी प्रशिक्षक से प्रशासक बन गए। सभी साधुओं ने संभलकर उनकी प्रेरणा को आत्मसात् किया।
3. श्रावक समाज पर अनुशासन:
आचार्य तुलसी ने साधु-साध्वियों के साथ-साथ श्रावक समाज को भी अनुशासित किया। मेवाड़ यात्रा के दौरान अनेक क्षेत्रों में चल रहे मतभेदों व झंझटों को समाप्त करने के लिए उन्होंने कठोर रुख अपनाया। उस अनुशासन से पारस्परिक वैमनस्य मिट गया।
B. वात्सल्यपूर्ण व्यवहार और अनुशासन का समन्वय :
आचार्य तुलसी की एक आँख में अनुशासन था, तो दूसरी आँख में वात्सल्य का अजस्र स्रोत बहता था।
1. पाली प्रवास का प्रसंग :
पाली प्रवास के दौरान एक रात्रि आचार्य तुलसी ने मुनि नथमल जी (आचार्य महाप्रज्ञ जी) से फरमाया— ‘इस बार मेरा चित्त बहुत प्रसन्न है। साधु-साध्वियों को सायंकाल उष्ण (गर्म) आहार और वस्त्र प्रक्षालन की छूट मिलने से सभी को प्रसन्नता हुई होगी। आचार्य होने के नाते मैं स्वयं उष्ण आहार करता था, पर साधु-साध्वियों को ठंडा भोजन मिलता था—इस बात से मेरा मन बेचैन रहता था।’ आचार्य तुलसी संघ के प्रत्येक सदस्य के प्रति अपार वात्सल्य का भाव रखते थे।
2. उत्साहवर्धन एवं प्रमोद भावना : आचार्य तुलसी के प्रत्येक पट्टोत्सव, दीक्षा दिवस एवं जन्मदिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होते थे। साधु-साध्वियों की नई विद्या युक्त प्रस्तुतियों पर वे वात्सल्य का अमृत उंडेलते हुए कल्याणक बख्शते थे और भरी परिषद में उनका उत्साहवर्धन करते थे।
राजनगर मर्यादा महोत्सव के बाद विदाई गोष्ठी में आचार्य तुलसी ने फरमाया—
‘सब साधु-साध्वियाँ मेरे अवयव (अंग) हैं। उनके लिए मेरा पूरा जीवन भी खप जाए, तो मुझे कोई चिंता नहीं। मेरे मन में सबके प्रति प्रमोद भावना है।’
C. शिष्य निर्माण: एक कुशल शिल्पी का श्रम :
आचार्य तुलसी की पाठशाला के प्रथम छात्र थे मुनि नथमल जी। पाठशाला के छात्र बनते समय आचार्यश्री को कल्पना नहीं थी कि उनमें कोई विलक्षणता है, परंतु एक बात प्रभावक थी—वह था 'सहज समर्पण'। आचार्य महाप्रज्ञ के निर्माण में उनका समर्पण ही सर्वोपरि रहा।
1. अध्ययन और साहित्य सृजन:
बीकानेर चातुर्मास में संस्कृत काव्य साहित्य का अध्ययन शुरू हुआ। वि.सं. २००१ में मुनि श्री को कविता, लेख आदि लिखने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें संस्कृत, हिंदी, प्राकृत में बोलने, लिखने और श्लोक बनाने का अभ्यास कराया गया। वि.सं. २००२ के राजगढ़ चातुर्मास में धर्म, लोक-व्यवहार, अहिंसा आदि पर साहित्य सृजन का कार्य शुरू हुआ। वि.सं. २००३ में वक्तृत्व कला के विकास व संस्कृत में धाराप्रवाह बोलने का अभ्यास कराया गया।
2. पाठ्यक्रम का निर्माण :
साधु-साध्वियों के अध्ययन हेतु तेरापंथ धर्मसंघ में कोई निश्चित पाठ्यक्रम नहीं था। आचार्य तुलसी के निर्देश पर मुनि नथमल जी ने व्यवस्थित पाठ्यक्रम तैयार किया। आचार्यश्री महाप्रज्ञ जैसे सर्वश्रेष्ठ शिष्य बने जो आचार्य तुलसी के चिंतन के सफल भाष्यकार थे।
D. आस्था से नेतृत्व तक: महाश्रमण यात्रा :
‘दृष्टिवान गुरु की पारखी नज़रें शिष्य के वर्तमान में ही उसके देदीप्यमान भविष्य का दर्शन कर लेती हैं।’
मुनि मोहन से मुनि मुदित और महाश्रमण की यह यात्रा आचार्य तुलसी की ही असीम कृपा और प्रेरणा की देन है। आचार्य तुलसी मुनि मुदित के बारे में फरमाते थे— ‘मुनि मुदित अनाकांक्ष, अनासक्त, सहज और अपनी धुन में मस्त रहनेवाला साधु है। यह संघ के लिए भावी आशा का केंद्र बनेगा।’
ऐसे महान गुरु की अमृत वाणी शिष्य के भीतर ऊर्जा का संप्रेषण करती है और उसके स्वर्णिम व्यक्तित्व का निर्माण करती है।
उपसंहार : आचार्य तुलसी का जीवन 'निज पर शासन : फिर अनुशासन' के महान सूत्र की जीवंत अनुकृति था। वे कठोर अनुशासक होने के साथ-साथ वात्सल्य के अगाध सागर थे।