रचनाएं
आचार्य तुलसी : विरोधों में खिलता गुलाब, महकता चमन :
हज़ारों साल नर्गिस
अपनी बेनूरी पे रोती है,
बड़ी मुश्किल से होता है
चमन में दीदावर पैदा।
महान व्यक्तित्व किसी एक गुण, उपलब्धि अथवा पद से महान नहीं बनते। उनका असाधारण व्यक्तित्व संघर्षों के बीच निखरता है, विरोधों के बीच अपनी राह बनाता है और विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी सुगंध बिखेरता रहता है। आचार्यश्री तुलसी ऐसे ही विलक्षण व्यक्तित्व थे, जिन्होंने विरोध को अवरोध नहीं, बल्कि अपने पुरुषार्थ की परीक्षा माना। उनके जीवन की संघर्षगाथा वस्तुतः प्रतिकूलताओं के बीच खिलते उस गुलाब की कहानी है, जिसकी सुगंध विरोध की हवाओं के बावजूद दूर-दूर तक फैलती रही।
A.पुरुषार्थ और स्थिरता : दो युगदृष्टाओं की विशेषताएँ
जोधपुर में प्रेक्षाध्यान के एक शिविर के दौरान रोहतक से आए प्रशिक्षक डॉ. एस. के. जैन ने बोर्ड पर लिखा—
आचार्यश्री तुलसी की विशेषता—
‘पुरुषार्थ, पुरुषार्थ, पुरुषार्थ।’
आचार्यश्री महाप्रज्ञ की विशेषता—
‘स्थिर, स्थिर, स्थिर।’
उन्होंने स्पष्ट किया कि आचार्यश्री तुलसी अपने पुरुषार्थ से पत्थर में भी पानी निकाल सकते थे, जबकि आचार्यश्री महाप्रज्ञ की स्थिरता समस्याओं के समाधान का सशक्त आधार थी। यह प्रसंग मेरे मन में गहराई से अंकित हो गया। जब मैं आचार्यश्री तुलसी के जीवन पर लिखने बैठा, तो यही शब्द अनायास उभर आए। वास्तव में, आचार्यश्री तुलसी का जीवन पुरुषार्थ, संघर्ष, दूरदर्शिता और प्रतिकूलताओं को अनुकूलता में बदल देने की अद्भुत क्षमता का जीवन था।
B. संघर्षों की आँच में तपकर निखरा व्यक्तित्व :
आचार्यश्री तुलसी का जीवन आरंभ से ही संघर्षों से जुड़ा रहा। जन्म के कुछ समय बाद ही पिताश्री का देहावसान हो गया। दादाजी और माताजी ने संस्कारों से समृद्ध किया। दीक्षा से पूर्व बड़े भाई मोहनलालजी ने भी उनकी कड़ी परीक्षा ली। दीक्षा के पश्चात् वे आचार्यश्री कालूगणी के प्रिय शिष्य बने। आचार्यश्री कालूगणी ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित किया और देवलोकगमन कर गए। अल्पायु में आचार्यपद का दायित्व संभालना स्वयं में एक बड़ी चुनौती थी, किंतु उन्होंने इसे धर्मसंघ के भविष्य को नई दिशा देने के अवसर के रूप में स्वीकार किया।
गंगापुर चातुर्मास के बाद ब्यावर में आयोजित पहला मर्यादा महोत्सव उनके लिए विरोधों के बीच अपनी नेतृत्व क्षमता सिद्ध करने की पहली बड़ी कसौटी बना। वहाँ उठे विरोध के स्वर उनके संघर्षपूर्ण आचार्यकाल की शुरुआती चुनौतियों में से थे, लेकिन उनके भीतर का पुरुषार्थ निरंतर सक्रिय रहा।
C. गुलाब और कमल : पिताश्री की दृष्टि में दो आचार्य :
यहाँ मुझे अपने पिताश्री स्वर्गीय सोहनराजजी कोठारी—शासनसेवी एवं तेरापंथ प्रवक्ता—की एक बात याद आती है। वे कहा करते थे—
'आचार्यश्री तुलसी गुलाब के फूल हैं। गुलाब के साथ काँटे भी होते हैं, लेकिन उसकी तीव्र सुगंध सबको प्रभावित कर देती है। आचार्यश्री महाप्रज्ञ कमल के फूल हैं, जो अपनी भीनी-भीनी महक से पूरे वातावरण को विशिष्ट बना देते हैं।'
गुलाब की तरह आचार्यश्री तुलसी का व्यक्तित्व तेजस्विता, ओज, सक्रियता और निर्भीकता से परिपूर्ण था। वे विरोधों के काँटों के बीच भी अपने संकल्पों की सुगंध बिखेरते रहे। वहीं कमल की तरह आचार्यश्री महाप्रज्ञ का व्यक्तित्व गहन चिंतन, गंभीरता और आध्यात्मिक शीतलता का प्रतीक था।
D. बीकानेर और जयपुर चातुर्मास : निर्णय की दृढ़ता :
ब्यावर के मर्यादा महोत्सव के बाद बीकानेर चातुर्मास में रांगड़ी चौक से जुड़ा विरोध और उस समय आचार्यश्री द्वारा लिया गया निर्णय उनके नेतृत्व की दूरदर्शिता का उल्लेखनीय उदाहरण बना। बीकानेर के महाराजा गंगासिंहजी भी उनसे अत्यधिक प्रभावित हुए।
जयपुर चातुर्मास में बालदीक्षा के प्रकरण ने देशभर में व्यापक चर्चा को जन्म दिया। आचार्यश्री को एक बार फिर विरोध का सामना करना पड़ा, उनके जीवन में ऐसे अनेक प्रसंग आए, जब परिस्थितियाँ अनुकूल नहीं थीं, फिर भी उन्होंने विरोध से घबराकर कभी अपने कदम पीछे नहीं खींचे।
'जो हमारा करे विरोध, समझें हम उसे विनोद'
जोधपुर चातुर्मास के दौरान उनके विरोध में सड़कों पर पर्चे चिपकाए गए थे। ऐसी स्थिति में सामान्यतः कोई भी व्यक्ति क्रोधित हो सकता था, लेकिन आचार्यश्री तुलसी ने उस घटना को सहज विनोद में बदल दिया। उन्होंने कहा कि डामर की सड़क पर नंगे पाँव चलने से पाँव जलते हैं; विरोधियों ने पर्चे चिपकाकर हमारे लिए यह सुविधाजनक काम कर दिया है।
कितनी अनूठी दृष्टि थी! जहाँ दूसरे को अपमान दिखाई देता, वहाँ आचार्यश्री को विनोद का अवसर दिखाई दिया। उनका प्रसिद्ध नारा था—
'जो हमारा करे विरोध, समझें हम उसे विनोद।'
यह जीवन जीने की एक विशिष्ट कला थी।
E. सत्य के प्रति निष्ठा और साम्प्रदायिक सौहार्द :
जोधपुर की ही एक घटना का उल्लेख आचार्यश्री तुलसी ने अपनी आत्मकथा ‘मेरा जीवन मेरा दर्शन’ में किया है। यह प्रसंग विरोध के बीच उनकी सत्यनिष्ठा, सहिष्णुता और साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना को उजागर करता है। संवत्सरी के दिन तेरापंथ समाज के लोग अन्य सम्प्रदायों के आचार्यों के पास खमतखामणा करने गए थे। दूसरी ओर, स्थानकवासी समाज के प्रमुख व्यक्तियों सहित सैकड़ों लोग आचार्यश्री तुलसी के पास खमतखामणा करने आए।
आगंतुकों ने वहाँ बैठकर उनसे कहा कि संवत्सरी जैसे महान पर्व पर भी उन्होंने स्थानकवासी सम्प्रदाय की कटु आलोचना की और उस पर आरोप लगाए। यह सुनकर आचार्यश्री को किसी सुनियोजित षड्यंत्र की आशंका हुई। उन्होंने संयत भाषा में स्पष्ट किया कि किसी सम्प्रदाय की कटु आलोचना करना और उस पर आक्षेप लगाना वे पाप मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके विरोध में सैकड़ों पर्चे छपे, पर उन्होंने कभी उत्तर नहीं दिया।
तभी सभा में उपस्थित एक स्थानकवासी भाई थानचंदजी मेहता ने अपने इकलौते पुत्र की सौगंध खाकर निर्भीकता से कहा कि उन्होंने पूरा व्याख्यान सुना है और आचार्यश्री ने किसी की आलोचना में एक शब्द भी नहीं कहा। यह सुनकर आचार्यश्री के मुख से अनायास निकला— 'आज भी संसार में सत्य जीवित है।'
स्थिति को संभालते हुए आचार्यश्री ने अत्यंत सहज भाव से कहा कि वे लोग खमतखामणा करने आए हैं; मानसिक निर्मलता के बिना खमतखामणा कैसे संभव है? इसके बाद उन्होंने आगंतुकों से पुनः खमतखामणा किया और वातावरण को शांत कर दिया। विरोध के बीच मन की निर्मलता बनाए रखना उनकी बहुत बड़ी उपलब्धि थी।
F. अणुव्रत से अग्निपरीक्षा तक : सिद्धांतों की दृढ़ता :
आचार्यश्री तुलसी के जीवन में विरोध केवल व्यक्तिगत स्तर पर नहीं था। जब-जब उन्होंने धर्मसंघ और समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया, तब-तब अनेक चुनौतियाँ सामने आईं। अणुव्रत आंदोलन का प्रवर्तन हो, परमार्थिक शिक्षण संस्था की स्थापना हो अथवा आदर्श साहित्य संघ की स्थापना—इन सभी के प्रारंभिक चरणों में उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। कोलकाता और चेन्नई में भी हिंदी भाषा को लेकर विरोध के स्वर उठे, लेकिन आचार्यश्री ने इन परिस्थितियों को संवाद का अवसर बनाया।
उनकी कृति ‘अग्नि परीक्षा’ को लेकर भी व्यापक विरोध हुआ। यह विवाद राजस्थान और मध्यप्रदेश में श्रमण संस्कृति तथा वैष्णव संस्कृति के बीच तनाव का रूप लेने लगा। परिस्थितियाँ इतनी गंभीर हुईं कि प्रवचन पंडाल तक जला दिया गया। ऐसी विषम परिस्थिति में भी अहिंसा के महाव्रती आचार्यश्री तुलसी ने शांति का मार्ग नहीं छोड़ा। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की उपस्थिति में अंततः पुस्तक वापस लेकर उन्होंने विरोधियों के हाथ से विरोध का एक बड़ा आधार ही छीन लिया।
G. सामाजिक परिवर्तन और नई प्रवृत्तियाँ :
तेरापंथ समाज में ‘नया मोड़’ के नाम से सामाजिक परिवर्तन का अभियान हो अथवा अस्पृश्यता निवारण का कार्यक्रम—स्वाभाविक रूप से इन प्रयासों के विरोध में भी स्वर उठे। लेकिन वे जानते थे कि सामाजिक परिवर्तन का मार्ग सहज नहीं होता। रूढ़ियाँ अपनी जगह छोड़ने में समय लेती हैं और नई सोच को स्वीकार करने में समाज को परीक्षा से गुजरना पड़ता है। आचार्यश्री इन संघर्षों में सोने की तरह तपकर निखरते गए।
H. उनके काल में अनेक संस्थाओं और कार्यकारी उपक्रमों का विकास हुआ :
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद, अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल, जैन विश्व भारती और जैन विश्व भारती संस्थान, अणुव्रत विश्व भारती, अणुव्रत न्यास, नियोजन मंडल और प्रेक्षा विश्व भारती।
इन संस्थाओं और प्रवृत्तियों ने धर्म, शिक्षा, साधना, साहित्य और सामाजिक चेतना के क्षेत्रों में नए आयाम खोले। इन सबके विकास के दौरान भी चुनौतियाँ कम नहीं थीं, लेकिन आचार्यश्री की प्रेरणा और दूरदृष्टि ने तेरापंथ के चमन को अनेक रंगों और सुगंधों से समृद्ध किया।
उनके अवतरण दिवस पर उस विलक्षण युगपुरुष के श्रीचरणों में श्रद्धासिक्त एवं भक्तिभावपूर्ण सादर नमन!