नैतिक क्रांति के पुरोधा पुरुष : आचार्य तुलसी और अणुव्रत की अमर ज्योति

रचनाएं

साध्वी अणिमाश्री एवं डॉ. साध्वी सुधाप्रभा

नैतिक क्रांति के पुरोधा पुरुष : आचार्य तुलसी और अणुव्रत की अमर ज्योति

‘वासना से इंसान हैवान बनता है, साधना से इंसान भगवान बनता है। इन दोनों के बीच की राह है—अणुव्रत, जिससे इंसान केवल इंसान बनता है।’
युगप्रधान आचार्य तुलसी किसी एक व्यक्ति का नाम नहीं, बल्कि उनका जीवन अपने आप में क्रांति का एक पूरा अध्याय है। उनका जीवन किसी एक संप्रदाय का नहीं, बल्कि समूची मानवता का गौरव-ग्रंथ है। आचार्य तुलसी केवल एक संप्रदाय के गुरु नहीं थे, वे मानवता के सजग प्रहरी और आत्म-साधना के शिखर पुरुष थे। वे मानव को सही राह दिखाने वाले दिव्य प्रकाश-पुंज थे।
1. अणुव्रत आंदोलन का ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और प्रादुर्भाव : जब द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पूरी दुनिया परमाणु बम की भयावह त्रासदी से डरी हुई थी, जब इंसान विज्ञान के क्षेत्र में तो बड़ा होता जा रहा था लेकिन भीतर से बौना होता जा रहा था। जब 20वीं शताब्दी में दुनिया भौतिकता की अंधी दौड़ में दौड़ रही थी। जब इंसान विज्ञान के रथ पर सवार होकर संवेदनाओं को कुचल रहा था। जब भारत की आजादी के बाद देश के भौतिक विकास के लिए बड़ी-बड़ी योजनाएं बनाई जा रही थीं, किंतु देश के चारित्रिक विकास की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा था।
उस समय देश के चारित्रिक उत्थान के लिए आचार्य तुलसी ने एक नैतिक क्रांति की, जिसे आज हम 'अणुव्रत आंदोलन' के रूप में जानते हैं।
अणुव्रत का स्वरूप और प्रभाव :
1. महा-अनुष्ठान : अणुव्रत आंदोलन कोई राजनीतिक या सामाजिक क्रांति मात्र नहीं था, वह तो मनुष्य की आत्मा को जगाने का एक महा-अनुष्ठान था।
2. नैतिक-चेतना की गंगा : अणुव्रत आंदोलन की लोकप्रियता को देखकर ऐसा लगा था मानो कोई भगीरथ नैतिक-चेतना की गंगा धरती पर उतार लाया है।
3. मशाल और दीपशिखा : अणुव्रत एक ऐसी मशाल है, जो संपूर्ण जीवन-पथ को ज्योतिर्मय बना सकती है। अणुव्रत एक ऐसी दीपशिखा है, जिससे सारा जीवन प्रभास्वर बनकर दूसरों की राह को भी ज्योतित कर सकता है।
4. कांटों के बीच गुलाब : अणुव्रत एक ऐसा गुलाब का फूल है, जो कांटों के बीच भी नैतिक सुरभि का संचार करता है।
अणुव्रत नैतिक ज्योति है, नैतिक प्रेरणा है, नैतिक अभियान है। इस अभियान से जुड़कर व्यक्ति स्व-पर का कल्याण कर सकता है।
2. आन्तरिक व्यक्तित्व को संवारने वाला दर्पण है: अणुव्रत :
महान दार्शनिक सुकरात एक बार दर्पण में अपना चेहरा देख रहे थे। उनके शिष्यों ने सोचा, ‘गुरुदेव का बाह्य रूप सुन्दर नहीं है, फिर दर्पण क्यों देख रहे हैं? क्या गुरुदेव के मन में खिन्नता के भाव नहीं आएंगे?’
एक शिष्य से रहा नहीं गया। उसने विनम्रता से पूछा— ‘गुरुदेव! आप दर्पण क्यों देख रहे हैं?’
सुकरात एक बार तो मुस्कुराए, फिर गंभीर वाणी में शिष्यों को सम्बोधित करते हुए कहा— ‘पुत्रों! तुम सोच रहे होगे कि मेरे जैसे व्यक्ति के लिए दर्पण देखने की क्या आवश्यकता है? पर ध्यान से सुनो, दर्पण कुरूप या सुरूप हर व्यक्ति को देखना चाहिए। कुरूप व्यक्ति दर्पण देखकर यह सोचे कि 'मेरा चेहरा तो सुंदर नहीं है किंतु मुझे अपने सत्कार्यों के द्वारा अपने व्यक्तित्व को सुंदर बनाना है।' सुंदर व्यक्ति दर्पण देखकर यह सोचे कि 'मेरे द्वारा ऐसा कोई कार्य न हो जाए, जिससे मेरी सुंदरता समाप्त हो जाये।’
आन्तरिक सौन्दर्य की आवश्यकता :
–जिस प्रकार बाह्य सुंदरता को देखने के लिए दर्पण की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार आन्तरिक सौन्दर्य को देखने के लिए अणुव्रत रूपी दर्पण की आवश्यकता है।
–जो व्यक्ति ईमानदार है, कर्तव्यनिष्ठ है, प्रामाणिक है, वह अणुव्रती इसलिए बने ताकि उसके ये नैतिक गुण वर्धमान होते रहें।
–जो व्यक्ति इन नैतिक गुणों से संपन्न नहीं है, वह अणुव्रत के नियमों को इसलिए स्वीकार करे ताकि वह अच्छा इंसान बन सके।
इसलिए आंतरिक सौंदर्य को सजाने व संवारने के लिए अणुव्रत रूपी दर्पण की महनीय अपेक्षा है।
3.इंसान को इंसान बनाने की विद्या का नाम है : अणुव्रत :
किसी ने बहुत सुंदर कहा है—
‘वासना से इंसान हैवान बनता है।
साधना से इंसान भगवान बनता है।
इन दोनों के बीच की राह है - अणुव्रत,
अणुव्रत से इंसान-इंसान बनता है।’
अणुव्रत के प्रभाव के दो जीवंत दृष्टांत :
1. पत्रकार नंदकिशोर नौटियाल का संस्मरण :
प्रसिद्ध पत्रकार नंदकिशोर नौटियाल अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य तुलसी के संपर्क में आए। उन्होंने अणुव्रत को समझा एवं अणुव्रती बन गए। एक बार वे मुंबई में गुरुदेव तुलसी के दर्शन करने आए और उन्होंने गुरुदेव तुलसी से निवेदन किया—
‘आचार्य जी, मुम्बई में मुझे कुछ व्यक्तियों ने कहा कि तुम आचार्य तुलसी के बारे में इतना लिखते हो तो अन्य लोगों के बारे में क्यों नहीं लिखते? मैंने उत्तर दिया— मैं आचार्य तुलसी के बारे में इसलिए लिखता हूँ कि वे आदमी को आदमी बनाते हैं। अन्य कोई आदमी को आदमी बनाने वाला हो तो बताओ, मैं उनके बारे में भी लिखूँगा।’
मेरे कथन पर अविश्वास प्रकट करते हुए एक सज्जन ने कहा— ‘आचार्य जी ने किस आदमी को आदमी बनाया है?’ मैं बोला— ‘इसका जीता-जागता उदाहरण मैं हूँ, एक समय था जब मैं शराब पीता था, जर्दा-तंबाकू आदि खाता था, अब मैं इनसे मुक्त हूँ।’
2. डॉ. जाकिर हुसैन के विचार :
आचार्य तुलसी एक बार पटना यूनिवर्सिटी पधारे। वहां के तत्कालीन वाइस चांसलर डॉ. जाकिर हुसैन ने अपने विश्वविद्यालय में आचार्य तुलसी का स्वागत करते हुए कहा था कि— ‘आचार्य तुलसी ने अणुव्रत के द्वारा मनुष्यों को मनुष्य बनाने का कारखाना खोल रखा है, इसलिए मैं आपका स्वागत करता हूँ।’
सचमुच अणुव्रत ही एक ऐसी विद्या है, जो इंसान को इंसान बनाने की कला सिखाती है।
4. चारित्रिक उत्थान का सशक्त सोपान है : अणुव्रत :
एक बार सुकरात को रात्रि में एक दिव्य संकेत प्राप्त हुआ— ‘सुकरात शिलाखंड पर छेनी मत चलाओ। मूर्ति का निर्माण नहीं, मनुष्यों का निर्माण करो।’ इस दिव्य संकेत ने सुकरात की जीवन शैली को बदल दिया। बाद में उन्होंने अपनी शक्ति व श्रम का नियोजन मनुष्यों का निर्माण करने में किया।
आचार्य तुलसी ने भी चरित्र-संपन्नता एवं नीति-निष्ठा की बुनियाद पर अणुव्रत की पृष्ठभूमि तैयार की।
अणुव्रत की महत्ता और उपादेयता:
1. चरित्र का खिताब : आचार्य तुलसी के शब्दों में समाज-भूषण, पद्मभूषण, पद्मश्री, विद्यारत्न आदि उपाधियाँ कोई भी दे सकता है पर मनुष्यों को चरित्रसंपन्न बनाकर अच्छे इंसान की उपाधि देने में कोई समर्थ नहीं है। व्यक्ति को चरित्रसंपन्नता का खिताब सिर्फ और सिर्फ अणुव्रत ही प्रदान कर सकता है।
2. अतुलनीय मूल्य : जैसे रत्नों की प्राप्ति के लिए रोहण पहाड़ मूल्यवान है, तारों के लिए आकाश मूल्यवान है, कल्पवृक्ष की प्राप्ति स्वर्ग में ही संभव है, वैसे चारित्रिक उत्थान के लिए अणुव्रत की अपनी उपयोगिता एवं महत्ता है।
आचार्य तुलसी का एक ही आह्वान था— ‘कोई जैन बने या न बने, किन्तु हर व्यक्ति गुडमैन (Good Man) अवश्य बने।’
निष्कर्ष ः
गुडमैन बनाने की प्रक्रिया ही अणुव्रत है। अणुव्रत का शंखनाद जन-जन का नाद बने। हमारी यही भावना हो—
‘चलो, एक दीप ऐसा भी जलाएं इस अंधेरी रात में,
जहाँ नफरत की दीवारें पिघल कर मोम हो जाएं।
कदम छोटे ही सही पर राह नैतिकता की हो अपनी,
कि चलते-चलते खुद-ब-खुद हमारे हौसले इतिहास बन जाएं।’