नैतिक क्रांति के सूत्रधार आचार्य तुलसी

रचनाएं

डॉ. साध्वी ऋद्धियशा

नैतिक क्रांति के सूत्रधार आचार्य तुलसी

प्रस्तावना: कलापूर्ण जीवन और धर्म का स्वरूप :
आचार्य श्री तुलसी ने व्यवहार बोध में लिखा है—
‘सभी कलाएँ हैं विकलाएँ, पंडित सभी अपंडित हैं। नहीं जानते कैसे जीना, केवल महिमामंडित हैं।’
जीवन सभी जीते हैं, अच्छे से अच्छे स्टैंडर्ड का जीवन जीते हैं, पर वह सब व्यर्थ है यदि कलापूर्ण जीवन जीना नहीं आया। कलापूर्ण जीवन जीने का तरीका है धर्म। धर्म के दो रूप हैं :
1. उपासनात्मक धर्म : सबकी अपनी-अपनी उपासना पद्धति और उपयोगिता है।
2. चारित्रत्मक धर्म : चारित्रत्मक (नैतिक) धर्म के अभाव में उपासना केवल एक विडंबना बनकर रह जाती है। इसके अभाव में व्यक्ति के साथ-साथ समाज भी पिछड़ जाता है।

A. अणुव्रत: आंतरिक विकास की नैतिक क्रांति :
समाज को ऊपर उठाने के लिए समय-समय पर अनेक क्रांतियाँ हुईं, किंतु वे सब लगभग बाह्य विकास के लिए थीं। आंतरिक विकास के लिए कोई क्रांति नहीं हुई। आचार्य श्री तुलसी ने इसकी आवश्यकता महसूस की और एक महान नैतिक क्रांति (Moral Movement) का सूत्रपात किया, जिसे हम 'अणुव्रत' के रूप में जानते हैं।
1. समय के मूल्य की प्रासंगिकता : कहा जाता है — ‘जो समय के मूल्य को समझता है, समय उसे अनमोल बना देता है।‘ आज अन्य क्रांतियाँ जहाँ मौन और इतिहास का विषय बन चुकी हैं, वहीं अणुव्रत आज भी अपनी प्रासंगिकता के साथ मुखर है।
2. असंयम और संग्रह की समस्या : आचार्यश्री ने अनुभव किया कि समाज में असंयम और संग्रह की मनोवृत्ति बढ़ती जा रही है। नदी और सागर के संवाद की तरह—संग्रहवृत्ति ही जीवन के मधुर जल को खारा बनाती है।
3. मूल उद्घोष : अणुव्रत का मूल उद्घोष है —'संयमः खलु जीवनम्' (संयम ही जीवन है), यही इसके आज भी प्रासंगिक बने रहने का मुख्य कारण है।
B. अदम्य आत्मविश्वास और असाधारण अवदान :
धार्मिक जगत् के इतिहास में यह अद्वितीय दस्तावेज़ है कि आचार्य तुलसी एक संप्रदाय विशेष के आचार्य होते हुए भी मानव मात्र के कल्याण के लिए प्रयत्नशील रहे। उनका चिंतन था कि मानव में श्रेष्ठता के गुण बढ़ें ताकि राष्ट्र का नैतिक व चरित्र बल सुदृढ़ हो।
1. आत्मविश्वास की शक्ति : आचार्यश्री ने जो भी कार्य किए, वे जादू की छड़ी से नहीं बल्कि अपने प्रबल आत्मविश्वास के बल पर किए।
2. बाधाओं को अवसर बनाना : उनके जीवन का दृष्टिकोण इस अंग्रेजी पंक्ति से चरितार्थ होता है —
‘On the path of life always lie big 'O's! Many read them as obstacles, only few read them as opportunities.‘
सभी संघर्षों और विरोधों को अवसर मानकर वे अपने सकारात्मक चिंतन और दृढ़ आत्मविश्वास के साथ सदैव आगे बढ़ते रहे।
उपसंहार : श्रद्धांजलि :
अतुल साहसी आचार्य श्री तुलसी के अवदान इतने विराट हैं कि उनके लिए यही कहा जा सकता है —
‘उसके काम अगणित
उनकी लीलाएं अगणित
उसके आगे व्यर्थ हो जाते हैं
सारे गणित॥’
उनके जन्मोत्सव पर उस परम पुण्यात्मा और दिव्यात्मा के चरणों में अनंतानंत हार्दिक श्रद्धांजलि!