रचनाएं
अनुशासन के अप्रतिहत प्रणेता : आचार्य तुलसी और उनका निर्माण-शिल्प
1. बाल-मुनियों के निर्माता और 'तुलसी पाठशाला'
प्राचीन धर्मग्रंथों में कहा है— ‘जो स्वयं पर अनुशासन करना जानता है, वही दूसरे पर अनुशासन करने में सफल हो सकता है।’
आचार्य तुलसी ने 'निज पर शासन फिर अनुशासन' का केवल नारा ही नहीं दिया, स्वयं वैसा करके औरों को प्रेरित किया और अनुशासन की अद्भुत कला सिखाई! आचार्य तुलसी के अनुशासन की कथा अपने आप में अनुकरणीय और संघ विकास की धरोहर है।
मात्र ग्यारह वर्ष की अल्प वय में उन्होंने अष्टम आचार्य श्री कालूगणी के चरणों में कठोर संन्यास का मार्ग स्वीकार किया। अपने आराध्य के विश्वास को जीता, उसी की फलश्रुति है कि पूज्य कालूगणी ने मात्र 16 वर्ष की उम्र में मुनि तुलसी को बाल मुनियों के अध्यापन का कार्य सौंप दिया। इस शाला को 'तुलसी पाठशाला' के नाम से प्रसिद्धि मिली।
2. अनुशासन की अनूठी मिसाल और कोमल-कठोर शिक्षण शैली :
इतिहास इस बात का साक्षी है कि आपके अनुशासन में कोमलता के साथ कठोरता भी थी। जिस समय आपकी पाठशाला में बाल मुनि नथमलजी और मुनि मुदितजी अध्ययन करते थे, दोनों अध्ययन करते-सीखते-सीखते हंसने लग जाते, तो विद्यागुरु मुनि तुलसी कभी कड़ा अनुशासन करते—कभी विषय-वर्जन, कभी खड़े-खड़े स्वाध्याय। इस प्रकार कुछ दंड देकर उन्हें सजगता का सुंदर प्रेरणामय पाठ पढ़ाते!
मुनि तुलसी को प्रसन्न करना सरल नहीं था। एक समय गुरुकुल वास में एक नया माहौल बना; छोटे-छोटे संत व्याख्यान, गीतों एवं दोहे-पद्य की डायरियां बनाने लगे, ताकि जब बाहर विचरण करेंगे तो उपयोगी बनेंगी। अपने साथियों को डायरी बनाते जब बाल मुनि नत्थू (मुनि नथमलजी) ने देखा, तो उन्होंने भी डायरी बनानी शुरू कर दी। जब मुनि तुलसी को दिखाई, तो उन्होंने मना किया कि ‘डायरी की तुम्हें आवश्यकता नहीं है’, क्योंकि मुनि तुलसी, मुनि नत्थू को स्वयं के पास रखकर अपने हाथों से निर्मित करना चाहते थे।
पर बाल मुनि नथमलजी समझे नहीं। उनके बाल-हठ ने मुनि श्री को नाराज कर दिया। यह नाराजगी देखकर मुनि नथमलजी रात्रि के समय दो घंटे चरण पकड़ कर बैठ गए और तब तक बैठे रहे जब तक कि मुनि तुलसी प्रसन्न नहीं हुए।
यह था महाप्रज्ञ (यानी मुनि नत्थू) का गुरु के प्रति अद्भुत समर्पण! आपने इस श्लोक को चरितार्थ कर दिखाया :
अप्रसन्नो गुरुर्भूयात् किञ्चित् कारण मासाद्य।
प्रसन्नो कुरु कुरुतां शिष्यो नम्र-वाक्य-निवेदनात्॥
जब मुनि तुलसी कंठस्थ करने का फरमाते, तो अकृपा के कारण बाल मुनि को एक दिन में दो श्लोक भी सीखने में कठिनाई होती। उस समय मुनि तुलसी स्वयं पास बैठकर आधा-आधा श्लोक उनको रटाते। ऐसा करते-करते मुनि नथमलजी ने ऐसी छलांग लगाई कि एक दिन में 100 श्लोकों की रचना करने की क्षमता अर्जित कर ली! यह तुलसी के निर्माण की कला थी, तो मुनि नत्थू का अहम-रहित समर्पण!
3. सृजन और अनुशासन के विविध आयाम :
अतीत के झरोखे में झांकने से लगा कि तुलसी ने केवल वात्सल्य ही नहीं, कठोर अनुशासन का नया पाठ पढ़ाकर जीवन को नई दिशा का मार्ग प्रशस्त किया। बात उस समय की है जब पूज्य श्री कालूगणराज का पदाभिषेक दिवस था। मुनि नथमलजी के विद्यागुरु होने के नाते मुनि श्री तुलसी ने एक सुंदर छंद बनाकर दिया। विद्वत्तापूर्ण और गंभीरतापूर्ण छंद बाल मुनि नथमल को पसंद नहीं आया और उनका मुख उदास हो गया।
मुनि तुलसी बाल मुनि की मानसिकता समझ गए और तत्काल कठोर अनुशासन का प्रयोग करते हुए कहा— ‘आज से तुम्हारे लिए कोई श्लोक, पद्य नहीं बनाऊंगा, तुम स्वयं बनाना'। आश्चर्य तब होता है जब बाल मुनि ने तुलसी के कठोर अनुशासन को विनम्रता से स्वीकार किया। बाल मुनि ने गुरु की दृष्टि को समझा और सृजन क्षेत्र में विकास करने लगे।
नए-नए प्रयोगों से मुनि मुदित का निर्माण :
इसी प्रकार बाल मुनि मुदित की क्षमताओं को पहचाना और उन्हें समय-समय पर सामने लाते गए। अपने पास शयन करवाना, ईर्यासमिति/पंचसमिति के लिए पानी लेकर अनुगामी बनकर चलना, तत्त्व-चर्चा आदि के प्रसंग में संतों की परिषद में मुनि मुदित से प्रश्न पूछना, किसी विषय पर विवेचन करवाना आदि कार्य करवाते थे।
उदयपुर मर्यादा महोत्सव के भव्य समारोह में आचार्य महाप्रज्ञजी के सचिव व सलाहकार के रूप में निर्दिष्ट कर सबको आश्चर्यचकित कर दिया। प्रथम 'योगक्षेम वर्ष' के अवसर पर दो नये पदों की सर्जना की, उसमें मुनि मुदित को 'महाश्रमण' पद पर प्रतिष्ठित कर दिया।
इतना ही नहीं, पूरी परिषद में घोषणा की— ‘आगे का कार्य महाप्रज्ञजी करेंगे'। समय-समय पर उन पर मेहर-नजर करते हुए उन्हें कहते— ‘ऊपर जाकर भी तुम्हारा ध्यान रखूंगा’!
आचार्य तुलसी की शिल्प-कला का ही परिणाम है कि आज आचार्यश्री महाश्रमणजी, गुरुदेव तुलसी के वचनों को साकार कर रहे हैं।
निष्कर्ष और कृतज्ञता :
शुभ भविष्य है सामने :
परम पूज्य गुरुदेव की निर्माण-कला को व्याख्यायित कर सकें, ऐसा हमारे शब्दों में सामर्थ्य नहीं है। कवि के शब्दों में :
सब धरती कागद करूं,
लेखन सब बन राय।
सात समंदर स्याहि करूं,
पर गुरु गुण लिखा न जाय॥