रचनाएं
आचार्य तुलसी : सुधारवादी धर्म समन्वयक और युगपुरुष
‘तुम बिना ताज पहने भी
लाखों दिलों के सरताज थे,
निर्बल की शक्ति और
मानवता की मुखर आवाज थे।’
महापुरुष समय के साथ कुछ विशिष्ट कार्य करते हैं। उसका साक्षात उदाहरण हमें आचार्यश्री तुलसी के जीवन में देखने को मिलता है। उनके त्याग, चरित्र व पवित्रता का आभामण्डल इतना तेजस्वी था कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जैसे निरपेक्ष व्यक्ति भी प्रभावित हुए बिना नहीं रहे।
A. बहुमुखी व्यक्तित्व और आचरण शुद्धि के प्रणेता :
आचार्य तुलसी बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अध्यात्म और जन कल्याण के क्षेत्र में अपने शिष्य समुदाय को जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने व्यक्ति के आचरण शुद्धि पर विशेष बल दिया। इसके लिए उन्होंने अपने शिष्यों को प्रशिक्षण देकर सुदूर क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए भेजा।
आचार्यश्री की असाधारण स्मृतियाँ और कार्य :
1. अल्पावस्था में आचार्यपद : 10 वर्ष की अल्पावस्था में दीक्षित होकर उन्होंने गुरु का पूर्ण विश्वास अर्जित किया, जिससे 22 वर्ष की युवावस्था में उन्हें चतुर्विध धर्मसंघ का आचार्य बनाया गया।
2. विशाल पाण्डित्य : उन्हें संस्कृत-प्राकृत भाषा के 22 हजार पद्य (श्लोक) कंठस्थ थे। उन्होंने जैन आगम (साहित्य) के सम्पादन का दुस्सह कार्य शिष्य मंडली के सहयोग से प्रारंभ किया जो अभी भी गतिमान है।
B. सुधारवादी, उदारवादी तथा धर्म समन्वयक रूप :
वे जैन शासन के महाप्रतापी आचार्य थे। उन्होंने अपनी पहचान सुधारवादी, उदारवादी तथा धर्म समन्वयक आचार्य के रूप में बनाई।
1. सर्वधर्म समभाव : वे स्वयं चलकर मस्जिदों, मठों, चर्चों, गुरुद्वारों, हिंदू मंदिरों तथा जैन उपाश्रयों एवं विभिन्न धर्मस्थानों में जाते रहते थे।
2. अणुव्रत का जन-अभियान : अणुव्रत आंदोलन के माध्यम से उन्होंने पूरे भारत में पदयात्रा की। उन्होंने नशा मुक्ति का इतना प्रचार-प्रसार किया कि हजारों-लाखों लोगों ने व्यसन के विष-दरिये से छुटकारा पाया।
3. राष्ट्रीय एवं वैश्विक सम्मान: राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने दुनिया के 14 महापुरुषों पर अंग्रेजी भाषा में 'लिविंग विद पर्पज' (Living with Purpose) नामक पुस्तक लिखी, जिनमें से एक आचार्यश्री तुलसी भी थे। उन्हें वैश्विक शांति प्रयासों के लिए 'इंदिरा गांधी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार' से भी विशेष सम्मानित किया गया।
C. 'नया मोड़' आंदोलन और विचारों का समन्वय : आचार्य तुलसी ने 'नया मोड़' आंदोलन के द्वारा समाज की अनेक कुरीतियों पर प्रहार किया। उन्होंने छोटे-छोटे नियम देकर जन-जीवन को प्रभावित किया और समाज को नई राह दिखाई।
युगबोध और संघ की रक्षा: तत्कालीन स्थितियों में जनता कुरीतियों में इतनी जकड़ी हुई थी कि कुछ नया सुनना व परिवर्तन करने की इच्छा मानो मृतप्रायः हो चुकी थी। ऐसे विकट समय में उन्होंने न केवल नया विचार जनता के गले उतारा, बल्कि तेरापंथ समाज को विखंडित होने से भी बचा लिया—समाज के दो टुकड़े नहीं होने दिए।
प्राचीन और नवीन का समन्वय: बैंगलोर में स्थानकवासी श्रमणसंघ के उपप्रवर्तक नरेश मुनिजी ने भी इस बात की पुष्टि की थी कि आचार्य तुलसी ने जो नए और पुराने विचारों के बीच समन्वय स्थापित किया, वह हर किसी के वश की बात नहीं थी। उनकी विशेषता थी कि चिंतन, निर्णय और क्रियान्विति का साकार रूप त्वरित गति से होता था।
D. शिक्षा, अनुशासन और सृजनशीलता के पर्याय :
आचार्य श्री तुलसी के मन में छोटे-छोटे बच्चों को पढ़ाने और संस्कारित करने का विशेष उत्साह रहता था, इसलिए उन्होंने 'ज्ञानशाला' का उपक्रम चलाया। दूर देश-विदेश में धर्म प्रचार के लिए समण श्रेणी का निर्माण किया।
शासन और अनुशासन : आचार्य तुलसी संघीय परिप्रेक्ष्य में अनुशासन को विशेष महत्व देते थे। उनका प्रसिद्ध घोष वाक्य था— 'निज पर शासन—फिर अनुशासन'। वे कहते थे कि ‘मैं मेरे शिष्यों को अपने से अधिक योग्य, गुणवान और प्रतिभावान देखना चाहता हूँ।’
अध्यात्म और विज्ञान का संगम: आचार्यश्री तुलसी शिष्यों में अध्यात्म और विज्ञान का समन्वय देखना चाहते थे, इसलिए 'योगक्षेम वर्ष' की न केवल परिकल्पना की बल्कि उसका साकार रूप भी दिखाया।
वैश्विक विस्तार: आचार्यश्री तुलसी ने तेरापंथ को सात समंदर पार पहुँचाकर जैनों का नेतृत्व करने वाला बना दिया।
निष्कर्ष ः
आज वर्तमान आचार्य श्री महाश्रमण जी और युवाचार्य श्री महावीर के रूप में उसी यशस्वी परंपरा का पुनरावर्तन हो रहा है। ऐसे प्रखर व्यक्तित्व के धनी का जीवन गुणों का भंडार था। उनके लिए कवि की यह पंक्ति बिल्कुल सटीक बैठती है—
‘तुम बिना ताज पहने भी
लाखों दिलों के सरताज थे,
निर्बल की शक्ति और
मानवता की मुखर आवाज थे।’