रचनाएं
एक और आचार्य तुलसी चाहिए...
शलाका पुरुष और नैतिक क्रांति :
आचार्य तुलसी मानवीय मूल्यों के प्रतिष्ठापकों में शलाका पुरुष थे। उन्होंने अपने आध्यात्मिक नेतृत्व, ऊर्जावान व्यक्तित्व और सृजनशील कर्तृत्व से युग को नई दिशा दी। सन् 1947 की आजादी के बाद उनके मन में एक चिंतन उभरा—जिसका सुपरिणाम केवल तकनीकी विकास नहीं, बल्कि नैतिक और चारित्रिक मूल्यों की प्रतिष्ठापना था।
A. जनजागरण और अणुव्रत का प्रादुर्भाव :
–आचार्यश्री ने सामाजिक एवं व्यावहारिक चेतना को अपनी अनुभव की आँखों से देखकर जनजीवन को संबोध प्रदान किया।
–उन्होंने सर्वजन हिताय के भावों से भावित कुछ मौलिक कसौटियाँ प्रस्तुत कीं, जिनकी पराकाष्ठा 'अणुव्रत आंदोलन' के रूप में प्रकट हुई।
–यह आंदोलन केवल नियमों और संकल्पों तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से व्यक्ति को प्रवृत्ति से निवृत्ति, भोग से त्याग और असंयम से संयम की ओर बढ़ने का संकल्प दिलाया गया।
B. वर्तमान जीवनशैली और नैतिक क्षरण :
वर्तमान जीवनशैली में भौतिकता, असहिष्णुता, मानसिक और भावनात्मक तनाव, खान-पान का अशुद्धीकरण, उच्छृंखलता और चरित्रहीनता का तांडव परिवार, समाज और जनजीवन में मुखर है। जीवन मूल्यों के इस क्षरण का परिणाम अनाचार, अन्याय, भेद-भाव, घृणा, द्वेष, शत्रुता, ईर्ष्या और कुंठा के रूप में सामने आ रहा है।
विज्ञान और आंतरिक चेतना:
–आज विज्ञान जगत ने मनुष्य को सुख-सुविधाओं और मनोरंजन के अनेकों साधनों के साथ कृत्रिम बुद्धि के प्रवाह को भी विकसित किया है, जो एक सीमा तक ही उपयोगी हैं।
–भविष्य की उज्जवलता के लिए अतीत का सिंहावलोकन और अनागत की सुखद कल्पना अनिवार्य है।
–अप्रामाणिकता, अनाचार, कुत्सित सोच और स्वार्थी मनोव्यवहार के आवरण से सामाजिक एवं राष्ट्रीय क्रांति संभव नहीं है।
C. पारिवारिक क्रांति और वर्तमान समय की माँग :
वर्तमान युग की मानसिकता में बदलाव के लिए सामुदायिक सघन प्रयास की आवश्यकता है। आचार्य तुलसी ने अणुव्रत आंदोलन के माध्यम से प्रवचन, व्यक्तिगत प्रेरणा, प्रशिक्षण और प्रयोग के द्वारा व्यक्ति-व्यक्ति के भीतर जागरण का शंखनाद किया था।
पारिवारिक विघटन और समाधान :
–आज से पूर्व सामाजिक क्रांति का स्वर अधिक मुखर था, पर आज पारिवारिक क्रांति की आवश्यकता ज्यादा महसूस की जा रही है।
–परिवारों में आने वाली विकृतियाँ, हिंसा, असंयम, आपसी संबंधों में बिखराव, अर्थलोलुपता, अपरिमित आकांक्षाएँ और असहिष्णुता का जो स्वरूप नजर आ रहा है, ऐसे में आज फिर से एक और आचार्य तुलसी की आवश्यकता है, ताकि मानव की मानवता का भविष्य सुरम्य बन सके।
D. उपसंहार : आचार्य तुलसी का प्रत्यक्ष प्रवास :
मानवीय मूल्यों को प्रतिष्ठित करने के लिए आचार्य तुलसी सा उल्लास चाहिए। मानव को मानवता का पाठ पढ़ाने के लिए आचार्य तुलसी सा विश्वास चाहिए। मन, भाव और युग परिवर्तन की आश हमारे मन में पनपती रहे, इसके लिए—
मानवीय मूल्यों को प्रतिष्ठित करने के लिए आचार्य तुलसी सा उल्लास चाहिए।
मानव को मानवता का पाठ पढ़ाने के लिए आचार्य तुलसी सा विश्वास चाहिए।
मन, भाव और युग परिवर्तन की आश हमारे मन में पनपती रहे –
इसके लिए एक बार फिर आचार्य तुलसी का प्रत्यक्ष प्रवास चाहिए॥