रचनाएं
अनुत्तर योगी, दिव्य प्रकाशी परम प्रयोगी...
1. परमार्थ गुणों से मंडित,
पंडित प्रभुवर जीवन गंगा धारा।
समता, क्षमता, पवित्रता
अद्भूत संगम था मनहारा।
जिनके ज्योतिर्मय जीवन से,
जन-जन में उजियाला छाया।।
इसलिए तुम हो प्रणम्य प्रणेता।
2. पारदर्शी परख निराली,
हे गण नायक, हे सत्यदर्शी।
अनुत्तर योगी, दिव्य प्रकाशी,
परम प्रयोगी, हे सूक्ष्मदर्शी।
कर्ता, धर्ता भाग्य विधाता,
मंगलकारक हे ब्रह्म ऋषि।।
इसलिए तुम हो प्रणम्य प्रचेता ।
3. राग-द्वेष से मुक्ति पाकर,
बने अमल-धवल अविकारी।
तत्वचिंतक आत्म गवेषी,
निश्चल साधक प्रज्ञा निराली।
आनंद के नील गगन में
अलौकिक आभा अतिशय धारी।।
इसलिए तुम हो प्रणम्य नेता ।
4. अन्तस्तल में अवगाहन कर,
अन्तर का दीप जलाया।
भास्कर आस्था वलय में,
अभय का आलय बनाया।
तुम्हारी चरण-शरण में आकर
सुख-शांति स्रोत बहाया।।
इसलिए तुम हो प्रणम्य नेता।